अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
पलवल:सांसद दीपेन्द्र हुड्डा आज होडल और हसनपुर ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। AICC सचिव व हरियाणा कांग्रेस के सह प्रभारी जितेंद्र बघेल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष उदयभान की मौजूदगी में उन्होंने कहा कि बीजेपी ने देश को और हमारे प्रदेश को विकास की पटरी से उतारने का काम किया है। देश की अर्थव्यवस्था बड़े-बड़े उद्योगपति घरानों के हवाले कर दी और उनके माध्यम से हजारों करोड़ की राशि इकट्ठी कर ली। कांग्रेस पार्टी इतने सालों तक सत्ता में रही, लेकिन कांग्रेस पार्टी के खाते में मात्र कुछ सौ करोड़ रुपये ही हैं जबकि, भारतीय जनता पार्टी के खाते में 15,000 करोड़ रुपये घोषित रूप से जमा हैं। बीजेपी वाले कितना कैश लिए बैठे हैं उसका तो कोई अंदाजा ही नहीं लगा सकता। बीजेपी के 12 साल में न कोई 4 लेन बना, न यूनिवर्सिटी बनी, न कोई स्कूल बना, अगर बने तो बीजेपी के आलीशान पांच सितारा दफ्तर बने।

विकास हुआ तो बीजेपी के बैंक अकाउंट में विकास हुआ। 12 साल की बीजेपी सरकार का रिपोर्ट कार्ड ये है कि बीजेपी के विधायक और मंत्रियों का भ्रष्टाचार देश में नंबर 1 पर है दीपेन्द्र हुड्डा ने हरियाणा के मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी ने जो झूठे वायदे हरियाणा में चुनाव के समय किये वही वादे बिहार में किए, अब पंजाब में जाकर कर रहे हैं। पंजाब में जाकर किसानों को धान की 3100 एमएसपी देने, बुजुर्गों को 6000 पेंशन देने, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, हर महिला को लाडो लक्ष्मी योजना में 2100 देने, हर गरीब को 100-100 गज के प्लाट देने जैसे झूठे वायदे कर रहे हैं। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि दूसरे राज्यों में जाकर बातें बड़ी-बड़ी करते हैं लेकिन हरियाणा में कहते हैं कि उनके कहने से 2 चपरासी की बदली तक नहीं हो सकती। अगर नायब सिंह सैनी झूठे वायदे नहीं कर रहे तो हरियाणा में किसानों को धान की एमएसपी 3100 दिलवा दें। बुजुर्गों को 6000 पेंशन दिलवा दें, HKRN में लगे कच्चे कर्मचारियों को पक्का कर दें, प्रदेश की हर महिला को लाडो लक्ष्मी योजना में पेंशन दे दें, हर गरीब, SC, BC वर्ग को 100-100 गज के मुफ्त प्लाट दिलवा दें। उन्होंने आगे कहा कि नायब सिंह सैनी जिस प्रदेश में चुनाव होता है वहां पहुंच जाते हैं। जब बिहार में चुनाव था तब वहां पहुंचकर बोले बिहार का बेटा हूं। अब पंजाब में चुनाव है तो वहां पहुंच गये। पंजाब चुनाव के बाद अगला नंबर हिमाचल प्रदेश का है वहां पहुंच जायेंगे। उन्होंने कहा कि जो हरियाणा प्रदेश 2014 तक देश में विकास का पर्यायवाची माना जाता था। प्रदेश खुशहाली के लिए जाना जाता था, अच्छे कानून-व्यवस्था के लिए जाना जाता था। प्रति व्यक्ति आय, प्रति व्यक्ति निवेश, आर्थिक विकास दर, खेल खिलाड़ियों में, किसान हितेषी नीतियों में किसानों को फसलों का भाव देने में, गन्ने का भाव देने में, किसान के कर्ज माफ करने में हरियाणा नंबर एक था। गरीब कल्याण नीतियों में, गरीब परिवारों को 100-100 गज