
अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में दिल्ली की विभिन्न मार्केट्स से जुड़े थोक व्यापारियों के साथ सीधा संवाद किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में विश्व स्तरीय मार्किट स्थापित की जाएगी, जिसमें बेहतर से बेहतर इन्फ्रास्ट्रक्चर की सुविधाएं मुहैया करवाई जाएगी। उन्होंने व्यापारियों को अधिक से अधिक संख्या में हरियाणा में निवेश करने के लिए आह्वान किया। इस दौरान इलेक्ट्रॉनिक्स, मार्बल, ड्राई फ्रूट, लोहा मंडी समेत दिल्ली की कुल 26 व्यापारिक एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से सीधा संवाद किया और अपने सुझाव दिए। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज ऐसे महानुभावों के बीच आने का उन्हें सौभाग्य मिला है जो देश की आर्थिक व्यवस्था की धड़कन को निरंतर गति देने का काम करते हैं। चाहे किसान हो या उद्योगपति, उत्पादन को देश के कोने-कोने तक पहुंचाने का काम व्यापारी वर्ग करता है। इसके लिए उन्होंने सभी व्यापारियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि दिल्ली की मार्केट्स में भीड़भाड़ और जगह की समस्या को समझते हुए हरियाणा के दिल्ली के आसपास के इलाके में बड़ी व्यापारिक मार्किट व पूरा औद्योगिक इकोसिस्टम बनाने का फैसला लिया है ताकि व्यापारियों को खुला और सुविधायुक्त वातावरण मिल सके। उन्होंने बताया कि अमृतसर की ड्राई फ्रूट मार्केट के व्यापारियों ने भी लगभग 280 प्लॉट लिए हैं और अब बड़ी ड्राई फ्रूट मंडी हरियाणा में स्थापित होगी। इसी तरह लुधियाना के व्यापारियों ने भी लगभग 180 प्लॉट लिए हैं। यह मार्केट विश्व स्तर की अलग पहचान वाली होगी, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के सपने को साकार करने में अहम कड़ी का काम करेगी। आने वाले 50 वर्षों को ध्यान में रखते हुए इतनी चौड़ी सड़कों और सुविधाओं के साथ इस मार्केट को विकसित किया जाएगा कि आवागमन में कोई दिक्कत न आए। यह एक ग्रीन और पॉल्यूशन मुक्त मार्केट होगी, जहां परिवार भी घूमने के लिए आ सकेंगे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि लगभग 5,000 एकड़ क्षेत्र में एक “नमो सिटी” विकसित करने का प्रस्ताव है, जिसमें व्यापारियों और आम लोगों के लिए अलग प्रकार की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि हमारे व्यापारी और उद्यमी केवल व्यापार ही नहीं करते, बल्कि सेवा का काम, रोजगार सृजन और विश्वास बहाली का सबसे बड़ा काम भी करते हैं। उन्होंने कहा कि एक-एक व्यापारी कई बार सैकड़ों लोगों को रोजगार देता है – ये जॉब सीकर नहीं बल्कि जॉब क्रिएटर हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़े निवेशकों के लिए कस्टमाइज्ड इंसेंटिव पैकेज, रोजगार आधारित प्रोत्साहन, सिंगल विंडो क्लीयरेंस और टाइम बाउंड अप्रूवल जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। सरकार का प्रयास है कि कोई भी निवेशक हरियाणा आए तो उसे लगे कि सरकार स्वयं उसके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि राई के नजदीक मारुति का बड़ा प्लांट तैयार हो गया है, जहां सालाना करीब 10 लाख गाड़ियां बनेंगी। साथ ही खरखौदा में आईएमटी और इलेक्ट्रिक व्हीकल जोन भी विकसित हो रहा है। इसके अतिरिक्त 600 एकड़ में एक बड़ी हॉर्टिकल्चर मंडी का निर्माण भी गति से चल रहा है, जो उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर तक की कनेक्टिविटी से जुड़ी होगी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि हरियाणा सरकार उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आने देगी और किसी भी समस्या पर सीधे मुख्यमंत्री से मिलने के द्वार खुले हैं। इस दौरान लोहा मंडी से जुड़े केके गुप्ता, देवराज, राकेश यादव, मार्बल एसोसिएशन और राजेंद्र कपूर ने भी अपने सुझाव रखे, जिन पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक रूप से सहमति जताते हुए संबंधित व्यवस्थाएं करने का आश्वासन दिया।
हरियाणा के उद्योग मंत्री राव नरबीर ने कहा कि दिल्ली के बाजारों में बहुत भीड़ भाड़ है। हरियाणा सरकार अलग-अलग औद्योगिक क्लस्टर बनाकर व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं दे रही है। व्यापारी जो सोच लेकर हरियाणा में आएगा, उसे वह सभी सुविधाएं मिलेंगी। प्रदेश बेहतर कानून व्यवस्था है, सड़कों की बेहतर कनेक्टिविटी है, प्रदेश के 14 जिला एनसीआर में आते हैं। व्यापार और व्यापारी दोनों के लिए हरियाणा में बेहतर वातावरण है। उन्होंने व्यापारियों को हरियाणा में अधिक से अधिक निवेश करने का आह्वान किया।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

