Athrav – Online News Portal
दिल्ली राजनीतिक राष्ट्रीय हाइलाइट्स

भाजपा-आरएसएस देशद्रोही, इनके पुरखों ने आजादी की लड़ाई में अंग्रेजों का साथ दिया था- खरगे


अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
नई दिल्ली:कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर करारा पलटवार करते हुए भाजपा-आरएसएस को “देशद्रोही” करार दिया है। ऐतिहासिक तथ्यों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा-आरएसएस के पुरखों ने देश की आजादी की लड़ाई में हिस्सा न लेकर अंग्रेजों का साथ दिया था।
गोवा में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रदेश की भाजपा सरकार को चोरों की सरकार भी बताया।

उन्होंने कहा कि गोवा में जनता ने जिन कांग्रेस विधायकों को जिताया, भाजपा ने उन्हें खरीद लिया। उन्होंने भाजपा में जाने वाले विधायकों को गद्दार और भगोड़ा बताया। उन्होंने कहा कि गोवा के आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की भारी बहुमत से जीत होगी।

राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि जब वह पहली बार विधायक बने थे, तब अमित शाह बच्चे थे, इसलिए भाजपा नेताओं को कांग्रेस को देशभक्ति सिखाने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के आंदोलन में कांग्रेस ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। महात्मा गांधी ने देश की आजादी के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया और पंडित जवाहरलाल नेहरू ने कई साल जेल की सलाखों के पीछे बिताए। इसके विपरीत भाजपा-आरएसएस के पुरखों ने अंग्रेजों की गुलामी की थी। आरएसएस के लोगों ने पत्र लिखकर अंग्रेजों का समर्थन किया था।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि देशविरोधी और धर्मविरोधी तो भाजपा है, क्योंकि उसने उत्तराखंड के हल्द्वानी में उनकी (खरगे) जनसभा के बाद मंच का शुद्धिकरण किया था। उन्होंने पूछा कि क्या भाजपा को उसके गुरुओं ने यही सिखाया है? उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग देश को तोड़ने, समाज में झगड़ा कराने और नफरत फैलाने का काम करते हैं। खरगे ने जोर देकर कहा कि भाजपा कभी जनता की भलाई के बारे में नहीं सोच सकती। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हों या गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत हों; इनकी नीतियों ने सिर्फ सत्यानाश करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की गलत नीतियों के कारण नोटबंदी से रोजगार खत्म हो गए और देश में भीषण बेरोजगारी है।

उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी देश की जनता, युवाओं, छात्रों, दलितों और पिछड़ों के लिए लड़ते हैं, भाजपा में उनके जैसा कोई नेता नहीं है। खरगे ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से एकजुटता का आह्वान करते हुए कहा कि सभी को मिलकर गोवा की जल, जंगल और जमीन को बचाना है। उन्होंने वादा किया कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार के आने पर महंगाई कम होगी और बेरोजगारी दूर की जाएगी। महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा की जाएगी और नशे पर अंकुश लगाया जाएगा।

इस दौरान गोवा कांग्रेस प्रभारी माणिक राव ठाकरे, प्रदेश अध्यक्ष गिरीश चोडणकर, सीएलपी नेता यूरी अलेमाओ, कर्नाटक के मंत्री नरेंद्र स्वामी, मंजूनाथ भंडारी, अंजली निंबालकर, सांसद कैप्टन विरियाटो फर्नांडीस, एडुआर्डो फलेरो समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

Related posts

आपने ऐसा आर्चीटेक कभी नहीं देखा होगा,पर आप इस वायरल वीडियो में इस आर्चीटेक को जरूर देख सकते हैं – देखें

Ajit Sinha

दिल्ली और पंजाब में डकैती और डकैती के कई मामलों में 2012 से वांछित एक कट्टर अपराधी और यूपी के गैंगस्टर पकड़ा गया।

Ajit Sinha

भारत-बांग्लादेश बॉर्डर से 2 लाख के जाली नोट बरामद, अधिकतर सिक्यॉरिटी फीचर्स में सेंध

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x