Athrav – Online News Portal
दिल्ली राजनीतिक राष्ट्रीय हाइलाइट्स

उत्तर प्रदेश में 69 हजार शिक्षकों की भर्ती में हुए घोटाले की कराई जाए उच्च स्तरीय न्यायिक जांच- कांग्रेस


अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
नई दिल्ली: कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में 69 हजार शिक्षकों की भर्ती में आरक्षण के उल्लंघन का मुद्दा उठाते हुए घोटाले की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच कराने की मांग की है।  नई दिल्ली स्थित कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता करते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष और बाराबंकी से सांसद तनुज पुनिया ने कहा कि 69 हजार शिक्षकों की भर्ती में 18,500 आरक्षित सीटों पर एससी-एसटी और ओबीसी वर्ग के लोगों को नौकरी मिलनी थी, लेकिन इसमें से केवल 2,637 सीटों पर ही आरक्षण लागू किया गया। जबकि शेष 15,863 सीटें अनारक्षित वर्ग के लोगों को दे दी गईं। यह फैसला संविधान में प्रदत्त आरक्षण व्यवस्था के खिलाफ है।

कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने कहा कि भाजपा ने 2024 के लोकसभा चुनाव में बार-बार संविधान को बदलने की मंशा दिखाई तो दलित समाज और पिछड़े वर्ग ने दिखा दिया कि भाजपा की मनमानी नहीं चलेगी। भाजपा लोकसभा चुनाव में संविधान की ताकत देख चुकी है। इसीलिए वह अब अप्रत्यक्ष रूप से संविधान पर हमला कर रही है। भाजपा द्वारा संविधान में दिए हुए प्रावधानों के ऊपर हमला किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश शिक्षक भर्ती घोटाले से स्पष्ट है कि भाजपा एससी-एसटी और ओबीसी वर्गों के लोगों को नौकरियों से वंचित रखना चाहती है। यह संविधान द्वारा दिए गए आरक्षण के अधिकार का खुला उल्लंघन और सामाजिक न्याय पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का यह भर्ती घोटाला मध्य प्रदेश के व्यापम घोटाले से भी बड़ा साबित हो सकता है। 

कांग्रेस सांसद ने आगे कहा कि आरक्षित वर्गों के हक पर इस तरह डाका डालना न केवल अवैध है, बल्कि देश के सामाजिक ताने-बाने को भी कमजोर करता है। बाबा साहेब अंबेडकर जी ने सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय की बात कही थी, लेकिन भाजपा सरकार दलित, अनुसूचित जनजाति और ओबीसी समाज के लोगों को नौकरियों में हिस्सेदारी से भी वंचित रख रही है। इसी न्याय की लड़ाई कांग्रेस नेता लड़ते आए हैं और लड़ रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी लगातार सामाजिक न्याय, हिस्सेदारी, जातिगत जनगणना की बात उठाते रहे हैं। शिक्षक भर्ती घोटाला उन लाखों युवाओं के सपनों पर प्रहार है, जो वर्षों से मेहनत कर अपने अधिकार की लड़ाई लड़ रहे हैं।

तनुज पुनिया ने कहा कि कांग्रेस इस घोटाले की कड़ी निंदा करती है और उत्तर प्रदेश सरकार से तत्काल जवाबदेही तय करने की मांग करती है। इस भर्ती घोटाले की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच कराई जाए। आरक्षित वर्गों के 18,500 से अधिक पदों को तुरंत बहाल कर योग्य उम्मीदवारों को उनका अधिकार दिया जाए। इस अन्याय के खिलाफ आवाज उठा रहे छात्रों और शिक्षकों पर हो रहे दमन को रोका जाए। उत्तर प्रदेश सरकार इस जनविरोधी फैसले को तुरंत वापस ले। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास करेगी और जरूरत पड़ने पर आंदोलन भी करेगी।

Related posts

फरीदाबाद ब्रेकिंग: जब सीएम मनोहर लाल व पूर्व कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल हुए आमने -सामने तो प्रचार ने पकड़ी रफ़्तार।

Ajit Sinha

मानसून सत्र में मोदी सरकार को घेरने के लिए इंडिया गठबंधन ने बनाई रणनीति

Ajit Sinha

भारतीय तटरक्षक बल और गुजरात एटीएस ने 203 किलोग्राम रवादार मादक पदार्थ से लदी स्पीड बोट को पकड़ा।

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x