Athrav – Online News Portal
अपराध चंडीगढ़ पंचकूला हरियाणा

अंतरराष्ट्रीय नार्को-टेरर नेटवर्क मामले में हरियाणा एटीएस को बड़ी सफलता, दो और इनामी आरोपी गिरफ्तार-वीडियो देखें


अजीत सिन्हा की रिपोर्ट  
पंचकूला:हरियाणा एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (HATS) ने अंतरराष्ट्रीय नार्को-टेरर नेटवर्क से जुड़े पंचकूला क्लब फायरिंग मामले में एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए दो और इनामी आरोपितों  को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के नाम  बलविन्द्र सिंह उर्फ छनकु निवासी गांव लक्खा सिंह वाला हिठाड़ तथा सुखविन्द्र सिंह उर्फ सोनू निवासी ढाणी जला लखे के हिठाड़, जिला फाजिल्का, पंजाब है। दोनों आरोपित  लंबे समय से गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपनी पहचान और लोकेशन बदल रहे थे। बलविन्द्र सिंह पर 50 हजार रुपये तथा सुखविन्द्र सिंह पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इन दोनों की गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले में अब तक गिरफ्तार आरोपितों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है।

आज पुलिस मुख्यालय, पंचकूला में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पुलिस अधीक्षक एटीएस  कुलदीप सिंह ने इस महत्वपूर्ण कार्रवाई की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 13 सितंबर को पंचकूला के सेक्टर-11 स्थित अलिफ लैला क्लब में हुई फायरिंग की घटना की जांच के दौरान एक बड़े अंतरराष्ट्रीय नार्को-टेरर नेटवर्क का खुलासा हुआ था। मामले की गंभीरता और इसके अंतरराज्यीय एवं अंतरराष्ट्रीय संपर्कों को देखते हुए जांच एटीएस को सौंपी गई थी। एटीएस की टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों, खुफिया सूचनाओं और लगातार किए गए प्रयासों के आधार पर नेटवर्क की विभिन्न कड़ियों को जोड़ते हुए कार्रवाई की। इसी क्रम में अब दो और वांछित इनामी आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है।

-एसपी एटीएस ने बताया कि मामले में वांछित बलविन्द्र सिंह उर्फ छनकु और सुखविन्द्र सिंह उर्फ सोनू बेहद शातिर तरीके से पुलिस की गिरफ्तारी से बचने का प्रयास कर रहे थे। दोनों आरोपित  लगातार अपनी पहचान और लोकेशन बदल रहे थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए एटीएस की विभिन्न टीमों द्वारा पंजाब सहित संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी। पुलिस ने दोनों आरोपितों  की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए बलविन्द्र सिंह पर 50,000 रुपये तथा सुखविन्द्र सिंह पर 10,000 रुपये का इनाम घोषित करवाया था।

