
अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
नई दिल्ली:कांग्रेस ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा बाबा साहेब अंबेडकर को अपमानित करनी वाली टिप्पणी के वीडियो को एक्स से हटाने को लेकर केंद्र सरकार के निर्देश पर सवाल उठाए हैं। इसके साथ ही भाजपा द्वारा विपक्षी सांसदों के प्रदर्शन में उपयोग की गई बाबा साहेब की फोटो हटाकर जॉर्ज सोरोस की तस्वीर लगाने की भी कड़े शब्दों में निंदा की। पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस प्रवक्ता और सोशल मीडिया एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म की अध्यक्ष सुप्रिया श्रीनेत ने कांग्रेस की मांग दोहराते हुए कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हाथ जोड़कर देश से माफी मांगें और अपने पद से इस्तीफा दें। इसी के साथ बाबा साहेब की तस्वीर को जिसने भी एडिट किया, उस पर कार्रवाई हो। श्रीनेत ने बताया कि कांग्रेस नेताओं को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स की ओर से एक ई-मेल मिला है। इस में सूचित किया गया है कि केंद्र सरकार ने अमित शाह की टिप्पणी के वीडियो को कांग्रेस के हैंडल से हटाने के लिए कहा है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने आगे कहा कि अमित शाह द्वारा बाबा साहेब के लिए की गई बातें अपराध हैं, जिसके लिए देश उनसे माफी की उम्मीद करता है। लेकिन माफी मांगने के बजाय मोदी सरकार और पूरा तंत्र उन्हें बचाने में लगा हुआ है। बाबा साहेब का अपमान करने वाले अमित शाह को बचाने के लिए खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मैदान में उतर आए हैं। फिर जब उससे भी बात नहीं बनी तो उन्होंने एक्स को निर्देशित किया कि उस वीडियो को कांग्रेस के हैंडल से हटा दिया जाए। लेकिन एक्स ने ये सूचित किया है कि अभिव्यक्ति की आजादी के तहत उसे नहीं हटाया जाएगा, क्योंकि उस वीडियो ने किसी कानून का उल्लंघन नहीं किया है।

श्रीनेत ने अमित शाह से पूछा कि अगर उन्हें लगता है कि उनके भाषण में कुछ भी गलत नहीं है, तो उनके मंत्रालय ने एक्स से इसे हटाने के लिए क्यों कहा।
कांग्रेस प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस के हैंडल से पोस्ट किया गया वीडियो गृह मंत्री के मूल भाषण का ही हिस्सा था और इसे तोड़ा-मरोड़ा नहीं गया। अपनी बात की पुष्टि करते हुए उन्होंने राज्यसभा की वेबसाइट पर उपलब्ध गृह मंत्री का लिखित भाषण भी दिखाया, जिसके पृष्ठ संख्या 344 में साफ पता चलता है कि उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि ‘डॉ. अंबेडकर का नाम लेना एक फैशन बन गया है और अगर वे (विपक्षी नेता) इतनी बार भगवान का नाम लेते हैं, तो उन्हें सात जन्मों के लिए स्वर्ग मिलेगा।’ श्रीनेत ने कहा कि यह देश को संविधान देने वाले डॉ. अंबेडकर का अपमान है। भाजपा के वैचारिक पूर्वजों ने हमेशा डॉ. अंबेडकर का विरोध किया और उन्हें हिंदू विरोधी करार दिया। अमित शाह ने अपने वैचारिक पूर्वजों की उसी मानसिकता को उजागर किया है। कांग्रेस प्रवक्ता ने आगे कहा कि बुधवार को पूरे विपक्ष ने बाबा साहेब की तस्वीर हाथ में लेकर संसद परिसर में प्रदर्शन किया था। भाजपा के आधिकारिक एक्स हैंडल द्वारा देर रात इसकी जो फोटो पोस्ट की गई, उसमें बाबा साहेब की फोटो हटाकर, जॉर्ज सोरोस की तस्वीर लगा दी गई, जिसे वे राष्ट्रविरोधी मानते हैं। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब इस देश के संविधान निर्माता हैं, जिन्होंने हर नागरिक को समान अधिकार दिया है। बाबा साहेब की फोटो के साथ खिलवाड़ करना मनुवादी सोच का परिणाम है। इसी सोच के तहत कहीं अंबेडकर जी की मूर्ति गिरा दी जाती, कहीं तोड़ दी जाती है और इसी सोच के चलते अमित शाह संसद में बाबा साहेब का अपमान करते हैं। इसी सोच के तहत वे देश के संविधान को बदलना चाहते हैं, लेकिन कांग्रेस ऐसा कभी नहीं होने देगी।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

