Athrav – Online News Portal
अपराध चंडीगढ़ फरीदाबाद हरियाणा

एचटैट-2026: निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुरक्षित परीक्षा के लिए हरियाणा पुलिस की व्यापक तैयारियां पूरी -डीजीपी अजय सिंघल


अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
चंडीगढ़:हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET)-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए हरियाणा पुलिस ने व्यापक सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था संबंधी तैयारियां पूरी कर ली हैं। पुलिस महानिदेशक हरियाणा अजय सिंघल के निर्देशानुसार 4 एवं 5 जुलाई को आयोजित होने वाली इस परीक्षा के दौरान राज्यभर के सभी परीक्षा केंद्रों पर बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी। पुलिस मुख्यालय द्वारा सभी पुलिस आयुक्तों एवं जिला पुलिस अधीक्षकों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि प्रत्येक अभ्यर्थी को सुरक्षित एवं निष्पक्ष वातावरण में परीक्षा देने का अवसर मिल सके तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता, नकल अथवा कानून-व्यवस्था संबंधी स्थिति उत्पन्न न होने पाए। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक हरियाणा  अजय सिंघल ने कहा कि हरियाणा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता एचटैट -2026 परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है। इसके लिए राज्यभर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। उन्होंने कहा कि सभी पुलिस आयुक्तों एवं जिला पुलिस अधीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर कोई कमी न रहे तथा नकल, अफवाह फैलाने, परीक्षा में व्यवधान उत्पन्न करने अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध तुरंत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।  सिंघल ने कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पुलिस, जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया गया है। सोशल मीडिया की निरंतर निगरानी, खुफिया तंत्र की सक्रियता, दोहरी फ्रिस्किंग, सीसीटीवी निगरानी तथा क्विक रिस्पॉन्स टीमों की तैनाती के माध्यम से परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। परीक्षा केंद्रों के साथ-साथ प्रश्न पत्रों के भंडारण स्थलों (ट्रेजरी) तथा प्रश्न पत्रों के सुरक्षित परिवहन के दौरान भी विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी। परीक्षा केंद्रों के आसपास भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा-163 के प्रावधानों का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। परीक्षा केंद्रों को सेक्टरों में विभाजित कर नियमित पुलिस गश्त एवं PCR के माध्यम से निरंतर निगरानी रखी जाएगी। पुलिस मुख्यालय ने निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक जिले में राजपत्रित अधिकारियों को परीक्षा सुरक्षा व्यवस्था का प्रभारी नियुक्त किया गया है। परीक्षा ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को ड्यूटी से पूर्व राजपत्रित अधिकारी द्वारा विस्तृत ब्रीफिंग दी जाएगी। इसके अतिरिक्त वरिष्ठ अधिकारी परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे।परीक्षा के दौरान नकल माफिया एवं अन्य असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए जिला पुलिस की खुफिया इकाइयों को सक्रिय किया गया है। परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित कोचिंग सेंटरों, होटल, लॉज, धर्मशालाओं, साइबर कैफे तथा अन्य संदिग्ध स्थानों की जांच की जाएगी। परीक्षा प्रक्रिया में व्यवधान उत्पन्न करने अथवा कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।सभी परीक्षा केंद्रों पर दो-स्तरीय फ्रिस्किंग व्यवस्था लागू रहेगी। प्रथम स्तर पर पुलिस एवं होमगार्ड द्वारा तथा दूसरे स्तर पर निजी सुरक्षा कर्मियों द्वारा अभ्यर्थियों की जांच की जाएगी। किसी भी अभ्यर्थी को मोबाइल फोन,ब्लूटूथ डिवाइस,स्मार्टवॉच, टैबलेट, पेजर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, पुस्तकें, नोट्स, खुले कागज, पर्स, बेल्ट, पानी की बोतल अथवा अन्य प्रतिबंधित सामग्री परीक्षा केंद्र के भीतर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।सभी परीक्षा केंद्रों के परीक्षा कक्षों, हॉल एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अतिरिक्त प्रत्येक परीक्षा केंद्र का निरीक्षण राजपत्रित अधिकारी द्वारा किया जाएगा ताकि भवन, दीवारों अथवा अन्य संरचनाओं में किसी प्रकार की सुरक्षा संबंधी कमजोरी या क्षति न रहे, जिससे परीक्षा की निष्पक्षता प्रभावित हो। परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। किसी भी प्रकार की अफवाह, फर्जी सूचना, भ्रामक संदेश अथवा प्रश्न पत्र लीक जैसी भ्रामक सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग एवं परीक्षा केंद्र अधीक्षकों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखा जाएगा, ताकि किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।परीक्षा केंद्रों के बाहर यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था एवं कतार प्रबंधन के लिए विशेष पुलिस प्रबंध किए गए हैं। पुलिस एवं होमगार्ड कर्मी परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वारों पर तैनात रहेंगे ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। आवश्यकता पड़ने पर डायल-112 (ERSS) के माध्यम से आपात परिस्थितियों में अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने में भी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। रेलवे पुलिस को भी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।प्रत्येक जिले में इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में पर्याप्त संख्या में क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) गठित की गई हैं। ये टीमें परीक्षा केंद्रों के आसपास रणनीतिक रूप से तैनात रहेंगी तथा भीड़ नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, सुरक्षा संबंधी घटनाओं, यातायात अवरोध, चिकित्सा आपातकाल अथवा किसी भी अप्रत्याशित स्थिति में तत्काल कार्रवाई करेंगी। सिंघल ने अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें, परीक्षा नियमों का पूर्ण पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस अथवा डायल-112 पर दें।

Related posts

ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में चंद रुपयों के लिए मासूम का सौदा, अस्पताल की मालकिन समेत तीन गिरफ्तार

Ajit Sinha

डीसीपी (हेड कवाटर )निकिता गहलौत ने आज 38 पुलिस कर्मियों के तबादले किए हैं.ज्यादा महिला पुलिस कर्मी शामिल हैं।

Ajit Sinha

फरीदाबाद: हीट वेव को देखते हुए 31 मई तक पहली से आठवीं क्लास तक के बच्चों की छुट्टियां घोषित।

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x