के मुफ़्त प्लॉट देने में, पानी, बिजली उपलब्धता के मामले में देश में हरियाणा का जिक्र होता था। विकास के मामले में देश में सबसे आगे के राज्यों में हरियाणा की गिनती होती थी। गुजरात से 3 गुना अधिक निवेश हरियाणा में आ रहा था। कहीं बड़े-बड़े थर्मल कारखाने बन रहे थे, कहीं आईएमटी बन रही थी, इंडस्ट्री आ रही थी। कहीं रेल की लाइनें बिछ रही थी, कहीं मेट्रो आ रही थी। कहीं यूनिवर्सिटी बन रही थी, कहीं 4 लेन, 6 लेन एनएच बन रहे थे। होडल इस बात का गवाह है। साढ़े 12 साल की सरकार के बाद, आज वही हरियाणा विकास में तो देश में 15वें नंबर पर पहुंच गया और बेरोज़गारी में नंबर एक पर, नशाखोरी में नंबर एक पर, डंकी के रास्ते विदेशों की ओर पलायन में नंबर एक पर बन गया है। भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने आंकड़े बताते हैं कि अपराध में देश में नंबर एक पर हरियाणा है, प्रदेश की कानून-व्यवस्था चौपट हो गई है, चारों तरफ अंधेरगर्दी है, जेल से फिरौतियों की कॉल आती है। बीजेपी विधायक और मंत्रियों के भ्रष्टाचार में प्रदेश नंबर एक पर पहुँच गया। हरियाणा की जनता तो कष्ट का जीवन काट रही है और बीजेपी के विधायक और बीजेपी के मंत्री अवैध कॉलोनियां काट रहे हैं।हरियाणा की जनता पिछली बार ही बदलाव चाहती थी। लेकिन बीजेपी ने जनता की भावना को हर कर साम, दाम, दंड, भेद से सत्ता हासिल की। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सारी व्यवस्थाएं इंतजाम कर लिये। चुनाव में कालेधन का दुरुपयोग किया गया चुनाव आयोग का दुरुपयोग किया गया। उन्होंने कहा कि जहां जनता की भावना को साजिश और षड्यंत्र से हराया जाता है वहां जनता जवाब देना भी जानती है। रोहतक में दीपेंद्र हुड्डा को रोकने के लिये रात के अंधेरे में साजिश और षड्यंत्र करके कुछ मतों से हराया गया। लेकिन लोकसभा चुनाव में विपक्ष को देश में सबसे बड़ी जीत देकर लोकसभा में भेजा। हाल में ही हरियाणा में बीजेपी के सारे मंत्रियों ने एक साथ मेरे खिलाफ बयान दिये और मुझे निशाने पर लिया। बीजेपी ही नहीं बीजेपी के सहयोगी दल भी दिन-रात हमें निशाने पर लेते है, क्योंकि हम जनता की आवाज उठाते हैं। जब तक चुनावों में बीजेपी का सफाया नहीं होगा, हमारी गाड़ी का पहिया रुकने वाला नहीं। इस अवसर पर AICC सचिव व हरियाणा कांग्रेस के सह प्रभारी जितेंद्र बघेल,पूर्व प्रदेश अध्यक्ष उदयभान,विधायक रघुबीर तेवतिया, प्रेम सिंह दलाल,कांग्रेस जिलाध्यक्ष पलवल नेत्रपाल अधाना, देवेश, अब्दुल गफ्फार कुरैशी, जगन डागर, तरुण तेवतिया, होडल ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रिंस सौरोत, हसनपुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विनोद बैसला, पलवल ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अनूप पाराशर, हथीन ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेन्द्र खोखिया, बरोली ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ओमप्रकाश बघेल, जाहिद , युवा कांग्रेस के प्रधान विकास दायमा, संजू सरोत, डॉ इजहार हसनपुर, रघुबीर रावत समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

