अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
फरीदाबाद:हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की महान वाणी और उनके समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। संत-महापुरुषों की शिक्षाओं को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने और उनकी जयंतियों को राज्य स्तर पर मनाने की परंपरा को आगे बढ़ाया जा रहा है। हरियाणा विधानसभा ने गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को पूरे वर्ष राज्य स्तर पर मनाने का संकल्प लिया है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज फरीदाबाद में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में निकाली जा रही समरसता संकल्प यात्रा के पहुंचने पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु रविदास जी की शिक्षाओं को आगे बढ़ाते हुए कुरुक्षेत्र के उमरी में 5 एकड़ भूमि पर 124 करोड़ रुपये की लागत से भव्य गुरु रविदास धाम का निर्माण किया जा रहा है।

यह धाम केवल पत्थरों से बनी इमारत नहीं होगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सामाजिक समरसता और समानता का तीर्थ केंद्र बनेगा। गुरु रविदास जी किसी एक जाति या वर्ग के गुरु नहीं थे, बल्कि संपूर्ण मानवता के पथप्रदर्शक थे। जिस प्रकार गंगा का जल हर प्यासे के लिए है, उसी प्रकार गुरु रविदास जी की वाणी प्रत्येक मनुष्य के लिए है।मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सभी के लिए गर्व और गौरव का विषय है कि समरसता संकल्प यात्रा का फरीदाबाद की धरती पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया और गुरु रविदास जी महाराज की चरण पादुकाओं के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया गया। उन्होंने कहा कि 29 जुलाई, 2026 को गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर वाराणसी स्थित संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर से उनके 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में पावन कलश यात्रा का शुभारंभ हुआ था। इस यात्रा में उनकी जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी को लेकर गुरुग्राम पहुंच गया और 4 अगस्त को हरियाणा के सभी जिलों में कलश यात्रा के माध्यम से गांव-गांव और घर-घर तक गुरु जी का संदेश पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि इस कलश में केवल मिट्टी नहीं, बल्कि आस्था, विरासत और संस्कृति समाहित है। यह संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज के महान विचारों का प्रतीक है। गत 18 नवंबर को पंजाब के डेरा सचखंड बल्ला से रवाना हुई समरसता संकल्प यात्रा जब बदरपुर बॉर्डर के रास्ते फरीदाबाद पहुंची, तो ऐसा लगा मानो 650 वर्षों की आस्था स्वयं चलकर हमारे द्वार पर आ गई हो।मुख्यमंत्री ने कहा कि इस यात्रा की मंजिल भेदभाव मुक्त भारत का निर्माण है। हरियाणा की जनता की ओर से इस पावन यात्रा का स्वागत और अभिनंदन किया जाता है। यह यात्रा केवल सड़कों पर नहीं, बल्कि लोगों के दिलों में चली है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन ने इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। यात्रा 16 दिनों में 47 शहरों से होते हुए 2,402 किलोमीटर का सफर तय कर 3 दिसंबर को संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, काशी पहुंचेगी। हरियाणा में यह यात्रा यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत और सोनीपत से होते हुए फरीदाबाद पहुंची है। यहां से यह पलवल और होडल होते हुए उत्तर प्रदेश के लिए रवाना होगी। उन्होंने कहा कि पंजाब से चला समरसता का संकल्प हरियाणा ने पूरे सम्मान के साथ अपनाया है और अब काशी इसकी प्रतीक्षा कर रही है। फरीदाबाद कर्मभूमि के रूप में अपनी अलग पहचान रखता है। यह मेहनतकश लोगों का शहर है। गुरु रविदास जी महाराज ने भी श्रम को सम्मान दिया और अपना पैतृक कार्य कभी नहीं छोड़ा। वे अपने कर्म को करते हुए संत शिरोमणि और जगतगुरु बने। उन्होंने औजार को आराधना और पसीने को पूजा का स्वरूप प्रदान किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि जब समाज ऊंच-नीच और जातिगत भेदभाव में बंटा हुआ था, तब गुरु रविदास जी महाराज ने समानता और मानवता का संदेश दिया। उन्होंने अपनी वाणी के माध्यम से समाज को समझाया कि जातिगत भेदभाव की परतें जब तक समाप्त नहीं होंगी, तब तक इंसान से इंसान का वास्तविक जुड़ाव संभव नहीं है। जाति के आधार पर किसी को छोटा या बड़ा समझना मानवता की मूल भावना के विपरीत है। गुरु रविदास जी की शिक्षाएं हमें भेदभाव से ऊपर उठकर प्रत्येक व्यक्ति को समान सम्मान देने की प्रेरणा देती हैं। महात्मा ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दो दिन पहले ही देश ने संविधान दिवस मनाया है। गुरु रविदास जी महाराज ने समानता की राह दिखाई और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने समानता के इस विचार को संविधान के माध्यम से अधिकार का स्वरूप प्रदान किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बाबा साहेब के संविधान और उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार युवाओं को रोजगार और आगे बढ़ने के एक सामान अवसर उपलब्ध करवा रही है। मेहनत से सने मजदूरों के हाथों में उन्हें संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज के हाथ दिखाई देते हैं। सरकार के लिए श्रम का कोई बोझ नहीं, बल्कि यही हरियाणा के विकास की रीढ़ है। प्रदेश के विकास में योगदान देने वाले प्रत्येक श्रमिक का सम्मान करना ही गुरु रविदास जी के प्रति सच्ची श्रद्धा और पूजा है। मुख्यमंत्री ने गुरु रविदास जी की वाणी का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने ऐसे समाज की कल्पना की थी, जहां हर व्यक्ति को अन्न मिले और कोई छोटा-बड़ा न हो। उनकी यह कामना थी कि ऐसा राज्य हो, जहां सभी समान रूप से रहें और हर व्यक्ति प्रसन्न हो। गुरु जी की यही भावना हरियाणा सरकार के शासन और नीतियों का मार्गदर्शन कर रही है।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

