Athrav – Online News Portal
दिल्ली राजनीतिक राष्ट्रीय हाइलाइट्स

आप’ की मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ और उत्तर प्रदेश के दिग्गज नेता श्याम सुंदर शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार रजत राकेश टंडन कांग्रेस में शामिल.


अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
नई दिल्ली:देशभर के विभिन्न नेताओं और प्रबुद्धजनों का कांग्रेस पार्टी में शामिल होने का सिलसिला लगातार जारी है। शनिवार को आम आदमी पार्टी की मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ और उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री व आठ बार के विधायक रहे श्याम सुंदर शर्मा कांग्रेस में शामिल हो गए। साथ ही, वरिष्ठ पत्रकार रजत राकेश टंडन, उत्तर प्रदेश के बहराइच से नगरपालिका के पूर्व चेयरमैन हाजी रेहान खान, इरशाद अहमद (सभासद, छावनी बाजार), सज्जन अहमद  (सभासद, दरगाह शरीफ), विशाल कुमार (सभासद, मंसूरगंज), छाता से रामवीर चौधरी, आम आदमी पार्टी से महबूब मलिक, हाजी अरकाम और नासिर अंसारी (दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष, अंसारी समाज) समेत विभिन्न दलों के 100 से ज्यादा नेताओं ने भी पार्टी का दामन थामा।

कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान जम्मू-कश्मीर व लद्दाख के प्रभारी महासचिव डॉ. नासिर हुसैन, पार्टी के मीडिया एवं प्रचार (संचार विभाग) अध्यक्ष पवन खेड़ा, पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव शुक्ला, उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने सभी को पार्टी में शामिल कराया।नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों से प्रबुद्ध लोगों व अनुभवी नेताओं का कांग्रेस में आना इस बात का प्रमाण है कि देश कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व की ओर देख रहा है। पार्टी नेताओं ने कहा कि भाजपा एक तानाशाह पार्टी है, जिसका लोकतंत्र और संविधान में कोई भरोसा नहीं है। भाजपा कभी जनता के मुद्दों पर बात नहीं करती, सिर्फ नफरत की राजनीति करती है। देश में धरना देने पर भी रोक लगाई जा रही है। ऐसे हालात में देश को उम्मीद के रूप में सिर्फ राहुल गांधी दिख रहे हैं, जो लोकतंत्र और संविधान को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं।कांग्रेस में शामिल होने के बाद प्रियंका कक्कड़ ने राहुल गांधी के नेतृत्व की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी मोदी सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की मिलीभगत से हो रही वोट चोरी के खिलाफ सबसे मजबूती से लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि हर देशभक्त को उनकी इस लड़ाई में साथ देना चाहिए।आम आदमी पार्टी छोड़ने का कारण बताते हुए कक्कड़ ने कहा कि जिस पार्टी ने कभी बुद्धिजीवियों और जमीनी कार्यकर्ताओं को आकर्षित किया था, वह आज उन्हें पार्टी में कायम नहीं रख पा रही है। शुरू में बंगला और गाड़ी न लेने की बात करने वाले नेता बाद में अपनी निजी यात्राओं के लिए हेलिकॉप्टर तक का इस्तेमाल करने लगे। उन्होंने कहा कि ऐसे में गलत को सही ठहराना उनके लिए असंभव हो गया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में शामिल होकर वह एक स्वच्छ, हरित, सुरक्षित और प्रगतिशील दिल्ली वापस चाहती हैं।वहीं, उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से आने वाले दिग्गज नेता और आठ बार के विधायक रहे श्याम सुंदर शर्मा ने कहा कि देश में केवल कांग्रेस पार्टी ही मानववाद और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राजनीति का मतलब परिश्रम, संप्रभुता और वचनबद्धता है। यह सोच केवल कांग्रेस पार्टी के अंदर है।पूर्व स्वतंत्रता सेनानी पुरुषोत्तम दास टंडन के परिवार से आने वाले वरिष्ठ पत्रकार रजत राकेश टंडन ने अपने 20 साल के पत्रकारिता के अनुभव के बाद राजनीति में आने के फैसले पर कहा कि उनके परिवार की विचारधारा हमेशा कांग्रेस से जुड़ी रही है। जब उन्होंने राजनीति में आने का मन बनाया तो उन्हें कांग्रेस ही सबसे सही पार्टी लगी, क्योंकि उसके नेता बिना डरे काम करते हैं।

Related posts

समर ब्रेक में बच्चों की पसंदीदा जगह बनी केजरीवाल सरकार की मस्ती की पाठशाला

Ajit Sinha

बीजेपी-जेजेपी हरियाणा के नौजवानों को देश में सबसे ज्यादा बेरोजगारी देने वाली सरकार निकली- दीपेंद्र हुड्डा

Ajit Sinha

पप्पू पेजर: फिल्मों के जरिए देश को हंसाने वाले फिल्म अभिनेता सतीश कौशिक होली के दूसरे दिन देश को रुला गए।

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x