Athrav – Online News Portal
दिल्ली नई दिल्ली राजनीतिक राष्ट्रीय वीडियो

कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा आगामी 2 अक्टूबर से शुरू होगी और तक़रीबन 3500 किलोमीटर की दूरी तय करेगी-कांग्रेस

अजीत सिन्हा / नई दिल्ली
कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के क्रियान्वयन की योजना को लेकर आज प्रदेश कांग्रेस समितियों (पीसीसीज) और फ्रंटल संगठनों के सभी अध्यक्षों ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उदयपुर के नव संकल्प चिंतन शिविर के दौरान यह घोषणा की गई थी कि भारत जोड़ो यात्रा 2 अक्टूबर 2022 को शुरू होगी। तथापि, मोदी सरकार तथा भाजपा द्वारा हमारे लोकतंत्र, हमारे देश के संविधान, राष्ट्र की संस्थाओं और हमारे समाज के सामाजिक ताने-बाने पर बार-बार और उग्र रुप से हो रहे हमलों को समक्ष रखते हुए, कांग्रेस पार्टी भारत जोड़ो यात्रा को निर्धारित तिथि से पहले शुरू करने की संभावनाओं पर विचार कर रही है। यदि ऐसा होता है, तो जैसे ही प्रदेश कांग्रेस समितियाँ अपनी तैयारियों के संबंध में प्रत्युत्तर देंगी, वैसे ही यात्रा को आरंभ करने की तिथि की घोषणा कर दी जाएगी।

भारत जोड़ो यात्रा लगभग 12 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों से होते हुए करीबन 3500 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। यह सारी दूरी पदयात्रा के रुप में तय की जाएगी। इस पदयात्रा में कांग्रेस पार्टी का पूरा नेतृत्व और कार्यकर्ता भाग लेंगे। देश के कोने-कोने से कई अन्य यात्राएं इस पदयात्रा में शामिल होंगी। यात्रा के मार्ग का विशिष्ट विवरण की घोषणा शीघ्र ही की जाएगी। स्वतंत्रता के 75 वर्षों के बाद, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस उन सभी को कोटिशः श्रद्धांजलि अर्पित करती है, जिन्होंने अंग्रेजों के विरुद्ध भारत की आजादी के लिए लड़ाई लड़ी, और जिन्होंने फूट डालो और राज करो की राजनीति को पराजित किया तथा जो देश को इसका महान संविधान देने के लिए एक साथ आए और भारत को प्रगति, समृद्धि, सामाजिक न्याय और सद्भाव के पथ पर आगे बढ़ाया।

आज, जबकि नफरत की राजनीति का अनुपालन उन लोगों के द्वारा किया जा रहा है, जिन्होंने कभी भी देश के स्वतंत्रता आंदोलन में भाग नहीं लिया और जिनकी विचारधारा के परिणाम स्वरुप राष्ट्रपिता की हत्या हुई, इन परिस्थितियों में भारत जोड़ो यात्रा उन सभी भारतीयों को एकसूत्र में बांधने का एक राष्ट्रव्यापी आंदोलन है –

· जो महात्मा गांधी के नेतृत्व में हमारे देश के स्वतंत्रता आंदोलन में अंतर्निहित मूल्यों की रक्षा, संरक्षण और संवर्धन के प्रति प्रतिबद्ध है;

· जो नफरत, कट्टरवाद और ध्रुवीकरण की राजनीति से लड़ने के प्रति समर्पित है;

· जो ये मानते हैं कि सरकार का ध्यान विभाजनकारी राजनीति की अपेक्षा करोड़ों युवाओं को उत्पादक रोजगार प्रदान करने, हमारे करोड़ों परिवारों को आवश्यक वस्तुओं में हो रही असहनीय मूल्य वृद्धि से निजात दिलाने, किसान और खेत मजदूर का कल्याण और सुख-सुविधा सुनिश्चित करने तथा करोड़ों आदिवासियों, दलितों एवं समाज के अन्य कमजोर वर्गों की आजीविका और सम्मान की रक्षा के लिए हमारे जल जंगल और जमीन की रक्षा करना होना चाहिए;

· जो सभी विपरीत परिस्थितियों के समक्ष देश के संविधान की मर्यादा को बनाए रखने के प्रति दृढ़ संकल्प हैं और जाति, वर्ग, आस्था, लिंग या भाषा की भावना से ऊपर उठकर सभी के लिए न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व सुनिश्चित करने में विश्वास रखते हैं।
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस समान विचारधारा वाले राजनीतिक दलों, नागरिक समाज समूहों, व्यापारिक और व्यावसायिक संघों और उपरोक्त उद्देश्यों के प्रति प्रतिबद्ध सभी भारतीयों से अपील करती है कि वे सब एकजुट होकर इस भारत जोड़ो यात्रा में उत्साहपूर्वक शामिल हों।

Related posts

स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स दो तेंदुए और दो चित्तीदार हिरण की खाल सहित एक शख्स को किया अरेस्ट।

Ajit Sinha

शिल्पा शेट्टी पूजा के लिए पहुंचीं अनिल कपूर के घर, थाली संभालते हुए फोटोग्राफर से बोलीं- रुको, पास मत…देखें वीडियो

Ajit Sinha

देश में सबसे अधिक समय तक कांग्रेस ने शासन किया और उसने हमेशा आदि वासी समुदाय के साथ अन्याय किया है-बीजेपी

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x