Athrav – Online News Portal
गुडगाँव हरियाणा

समाज को दिशा देने में संत महात्माओं की महत्वपूर्ण भूमिका-सीएम।

अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
गुरूग्राम: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आज कहा कि संत महात्मा समाज को दिशा देते हैं। उन्होंने युवाओं की तुलना वायु से करते हुए कहा कि जिस प्रकार वायु की कोई दिशा नहीं होती, जिधर दबाव होता है उसी तरफ वायु चली जाती है, उसी प्रकार युवाओं को भी सही दिशा देना जरूरी है, जिसमें संत महात्माओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा युवाओं को संस्कारित करना जरूरी है।मुख्यमंत्री आज गुरुग्राम के सेक्टर-47 में नवनिर्मित रामकृष्ण मिशन विवेकानंद इंस्टीट्यूट ऑफ वैल्यूज के प्रदेश के पहले केंद्र में ऑडिटोरियम का उद्घाटन करने उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम में रामकृष्ण मिशन की ओर से मुख्यमंत्री को शॉल व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। मिशन की ओर से मुख्यमंत्री के हाथों गुरुग्राम का केंद्र बनाने में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करवाया गया।इस मौके पर अपने विचार रखते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि स्वामी विवेकानंद युवाओं के आदर्श हैं।

वर्तमान परिवेश की यह आवश्यकता है कि युवकों को उनके विचारों से प्रेरित किया जाए। स्वामी विवेकानंद के चित्र के सामने जाते ही युवाओं में जोश भर जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी के समय संस्कारयुक्त शिक्षा का जो पौधा लगाया गया था, आज वह वट वृक्ष का रूप लेकर न केवल देश में अपितु पूरे संसार में उनके विचारों का प्रचार प्रसार कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज देश में दूसरे ‘नरेंद्र‘ (मोदी) भी इस विचार के हैं-‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’। स्वामी विवेकानंद का भी बचपन का नाम नरेंद्र था। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच है कि देशवासियों में आपस में सांस्कृतिक विचारों का आदान प्रदान हो और सभी एकजुट रहें। उन्होंने कहा कि देश को अखण्ड रखना भी संत महात्माओं की परंपरा से आया है। आदी शंकराचार्य ने सारे देश का भ्रमण कर देश को एक सूत्र में बांधा था। 

उन्होंने कहा कि समाज को अहिंसा, दया, मानवता, सदाचार, सेवा आदि के भाव संत महात्मा देते हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान राज्य सरकार संत महात्माओं को सम्मान दे रही है, उनके विचारों का प्रसार करने के लिए उनकी जयंती मनाई जा रही हैं और कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा की धरती संत महात्माओं की धरती है। यहां से भगवान श्रीकृष्ण ने पूरी मानवता को गीता का दिव्य संदेश दिया था। उन्होंने बताया कि गीता के संदेश को प्रसारित करने के लिए कुरुक्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव मनाया जाता है। गीता के संदेश का प्रसार पूरी दुनिया में करने के लिए मॉरीशस, कनाडा, यूके में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के कार्यक्रम आयोजित करवाए गए और अब ऑस्ट्रेलिया में इंडियन डायस्पोरा से भी वहां पर गीता जयंती के कार्यक्रम आयोजित करने की मांग आ रही है।उन्होंने कहा कि भारत युवाओं का देश है जहां आबादी का दो तिहाई हिस्सा औसत 35 वर्ष की आयु के करीब है।  आज वैश्विक पटल पर विभिन्न देशों में हुए परिवर्तन के बाद वहां की आबादी में बड़ी आयु के लोगों की संख्या अधिक है, जिसकी वजह से वहां संकट खड़ा हो गया है। कुछ देशों में यह संकट खड़ा हो भी चुका है। ऐसे के हमारे देश के शिक्षा व संस्कार युक्त युवाओं की काफी देशों में डिमांड है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मनुष्य के रूप में मानव भी एक संसाधन ही है। हमारे देश में संस्कारित करने का कार्य पहले किया जाता है व बाद में उसे कौशल शिक्षा प्रदान की जाती है। अगर इन दोनों गुणों का मिश्रण सही हो तो वह व्यक्ति दुनिया के किसी भी कोने में चला जाए वहां अपने कार्यों व विचारों से एक अच्छी छाप ही छोड़ेगा। मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद जी के शिकागो में दिए गए उद्बोधन का जिक्र करते हुए कहा कि यह उनके संस्कार व शिक्षा ही थी जो उस समय की सभा में उनके पहले वाक्य ‘माई डियर ब्रदर एंड सिस्टर्स ऑफ अमेरिका’ पर काफी देर तक सभा में उपस्थित लोगों ने खड़े होकर उनके सम्मान में तालियां बजाई थी।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार भौतिक विकास जैसे कि रेल, सड़क, भवन, स्कूल व अस्पताल के निर्माण का रचनात्मक कार्य करती हैं लेकिन संत महात्मा मनुष्य का निर्माण करते हैं जो निश्चित रूप से संस्कार व शिक्षा के साथ देश को आगे बढ़ाते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें खुशी है की आज इस संस्था के देश में देश देश में 200 केंद्र है आज हरियाणा में यह पहला केंद्र गुरुग्राम में शुरू हुआ है।आयोजकों की तरफ से गुरुग्राम के सेक्टर-47 में स्वामी रामकृष्ण मिशन को केंद्र निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध करवाने पर स्वामी शांति आत्मानंद ने मुख्यमंत्री का आभार जताया। इस अवसर पर मिशन के उपाध्यक्ष स्वामी गौत्मानंद, सचिव स्वामी शांति आत्मानंद, स्वामी सुविरानंद, स्वामी निखलेश्वरानंद, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव अजय गौड, भाजपा नेता एवं हरियाणा आवास बोर्ड के पूर्व चेयरमैन जवाहर यादव, डीसीपी ईस्ट विरेंद्र विज, बादशाहपुर के एसडीएम सतीश यादव, कैनविन फाउंडेशन के नवीन गोयल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Related posts

वर्ष 2025 में विजिलेंस ब्यूरो की 147 ट्रैप कार्रवाई, 186 गिरफ्तारियां, मौके से ₹1.03 करोड़ से अधिक राशि की बरामदगी

Ajit Sinha

गुरुग्राम जिले के लिए वर्ष 2025-26 के कलेक्टर रेट प्रस्तावित, 31 जुलाई की दोपहर एक बजे तक आमजन दे सकते हैं सुझाव या आपत्ति

Ajit Sinha

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर एडीजीपी सीआइडी अनिल राव ने कहा विदेशियों पर नजर रखे फरीदाबाद पुलिस

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x