Athrav – Online News Portal
चंडीगढ़ हरियाणा

हरियाणा ने रचा इतिहास, स्वच्छ एवं हरित परिवहन की दिशा में देश का बड़ा कदम : कृष्ण लाल पंवार

अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
सोनीपत: देश की पहली हाइड्रोजन ईंधन से संचालित ट्रेन के सोनीपत रेलवे स्टेशन पहुंचने पर विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार के नेतृत्व में सोनीपतवासियों ने ऐतिहासिक एवं भव्य स्वागत किया। सोनीपत रेलवे स्टेशन पर सभी ने तालियां बजाकर,भारत माता के जयघोष के साथ इस ऐतिहासिक उपलब्धि का स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि आज का दिन हरियाणा ही नहीं,बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का दिन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ईंधन से संचालित ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर भारत को हरित परिवहन के नए युग में प्रवेश कराया है। उन्होंने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व के कारण हरियाणा को यह गौरव प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि हाइड्रोजन ट्रेन अत्याधुनिक फ्यूल सेल तकनीक पर आधारित है। इसमें हाइड्रोजन और ऑक्सीजन की रासायनिक प्रक्रिया से विद्युत ऊर्जा उत्पन्न होती है, जिससे ट्रेन संचालित होती है। इस प्रक्रिया में किसी प्रकार का प्रदूषण नहीं होता और केवल जलवाष्प उत्सर्जित होती है। यह तकनीक पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में भारत की बड़ी उपलब्धि है। पंवार ने कहा कि यह ट्रेन जींद से सोनीपत के बीच लगभग 90 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और आने वाले समय में स्वच्छ, सुरक्षित एवं आधुनिक सार्वजनिक परिवहन का नया विकल्प बनेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से नई तकनीकों को अपनाते हुए विश्व के विकसित देशों की श्रेणी में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार केवल आधुनिक परिवहन तक ही सीमित नहीं है, बल्कि आम नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं भी लागू कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। वहीं हरियाणा सरकार द्वारा हैप्पी कार्ड योजना के तहत पात्र नागरिकों को परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे कम आय वाले परिवारों को प्रदेशभर में निर्धारित सीमा तक निःशुल्क यात्रा का लाभ मिल रहा है। वरिष्ठ नागरिकों, विद्यार्थियों तथा अन्य पात्र वर्गों के लिए भी परिवहन संबंधी विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।उन्होंने कहा कि वर्ष 1853 में भारत की पहली रेल मुंबई के बोरीबंदर से ठाणे के बीच चली थी और आज वर्ष 2026 में देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन हरियाणा की धरती से संचालित होकर एक नया इतिहास रच रही है। यह उपलब्धि भारत की वैज्ञानिक क्षमता, तकनीकी विकास और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को नई मजबूती प्रदान करेगी।अंत में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी तथा इस ऐतिहासिक परियोजना से जुड़े सभी वैज्ञानिकों, इंजीनियरों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और भारत को स्वच्छ ऊर्जा आधारित परिवहन व्यवस्था की दिशा में नई पहचान दिलाएगी।इस अवसर पर सोनीपत के विधायक निखिल मदान ने कहा कि देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ भारत के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है और यह प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विश्व के चुनिंदा देशों की श्रेणी में भारत का शामिल होना प्रत्येक देशवासी के लिए गर्व की बात है। हाइड्रोजन ईंधन से संचालित यह अत्याधुनिक एवं पर्यावरण अनुकूल ट्रेन स्वच्छ ऊर्जा, कम प्रदूषण और आधुनिक परिवहन व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि जींद से सोनीपत के बीच संचालित होने वाली यह ट्रेन आमजन को सुरक्षित, किफायती और बेहतर यात्रा सुविधा उपलब्ध कराएगी तथा विकसित भारत के संकल्प को नई मजबूती प्रदान करेगी। विधायक ने उपस्थित नागरिकों से प्रधानमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुनने और विकसित एवं स्वच्छ भारत के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।इस अवसर पर गन्नौर के विधायक देवेंद्र कादियान ने कहा कि देश की पहली हाइड्रोजन ईंधन संचालित ट्रेन की शुरुआत केवल हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच और नेतृत्व में भारत आधुनिक, आत्मनिर्भर एवं स्वच्छ ऊर्जा आधारित परिवहन व्यवस्था की ओर तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज वैश्विक परिस्थितियों और ऊर्जा संसाधनों की चुनौतियों को देखते हुए हाइड्रोजन आधारित तकनीक भविष्य की आवश्यकता है। विधायक ने कहा कि इस परियोजना से भारत ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक और मजबूत कदम बढ़ा रहा है, जिससे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में विधायक कृष्णा गहलावत ने कहा कि देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ हरियाणा और विशेष रूप से सोनीपत क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत स्वच्छ ऊर्जा, आधुनिक तकनीक और विकसित परिवहन की दिशा में यह परियोजना पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर और टिकाऊ परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करेगी इस अवसर पर सोनीपत के मेयर राजीव जैन ने कहा कि देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का सोनीपत से जुड़ना पूरे जिले के लिए गौरव और ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आधुनिक, पर्यावरण अनुकूल और तकनीक आधारित परिवहन व्यवस्था की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। हाइड्रोजन ट्रेन स्वच्छ ऊर्जा, ग्रीन मोबिलिटी और विकसित भारत के संकल्प को नई गति देगी। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों को इस ऐतिहासिक उपलब्धि की बधाई देते हुए कहा कि ये सोनीपत के लिए गर्व का क्षण है।इस अवसर पर विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने 210 पात्र लाभार्थियों को हैप्पी कार्ड प्रदान किए, जिससे उन्हें हरियाणा रोडवेज की बसों में सरकार द्वारा निर्धारित निःशुल्क यात्रा सुविधा का लाभ मिलेगा। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चयनित लाभार्थियों को उनके नए आवासों की प्रतीकात्मक चाबियां भी सौंपी गईं। इस अवसर पर जिला परिषद चेयरपर्सन मोनिका दहिया, भाजपा जिलाध्यक्ष सोनीपत अशोक भारद्वाज, भाजपा जिलाध्यक्ष गोहाना बिजेंद्र मलिक, भाजपा वरिष्ठ नेता देवेंद्र कौशिक, माई राम कौशिक, पुलिस आयुक्त ममता सिंह, उपायुक्त नेहा सिंह, एडीसी अजय चोपड़ा, महामंत्री नीरज ठरु, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी दिनेश अत्री, मनिंदर सन्नी, नीरज आत्रेय सहित पार्षदगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी, विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related posts

जुआ और सट्टेबाजी पर अंकुश लगाने के लिए हरियाणा सार्वजनिक द्यूत रोकथाम विधेयक 2025 सर्वसम्मति से पारित, लगाम

Ajit Sinha

फरीदाबाद: मुख्यमंत्री मनोहर लाल कल बुधवार को भाजपा कार्यालय का उद्घाटन करेंगे।

Ajit Sinha

भिवानी-महेंद्रगढ़ से जेजेपी-आप प्रत्याशी स्वाति यादव ने भरा नामांकन

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x