
अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
चंडीगढ़/सोनीपत: दोहरे हत्याकांड के आरोपित को वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। सोनीपत पुलिस ने सतर्कता एवं सूझबूझ का परिचय देते हुए आरोपित को उस समय गिरफ्तार किया जब वह सनसनीखेज हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद दिल्ली की ओर फरार होने का प्रयास कर रहा था। डीजीपी अजय सिंघल ने कहा कि हरियाणा पुलिस प्रदेश में कानून व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। अपराधियों के लिए हरियाणा में कोई स्थान नहीं है और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस को आवश्यक संसाधन एवं पूर्ण समर्थन उपलब्ध कराया जा रहा है। पुलिस महानिदेशक ने सोनीपत पुलिस की त्वरित एवं पेशेवर कार्रवाई की प्रशंसा करते हुए कहा कि हरियाणा पुलिस अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि गंभीर अपराधों में शामिल व्यक्तियों को कानून के शिकंजे से बचने नहीं दिया जाएगा। तकनीक, खुफिया सूचनाओं और बेहतर समन्वय के बल पर पुलिस अपराधियों तक तेजी से पहुंच रही है तथा प्रदेश में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए निरंतर कार्रवाई जारी है। हरियाणा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं निर्णायक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
क्या था मामला –
प्राप्त जानकारी के अनुसार साहिल मलिक पुत्र मांगे राम निवासी मॉडल टाउन, पानीपत ने गत 17 जून 2026 को पंजाब के डेराबस्सी क्षेत्र में अपने चाचा राहुल मलिक की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपित शव को अपनी कार में रखकर फरार हो गया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस आयुक्त सोनीपत ममता सिंह ने सभी संबंधित इकाइयों को तत्काल अलर्ट करते हुए आरोपित की गिरफ्तारी के निर्देश जारी किए। निर्देशों के अनुपालन में सीआईए यूनिट एवं थाना मुरथल पुलिस की संयुक्त टीम ने आज तकनीकी एवं मानवीय सूचनाओं के आधार पर आरोपित की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी। आरोपित के संभावित रूट का विश्लेषण करते हुए भिगान टोल प्लाजा पर सोनीपत पुलिस द्वारा विशेष नाकाबंदी की गई। पुलिस की मुस्तैदी के चलते आरोपित के वाहन को रोका गया और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित ने खुलासा किया कि चाचा राहुल मलिक की हत्या करने के बाद वह पानीपत पहुंचा, जहां उसने अपने मित्र अंकुश को सेक्टर-13/17 चौक से कार में बैठाया। इसके बाद आरोपित ने पानीपत सब्जी मंडी क्षेत्र के निकट चलते वाहन में ही अंकुश को भी गोली मार दी। दोनों हत्याओं के बाद आरोपित ने शवों को पानीपत स्थित सिवाह नहर क्षेत्र के पास फेंक दिया और दिल्ली की ओर भाग निकला। पुलिस द्वारा आरोपित की निशानदेही पर दोनों शवों की बरामदगी एवं अन्य साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की जा रही है। आरोपित को आगे की विस्तृत पूछताछ एवं जांच के लिए सीआईए-1, पानीपत के हवाले किया गया है।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

