अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
चंडीगढ़: फरीदाबाद में आयोजित किए जा रहे सूरजकुंड मेला में शनिवार सायं लगभग 6:00 बजे एक झूला अचानक तकनीकी खराबी के कारण टूटकर गिर गया, जिससे कई लोग घायल हो गए। घटना के समय ड्यूटी पर तैनात निरीक्षक जगदीश ने तत्परता और साहस का परिचय देते हुए तत्काल बचाव कार्य प्रारंभ किया। लोगों को सुरक्षित निकालने के प्रयास के दौरान वे गंभीर रूप से घायल हो गए और उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। डीजीपी अजय सिंघल ने इस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और दिवंगत इंस्पेक्टर जगदीश की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है| सिंघल ने कहा कि इंस्पेक्टर जगदीश के परिजनों को पॉलिसी के तहत 1 करोड़ रूपए की राशि तथा विभाग द्वारा दिए जाने वाले अन्य लाभ प्रदान किए जाएंगे और कहा कि हरियाणा पुलिस की तरफ से परिजनों की हर संभव मदद की जाएगी|
कर्तव्यनिष्ठा और साहस का प्रतीक बने निरीक्षक जगदीश को डीजीपी की भावपूर्ण श्रद्धांजलि
हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि सूरजकुंड मेले में ड्यूटी के दौरान निरीक्षक जगदीश ने असाधारण साहस, कर्तव्यनिष्ठा और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि अत्यंत चुनौतीपूर्ण और जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में भी उन्होंने अपने कर्तव्यों से पीछे हटने के बजाय लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनकी तत्परता और बहादुरी के कारण कई लोगों की जान बचाई जा सकी, जो पुलिस सेवा की सर्वोच्च परंपराओं का जीवंत उदाहरण है।

डीजीपी ने कहा कि निरीक्षक जगदीश का योगदान और समर्पण सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा तथा उनका निधन पुलिस विभाग के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि विभाग परिवार के साथ इस कठिन समय में पूरी मजबूती से खड़ा है और हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। साथ ही, उन्होंने सभी घायलों के शीघ्र एवं पूर्ण स्वस्थ होने की कामना की तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनके उपचार में किसी प्रकार की कमी न रहने दी जाए।
मथुरा के रहने वाले थे स्वर्गीय जगदीश
दिवंगत निरीक्षक जगदीश जिला मथुरा (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले थे। उनका जन्म 05 मार्च 1968 को हुआ था। वे 31 जनवरी 2026 को पुलिस लाइन पलवल से सूरजकुंड मेला ड्यूटी हेतु नियुक्त किए गए थे। अपने कर्तव्यों के प्रति उनकी निष्ठा, अनुशासन और कर्तव्यपरायणता के लिए वे विभाग में जाने जाते थे।
ये हुए दुर्घटनाग्रस्त, सभी उपचाराधीन
दुर्घटना में नीलय (सहायक उपनिरीक्षक), पत्नी विजयपाल निवासी बादशाहपुर; सुनील पुत्र रविन्द्र निवासी आरोहा, जिला महेंद्रगढ़, हर्ष प्रकाश पुत्र रामप्रकाश निवासी एफ-176, पॉकेट-1, ग्रेटर नोएडा, प्रशांत पुत्र शंकर लाल निवासी दूबेपुर, जिला धौलपुर (राजस्थान); अनिशा पुत्री जितेन्द्र निवासी मकान नं. 20, पार्ट-2, फरीदाबाद; शिवानी पुत्री रमेश निवासी विरोना टावर, सेक्टर-78 नोएडा; तथा परविंदर (अन्य विवरण प्रतीक्षित) घायल हुए हैं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और उनका उपचार जारी है।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

