Athrav – Online News Portal
चंडीगढ़ हरियाणा

शिकायतों के समाधान के लिए पॉलिसी में बदलाव का निर्णय : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
चंडीगढ़:हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आमजन की शिकायतों के आधार पर प्रदेश स्तर की नीतियों में आवश्यक बदलाव करने का निर्णय लिया गया है, ताकि आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ सुगमता से मिल सके। वे रविवार को स्थानीय पंचायत भवन में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्टï निवारण समिति की मासिक बैठक के उपरांत पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन की शिकायतों के समाधान, भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने और विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है। सिरसा में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि बैठक में कुल 15 शिकायतें रखी गईं, जिनमें से 13 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि दो शिकायतें अगली बैठक के लिए लंबित रखी गई हैं।

मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों में लापरवाही और अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए बताया कि लंबित कार्यों में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, उससे हुए नुकसान की भरपाई करवाने और उसे ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा मामले में मिलीभगत और लापरवाही पाए जाने पर एक एक्सईएन, एक जेई और एक एमई को निलंबित करने के आदेश दिए गए हैं, जबकि डीएमसी का एक माह का वेतन काटने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यों में लापरवाही और भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

नशा मुक्ति अभियान को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को नशे से बचाने और नशा तस्करों के नेटवर्क को खत्म करने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अलग-अलग जिलों में हर महीने नशे के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। नशे की गुप्त शिकायतों के लिए मानस पोर्टल शुरू किया गया है। इसके साथ ही नशे के खिलाफ अभियान को प्रभावी बनाने के लिए संकल्प सोसाइटी और विशेष टास्क फोर्स का गठन किया गया है। मुख्यमंत्री स्वयं सोसाइटी के चेयरमैन हैं, जबकि पूर्व डीजीपी ओपी सिंह को इसका सीईओ बनाया गया है। इस अभियान में एसएचओ, सरपंच, ग्राम सचिव, एनजीओ और केमिस्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नशे के कारोबार से अर्जित की गई 90 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति सीज की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।सिरसा के विधायक गोकुल सेतिया को हिरासत में लिए जाने संबंधी सवाल पर मुख्यमंत्री ने ऐसी खबरों का खंडन करते हुए इसे ड्रामा बताया। उन्होंने कहा कि विधायक को न तो गिरफ्तार किया गया है और न ही हिरासत में लिया गया है। सिरसा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए जारी बजट का विवरण देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि विधायक की मांग पर वर्ष 2024-25 में 94 लाख 92 हजार रुपये, वर्ष 2025-26 में 35 कार्यों के लिए 201 लाख रुपये, वर्ष 2026-27 में 28 कार्यों के लिए एक करोड़ 65 लाख रुपये की राशि दी गई। पिछले तीन वर्षों में 67 विकास कार्यों के लिए कुल 4 करोड़ 7 लाख 90 हजार रुपये जारी किए गए हैं।
सरकारी भर्तियों के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग 5600 पुलिस पदों पर भर्ती की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। अन्य विभागों की भर्तियों के लिए भी जल्द इंटरव्यू शुरू किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि दिसंबर के अंत तक इन भर्तियों के परिणाम जारी करने का लक्ष्य है। इसके बाद प्रदेश में नई भर्तियों के लिए भर्ती कैलेंडर जारी किया जाएगा, जिससे युवाओं को रोजगार के अवसरों की जानकारी पहले से मिल सकेगी।मुख्यमंत्री शहरी स्वामित्व योजना-2.0 के संबंध में उन्होंने कहा कि 20 वर्ष से अधिक समय से दुकानों पर काबिज पात्र दुकानदारों को मालिकाना हक देने के लिए योजना का पोर्टल एक माह के लिए दोबारा खोला जाएगा। इससे वे पात्र लोग भी योजना का लाभ उठा सकेंगे, जो किसी कारणवश पहले आवेदन नहीं कर पाए थे। किसानों की नहरी पानी की मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजाई के सीजन को देखते हुए किसानों द्वारा दो सप्ताह तक नहरी पानी उपलब्ध करवाने की मांग पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वयं सहायता समूह हरियाणा में अच्छा काम कर रहे हैं और सरकार भी उनकी मदद कर रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को हर काम में अटकलों की बजाय अच्छे कार्य भी देखने चाहिए। स्वच्छता के क्षेत्र में बहुत अच्छा कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार की नियत में खोट था तभी पंजाब पिछड़ता गया। उन्होंने कहा कि पंजाब में आगामी चुनाव में भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनाकर फिर से खुशहाल पंजाब बनाने की दिशा में काम करेगी।

Related posts

हरियाणा से दिल्ली में प्रवेश करने वाले एनएच नंबर 10 (हिसार-रोहतक-दिल्ली) और एनएच 44 (अंबाला-पानीपत-दिल्ली) पर यात्रा करने से बचें-डीजीपी

Ajit Sinha

दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने आज तुरंत प्रभाव से 25 एसडीओ के तबादले किए हैं-लिस्ट पढ़े

Ajit Sinha

पीड़ित 14 घंटे से पहले कर सकते है साइबर क्राइम में शिकायत, बैंक भी ज़िम्मेदारी लें, तभी होंगी त्वरित कार्रवाई – एडीजीपी

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x