Athrav – Online News Portal
अपराध पंचकूला

3 लाख की सैलरी और अमेरिका का सपना दिखाकर पिंजौर के परिवार से 6 लाख से ज्यादा ऐंठने वाला फर्जी इमीग्रेशन एजेंट पकड़ा गया।


अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
पंचकूला:पंचकूला पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी ने खुद को इमीग्रेशन एजेंट बताकर शिकायतकर्ता के बेटे को अमेरिका में नौकरी दिलाने का नाम लेकर लाखों की रकम ऐंठ ली थी। पुलिस की तत्पर कार्रवाई से आरोपी को दिल्ली से दबोच लिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंचकूला निवासी शिकायतकर्ता नवंबर 2023 में अपने एक जानकार के माध्यम से पंकज कुमार नामक व्यक्ति के संपर्क में आया था। आरोपी ने स्वयं को इमिग्रेशन एजेंट बताते हुए शिकायतकर्ता के बेटे को अमेरिका में बुजुर्गों की देखभाल की नौकरी दिलाने का झूठा भरोसा दिया। आरोपी ने प्रति माह 3 लाख रुपये वेतन का लालच दिया और इसके बदले कुल 30 लाख रुपये की मांग की। विश्वास में लेकर आरोपी ने पीड़ित से 6 लाख 35 हजार रुपये एडवांस के तौर पर ले लिए। इसके बाद आरोपी लगातार झूठे आश्वासन देता रहा, न तो शिकायतकर्ता के बेटे को अमेरिका भेजा गया और न ही ली गई राशि वापस की गई।

पीड़ित द्वारा पुलिस उपायुक्त कार्यालय में शिकायत दिए जाने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच एंटी इमिग्रेशन फ्रॉड यूनिट को सौंपी गई। जांच के उपरांत थाना पिंजौर में दिनांक 3 नवंबर, 2025 को को भारतीय दंड संहिता की धारा 406, 420, 120-बी तथा इमिग्रेशन एक्ट की धारा 24 के तहत मामला दर्ज किया गया।

डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम ने इंस्पेक्टर योगविन्द्र सिंह के नेतृत्व में तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर 27 फरवरी को दिल्ली में छापेमारी कर आरोपी पंकज कुमार (निवासी जिला पटियाला, पंजाब, हाल किरायेदार मोहाली, पंजाब) को गिरफ्तार किया। आरोपी लंबे समय से गिरफ्तारी से बचने के लिए दिल्ली में छिपकर रह रहा था। 28 फरवरी को आरोपी को न्यायालय में पेश कर 3 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया। जांच के दौरान आरोपी के खिलाफ विदेश भेजने के नाम पर फ्रॉड से संबंधित एक मामला पंजाब में भी दर्ज पाया गया है।  साथ ही इस मामले में उसकी पत्नी की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

डीसीपी ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि विदेश भेजने के नाम पर किसी भी व्यक्ति पर विश्वास करने से पहले उसकी वैधता, लाइसेंस और आधिकारिक दस्तावेजों की पूरी जांच अवश्य करें। किसी भी संदिग्ध इमिग्रेशन एजेंट या धोखाधड़ी की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर अन्य लोगों को ठगी का शिकार होने से बचाया जा सके।

शिवास कविराज, एडीजीपी (पुलिस आयुक्त पंचकूला एवं अध्यक्ष – अवैध प्रवास मामले, हरियाणा) ने कहा— “विदेश अवसरों के नाम पर युवाओं को ठगने वाले नेटवर्क के खिलाफ पंचकूला पुलिस की नीति बिल्कुल स्पष्ट है। ऐसे अपराधी किसी भी सूरत में बख्शे नहीं जाएंगे। युवाओं की मेहनत की कमाई और उनके भविष्य की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है, और इसी प्रतिबद्धता के साथ ऐसे गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।”

Related posts

एनटीपीसी दादरी के डीजीएम एनटीपीसी के परिसर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, ब्रेजा गाड़ी और मोबाइल मिला

Ajit Sinha

हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, पंचकूला के खाता से 68 करोड़ रुपए गबन करने के मामले में एसीबी ने तीन आरोपितों को किया अरेस्ट।

Ajit Sinha

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच, एन. आर-1 की टीम ने आज 3 कुख्यात अपराधियों को अरेस्ट किया हैं।

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x