Athrav – Online News Portal
अपराध चंडीगढ़ पंचकूला हरियाणा

हरियाणा की पहली टूरिस्ट पुलिस पोस्ट का शुभारंभ, सीएम नायब ने किया उद्घाटन, 20 जवान तैनात, 100+ CCTV कैमरों से निगरानी


अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
पंचकूला: हरियाणा पुलिस ने धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज पंचकूला स्थित श्री माता मनसा देवी मंदिर परिसर में हरियाणा की पहली टूरिस्ट पुलिस पोस्ट का उद्घाटन किया। आधुनिक निगरानी प्रणाली, विशेष रूप से प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों और श्रद्धालु-केंद्रित सुविधाओं से सुसज्जित यह पोस्ट धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक अनुभव प्रदान करने में अहम भूमिका निभाएगी।

इस अवसर पर हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल तथा पंचकूला के पुलिस कमिश्नर पंकज नैन, आईपीएस ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। टूरिस्ट पुलिस पोस्ट का उद्देश्य विभिन्न राज्यों और भाषाई पृष्ठ भूमियों से आने वाले श्रद्धालुओं को मंदिर परिसर में ही सुरक्षा, मार्गदर्शन,शिकायत निवारण और आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाना है, ताकि उन्हें छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों या पुलिस थानों के चक्कर न लगाने पड़ें। उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पुलिस अधिकारियों से टूरिस्ट पुलिस पोस्ट की कार्यप्रणाली, उपलब्ध सुविधाओं और सुरक्षा प्रबंधों के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि माता मनसा देवी मंदिर में देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी भाषा, आवश्यकताओं और परिस्थितियों को समझते हुए उन्हें त्वरित सहायता उपलब्ध करवाना अत्यंत महत्वपूर्ण है। टूरिस्ट पुलिस पोस्ट इस दिशा में प्रभावी माध्यम बनेगी और श्रद्धालुओं को मंदिर परिसर में अधिक सुरक्षित, सहज एवं बेहतर अनुभव प्रदान करेगी।टूरिस्ट पुलिस पोस्ट पर 20 विशेष रूप से प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों की चौबीसों घंटे तैनाती की गई है। इन जवानों को सामान्य पुलिस वर्दी से अलग विशिष्ट टूरिस्ट पुलिस वर्दी प्रदान की गई है, जिससे श्रद्धालु जरूरत पड़ने पर उन्हें आसानी से पहचान सकेंगे। जवानों को विनम्र व्यवहार, प्रभावी संवाद, सॉफ्ट स्किल और विभिन्न राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं की जरूरतों को समझने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। इसका उद्देश्य पुलिस और श्रद्धालुओं के बीच विश्वास को मजबूत करना तथा किसी भी परेशानी की स्थिति में उन्हें सहजता से सहायता उपलब्ध करवाना है।टूरिस्ट पुलिस पोस्ट को एकीकृत सहायता एवं सूचना केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। यहां श्रद्धालुओं को सामान्य दर्शन की कतार, वीआईपी दर्शन व्यवस्था, जूता घर, प्रसाद, लंगर और मंदिर परिसर से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी।इसके अतिरिक्त बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, ऑटो एवं ई-रिक्शा स्टैंड और पार्किंग स्थलों के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया जाएगा। पंचकूला आने वाले श्रद्धालुओं को कालका स्थित श्री काली माता मंदिर और श्री चंडी माता मंदिर सहित अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों की जानकारी तथा वहां पहुंचने के मार्ग के बारे में भी बताया जाएगा। इससे धार्मिक यात्रियों को आवश्यक सूचनाएं और सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को और सुदृढ़ बनाने के लिए मंदिर परिसर में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग टूरिस्ट पुलिस पोस्ट में स्थापित नियंत्रण कक्ष से की जाएगी। सक्रिय अपराधियों और संदिग्ध व्यक्तियों से संबंधित उपलब्ध जानकारी के आधार पर निगरानी को प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि जेबकतरी, चेन स्नैचिंग और अन्य आपराधिक गति विधियों पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।इसके साथ ही लाउडस्पीकर के माध्यम से आवश्यक घोषणाएं कर श्रद्धालुओं को जागरूक किया जाएगा। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति में पुलिसकर्मी तत्काल समन्वय स्थापित कर आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाएंगे।टूरिस्ट पुलिस पोस्ट की सबसे महत्वपूर्ण विशेषताओं में से एक शिकायत दर्ज करवाने की सुविधा है। पहले गुमशुदगी, सामान खोने अथवा अन्य संबंधित शिकायतों के लिए श्रद्धालुओं को लगभग दो किलोमीटर दूर स्थित माता मनसा देवी थाने जाना पड़ता था। अब मंदिर परिसर में ही स्थापित इस पोस्ट पर एफआईआर और रोजनामचा संबंधी सुविधा उपलब्ध करवाई गई है, जिससे श्रद्धालुओं को समय पर पुलिस सहायता मिल सकेगी और शिकायतों के निवारण की प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक बनेगी।मंदिर परिसर में किसी भी चिकित्सा आपात स्थिति, भगदड़ जैसी परिस्थिति अथवा वीआईपी मूवमेंट के दौरान टूरिस्ट पुलिस के जवान मंदिर बोर्ड,स्वास्थ्य विभाग,अग्निशमन विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित करेंगे। इससे आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि प्रदेश की पहली टूरिस्ट पुलिस पोस्ट की स्थापना श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और बेहतर पुलिसिंग के प्रति हरियाणा पुलिस की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्हें विश्वास है कि विशेष रूप से प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों, आधुनिक निगरानी व्यवस्था और प्रभावी संवाद के माध्यम से माता मनसा देवी मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा पहले से अधिक सुरक्षित, सुगम और यादगार बनेगी| उन्होंने कहा कि इस पहल से श्रद्धालुओं को एक ही स्थान पर मार्गदर्शन, शिकायत निवारण और आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी। साथ ही, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में भी यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
– ये रहे उपस्थित
उद्घाटन समारोह में जिला उपायुक्त सतपाल शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त एवं माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी  विवेक आर्या, पुलिस आयुक्त पंकज नैन, डीसीपी पंचकूला श्रीमती अदिति सिंह, आईपीएस, डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह, आईपीएस, मेयर शाम लाल बंसल, हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग की चेयरपर्सन श्रीमती बंतो कटारिया, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, श्री माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड की सचिव श्रीमती शारदा प्रजापति, मीडिया संपर्क प्रमुख श्री प्रवीण अत्रे सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Related posts

जागरण की रात हुई हत्या का बदला लेने के लिए जागरण के दौरान ताबड़तोड़ पथराव और फायरिंग की गई थी- 6 पकडे गए।

Ajit Sinha

फरीदाबाद : 30 दिसंबर होने वाली शंखनाद रैली में मुख्यमंत्री मनोहर लाल करेंगें शिरकत, यह रैली नहीं रैला होगा, उद्योगमंत्री विपुल।

Ajit Sinha

फरीदाबाद: ग्रीन फील्ड में हुई गर्भवती महिला की हत्या के मामले में सनसनीखेज खुलासा, पत्नी की चरित्र पर शक था- पति गिरफ्तार।

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x