एसपी ने बताया कि उप पुलिस अधीक्षक कर्मबीर सिंह,निरीक्षक बलजीत सिंह, पीएसआई अंकित, सहायक उप निरीक्षक वीरेंद्र सिंह और मुख्य सिपाही कुलबीर सिंह के साथ एसओजी अंबाला की टीम ने विशेष रणनीति के तहत कार्रवाई की। टीम ने लगातार निगरानी और प्रयासों के बाद 14 नवंबर 2026 को दोनों इनामी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें पांच दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त हुआ है। रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि नेटवर्क में उनकी भूमिका, अन्य सहयोगियों, हथियारों एवं नशीले पदार्थों की सप्लाई के स्रोत और आपराधिक गतिविधियों के संचालन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाई जा सकें। पुलिस का प्रयास है कि इन आरोपियों से प्राप्त जानकारी के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों तक भी पहुंचा जा सके।उल्लेखनीय है कि 13 सितंबर 2026 की अलसुबह पंचकूला के सेक्टर-11 स्थित अलिफ लैला क्लब में फायरिंग की घटना हुई थी। इस घटना में एक युवती घायल हो गई थी। मामले में थाना सेक्टर-5, पंचकूला में मुकदमा नंबर 133 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कुछ युवक दो अलग-अलग गाड़ियों में क्लब पहुंचे थे। क्लब में विवाद के बाद एक आरोपित  ने पिस्तौल निकालकर फायरिंग कर दी, जिससे युवती घायल हो गई। पुलिस द्वारा मामले की जांच आगे बढ़ाने पर आरोपियों के आपराधिक संपर्कों, हथियारों की उपलब्धता और वित्तीय लेन-देन से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए। तकनीकी जांच में पता चला कि यह मामला केवल क्लब में हुई फायरिंग तक सीमित नहीं था, बल्कि इसके तार एक अंतरराष्ट्रीय नार्को-टेरर नेटवर्क से जुड़े हुए थे। इसके बाद मामले की जांच एटीएस को सौंपी गई।जांच के दौरान सामने आया कि नेटवर्क के कुछ हैंडलर विदेश, विशेषकर अमेरिका में बैठकर स्थानीय स्तर पर अपने संपर्कों के माध्यम से गतिविधियां संचालित कर रहे थे। प्रारंभिक जांच के अनुसार, नेटवर्क से जुड़े लोगों को रहने के लिए स्थान, वाहन और धनराशि उपलब्ध कराई जाती थी। इनके माध्यम से हथियारों, नशीले पदार्थों और ड्रग मनी को निर्धारित ठिकानों तक पहुंचाने का काम किया जाता था। जांच में यह भी सामने आया कि सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से भेजी जाने वाली नशीले पदार्थों और हथियारों की खेप को निर्धारित स्थानों तक पहुंचाने के लिए स्थानीय हैंडलरों का इस्तेमाल किया जाता था। इस पूरे नेटवर्क में अलग-अलग स्तर पर काम करने वाले व्यक्तियों की भूमिका की जांच की जा रही है। एटीएस यह भी पता लगा रही है कि आरोपितों  को किस माध्यम से धनराशि और संसाधन उपलब्ध करवाए जाते थे तथा इस नेटवर्क का संचालन किन लोगों के निर्देश पर किया जा रहा था।एसपी एटीएस ने बताया कि मामले की जांच के दौरान इससे पहले सात आरोपितों  को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें लखबीर सिंह उर्फ लक्की, गुरप्रीत सिंह, करनजीत सिंह, गुरप्रीत सिंह उर्फ काकू, शिवम उर्फ शिवा, सुरजीत सिंह और जज सिंह शामिल हैं। इन आरोपियों की गिरफ्तारी और निशानदेही पर पुलिस ने तीन गाड़ियां, जिनमें एक एक्सयूवी-500, एक स्कॉर्पियो और एक हुंडई आई-20 शामिल हैं, बरामद की हैं। इसके अतिरिक्त एक मोटरसाइकिल, दो अवैध पिस्टल, 11 जिंदा कारतूस, 529 ग्राम हेरोइन/चिट्टा और ड्रग मनी की गिनती में इस्तेमाल होने वाली तीन कैश काउंटिंग मशीन भी बरामद की गई हैं। इन बरामदगियों से मामले की जांच को महत्वपूर्ण दिशा मिली है और नेटवर्क की गतिविधियों के संबंध में कई अहम साक्ष्य सामने आए हैं।एसपी एटीएस ने बताया कि इस मामले में जांच का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। एटीएस की टीमें पूरे नेटवर्क की सप्लाई चेन, फाइनेंशियल ट्रेल, हथियारों एवं मादक पदार्थों के स्रोत और विदेशों में बैठे हैंडलरों के साथ आरोपितों  के संपर्कों की गहनता से जांच कर रही हैं। आरोपितों  के मोबाइल फोन तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण भी किया जा रहा है, ताकि नेटवर्क के अन्य सदस्यों और उनकी भूमिका का पता लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि दोनों नए गिरफ्तार आरोपितों  से पांच दिन के पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में मिलने वाली जानकारियां इस नेटवर्क की अन्य कड़ियों को उजागर करने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती हैं। मामले में आगे भी अन्य गिरफ्तारियां और बरामदगी होने की संभावना है।

Related posts

डीजीपी शत्रुजीत कपूर ने नूंह में जल अभिषेक यात्रा से पहले सीमावर्ती राज्यों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की

Ajit Sinha

इंस्टीट्यूट में पढ़ने वाली 17 छात्राओं ने स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती उर्फ पार्थसारथी पर छेड़छाड़ और यौन शोषण का कराया केस दर्ज।

Ajit Sinha

कार लूट का खुलासा, बीटेक छात्र समेत पांच को अरेस्ट किया, बिजनेस डूब गए पैसे की भरपाई के लिए गैंग बनाकर कर रहे थे लूटपाट

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x