Athrav – Online News Portal
दिल्ली राजनीतिक राष्ट्रीय

दिल्ली ब्रेकिंग:राहुल गांधी बोले- ज्ञानेश कुमार के पद से हटने के बाद मोदी-शाह की बारी, वोट चोरी पर होगी कानूनी कार्रवाई.

अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
नई दिल्ली:लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पद से जरूर हटेंगे और जेल भी जाएंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि ज्ञानेश कुमार के बाद विपक्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृह मंत्री अमित शाह के सामने खड़ा होगा और वोट चोरी के मामले में उन दोनों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। महारैली में विपक्षी एकजुटता का व्यापक प्रदर्शन करते हुए 20 दलों के वरिष्ठ नेताओं ने मंच साझा किया और देशभर से जुटे लाखों लोगों के बीच मतदाता सूची में गड़बड़ियों और लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा का मुद्दा उठाया।

इस दौरान राहुल गांधी के साथ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, महासचिव प्रियंका गांधी, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ममता बनर्जी, राजद नेता तेजस्वी यादव, एनसीपी (एसपी) नेता सुप्रिया सुले, नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला, शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत, सीपीआई नेता डी राजा, पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती, सीपीएम नेता एमए बेबी, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और केरलम के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन समेत 20 दलों के वरिष्ठ नेता मौजूद थे। इस ऐतिहासिक महारैली में शामिल होने के लिए देशभर से लाखों नागरिक दिल्ली पहुंचे थे।

महारैली से पहले इंडिया गठबंधन के नेता मिंटो रोड से मार्च करते हुए रामलीला मैदान पहुंचे। भारी भीड़ के कारण यह मार्च करीब तीन घंटे में रामलीला मैदान पहुंचा। भीड़ का आलम यह था कि रामलीला मैदान के कई किलोमीटर दूर तक लाखों लोगों का हुजूम सड़कों पर था। वरिष्ठ नेताओं के संबोधन के दौरान राम लीला मैदान के बाहर सड़कों पर ही लोग उनका भाषण सुन रहे थे।भीड़ से खचाखच भरे रामलीला मैदान में जनता द्वारा लगाए जा रहे ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारों के बीच अपने संबोधन में राहुल गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर करारा पलटवार करते हुए कहा, “नरेंद्र मोदी कहीं नहीं जा सकते, अगर वह जाना भी चाहें, तो हम उन्हें जाने नहीं देंगे। मोदी और शाह ने वोट चोरी की है, इसलिए ज्ञानेश कुमार के बाद विपक्ष उनके सामने खड़ा होगा और उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वोट चोरी करने और अडानी को राष्ट्रीय संपत्तियां बेचने के लिए देश उनसे न्याय मांगेगा और उसे न्याय मिलेगा। मोदी और शाह भागने की मत सोचें, वे भाग नहीं सकते।” महारैली में उमड़े जनसैलाब का आभार जताते हुए राहुल गांधी ने कहा कि यह किसी एक राजनीतिक पार्टी की आवाज नहीं है, बल्कि हिंदुस्तान की जनता की आवाज है और यह आवाज कह रही है कि देश में लोकतंत्र एवं संविधान को खत्म नहीं होने दिया जाएगा।
अपने प्रभावशाली भाषण में राहुल गांधी ने कहा कि देश में पिछले कई वर्षों से वोट चोरी हो रही है। उन्होंने कहा कि लोकसभा 2024 चुनाव के साथ-साथ पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, हरियाणा,छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के विधानसभा चुनावों में भी ईवीएम और मतदाता सूचियों के माध्यम से गड़बड़ी की गई।एसआईआर का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि  2024 के लोकसभा चुनाव के बाद मतदाता सूची से 13 करोड़ से अधिक मतदाताओं के नाम हटाए गए, यानी करीब सात में से एक मतदाता को सूची से बाहर कर दिया गया। उन्होंने बताया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में एनडीए और ‘इंडिया’ गठबंधन के बीच वोट शेयर का अंतर करीब तीन प्रतिशत था, जबकि इसके बाद अब चुनाव आयोग ने 15 प्रतिशत मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए। इसका मतलब है कि 2024 का लोकसभा चुनाव अवैध है। उन्होंने कहा कि 13 करोड़ से अधिक लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाकर यह बात खुद चुनाव आयोग स्वीकार कर रहा है। राहुल गांधी ने आरएसएस पर देश की संस्थाओं पर कब्जा करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि इन संस्थाओं पर कब्जे के कारण किसानों को उनका हक नहीं मिल रहा, युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा और मजदूरों को न्याय नहीं मिल रहा। देश का पूरा धन अडानी-अंबानी के हाथों में चला गया है। उन्होंने दो टूक कहा कि ऐसा हिंदुस्तान स्वीकार नहीं किया जा सकता।वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने चेले ज्ञानेश कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त के पद पर बैठाकर मतदाताओं के वोट काटने का काम किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि नरेंद्र मोदी ज्ञानेश कुमार को बचाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन वे बचेंगे नहीं। वे कहीं भी छुपेंगे तो इंडिया गठबंधन उन्हें ढूंढ़कर बाहर निकालेगा। खरगे ने कहा कि नरेंद्र मोदी खुद वोट चुन रहे हैं, जनता उनको नहीं चुन रही; खुद वोटर को चुनकर वह प्रधानमंत्री बने हैं और कई राज्यों में वोट चोरी से भाजपा की सरकारें चल रही हैं। उन्होंने रैली में मौजूद लोगों से पूछा कि क्या वे वोट चोरी करने वालों को हटाने के लिए तैयार हैं? इस पर जनसभा में मौजूद लोगों ने हाथ उठाकर और नारे लगाकर अपना समर्थन जताया। खरगे ने कहा कि यह लड़ाई देश के लोकतंत्र एवं संविधान को बचाने की लड़ाई है और मोदी के सत्ता से जाने पर ही लोकतंत्र बचेगा।

Related posts

कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा, 48 दिनों में 4 प्रदेशों से गुजरी भारत यात्रा, 41 दिनों में की 1270 किलोमीटर की यात्रा पूरी-वीडियो।

Ajit Sinha

आम आदमी पार्टी के मंत्रियों और विधायकों फर्जी केसों में फंसाने वाले बीजेपी को दिल्ली की जनता दिया करारा जवाब-वर्मा

Ajit Sinha

दिल्ली: तीन से चार हफ्ते में पूरी दिल्ली को कोरोना वैक्सीन लगाने के लिए हमारे पास पर्याप्त साधन मौजूद- सतेंद्र जैन

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x