अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
चंडीगढ़:हरियाणा पुलिस को आधुनिक तकनीक से लैस करने और उसकी कार्यक्षमता एवं क्षमता निर्माण को नई मजबूती देने के लिए 62 करोड़ रुपये से अधिक की राशि से नए सॉफ्टवेयर और अत्याधुनिक तकनीकी संसाधनों की खरीद की जाएगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में आयोजित हाई लेवल परचेज कमेटी की बैठक में हरियाणा पुलिस के आधुनिकीकरण से संबंधित 62.40 करोड़ रुपये के प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई है। हरियाणा पुलिस के तकनीकी आधुनिकीकरण को नई गति देते हुए अगले तीन माह में अत्याधुनिक साइबर टूल्स, सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर की खरीद की जाएगी। इन संसाधनों का उद्देश्य पुलिस की जांच क्षमता, साइबर अपराधों से निपटने की दक्षता, अपराध विश्लेषण और तकनीकी कार्यप्रणाली को और अधिक सशक्त बनाना है।

इस संबंध में पुलिस मुख्यालय, पंचकूला में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अजय सिंघल की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश की विभिन्न पुलिस इकाइयों के अधिकारियों से भविष्य की तकनीकी जरूरतों, क्षमता निर्माण और आधुनिकीकरण को लेकर सुझाव एवं विचार आमंत्रित किए गए। सभी इकाइयों से यह जानकारी ली गई कि वर्तमान में उनके पास कौन-कौन से तकनीकी संसाधन उपलब्ध हैं, कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए किन नए टूल्स और सॉफ्टवेयर की आवश्यकता है तथा आने वाले समय में किन तकनीकों की खरीद की जानी चाहिए। इन सुझावों के आधार पर प्राथमिकताएं तय करते हुए नए प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे, ताकि तकनीकी संसाधनों की खरीद और उनके इस्तेमाल की प्रक्रिया योजनाबद्ध एवं प्रभावी तरीके से क्रियान्वित की जा सके।

डीजीपी अजय सिंघल ने कहा कि केवल आधुनिक सॉफ्टवेयर और उपकरणों की खरीद ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका प्रभावी इस्तेमाल सुनिश्चित करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। इसके लिए नए तकनीकी संसाधनों की खरीद के साथ पुलिसकर्मियों को उनका इस्तेमाल करने के लिए विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। हरियाणा पुलिस अकादमी, मधुबन में अनुसंधान अधिकारियों (आईओ), थाना प्रभारियों (एसएचओ), साइबर सेल प्रभारियों तथा संबंधित तकनीकी कर्मियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार किए जाएंगे। इसका उद्देश्य पुलिसकर्मियों को नई तकनीक से परिचित कराने के साथ उसे पुलिस की रोजमर्रा की कार्य प्रणाली, अपराध अनुसंधान और रोकथाम का हिस्सा बनाना है। उन्होंने कहा कि आगामी दो वर्षों के लिए एक व्यापक योजना तैयार की जा रही है, जिससे हरियाणा पुलिस की तकनीकी क्षमता को चरणबद्ध तरीके से और अधिक मजबूत किया जा सके।डीजीपी ने बताया कि हरियाणा पुलिस में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) टास्क फोर्स का गठन किया जा चुका है। इसे तीन प्रमुख मॉड्यूल में विभाजित किया गया है। पहले मॉड्यूल के तहत एआई की एक समर्पित टीम तैयार की जाएगी, जो अपराध नियंत्रण, अपराधियों की पहचान, डेटा विश्लेषण और पुलिसिंग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग पर काम करेगी। दूसरे मॉड्यूल में ब्लॉकचेन और डार्क वेब से संबंधित विशेष टीम तैयार की जाएगी, जो इन क्षेत्रों में उपलब्ध तकनीकी जानकारियों और डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण की क्षमता विकसित करेगी। तीसरे मॉड्यूल के तहत पुलिसकर्मियों को साइबर कमांडो के रूप में विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि साइबर चुनौतियों से निपटने के लिए एक दक्ष एवं प्रशिक्षित टीम तैयार की जा सके। उन्होंने कहा कि इन तीनों मॉड्यूल के माध्यम से हरियाणा पुलिस को भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार किया जाएगा।बैठक में सीआईडी, एसटीएफ, ईआरएसएस-112, एससीआरबी, स्टेट क्राइम ब्रांच और साइबर हरियाणा सहित विभिन्न इकाइयों ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से अपनी मौजूदा तकनीकी क्षमताओं, आवश्यकताओं और भविष्य की योजनाओं की जानकारी साझा की। डीजीपी ने निर्देश दिए कि विभिन्न इकाइयों एवं जिला पुलिस द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे उपयोगी साइबर टूल्स और आधुनिक उपकरणों को एकीकृत कर एक साझा प्लेटफॉर्म पर लाने की दिशा में काम किया जाए। साथ ही, सभी इकाइयां अपनी बेस्ट प्रैक्टिसेज और तकनीकी संसाधनों को एक-दूसरे के साथ साझा करें, ताकि उपलब्ध तकनीक का अधिकतम लाभ उठाया जा सके।बैठक में सोशल मीडिया और मेटा प्लेटफॉर्म्स पर निगरानी को और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया। डीजीपी ने सीआईडी, साइबर क्राइम और एसटीएफ को निर्देश दिए कि सोशल मीडिया पर असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए, ताकि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को समय रहते रोका जा सके। इसके अतिरिक्त, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स से उपलब्ध डेटा का विश्लेषण कर गैंगस्टर्स के वित्तीय नेटवर्क, आपसी संपर्कों और अन्य गतिविधियों की पहचान करने पर जोर दिया गया। एआई से तैयार डीपफेक वीडियो और फर्जी ऑनलाइन विज्ञापनों के जरिए होने वाली धोखाधड़ी पर अंकुश लगाने के लिए विशेष सॉफ्टवेयर विकसित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।डीजीपी ने प्रदेश में सक्रिय अपराधियों से संबंधित सूचनाओं को एकीकृत कर एक केंद्रीकृत डेटाबेस और डिपॉजिटरी तैयार करने के निर्देश दिए। इसकी जिम्मेदारी स्टेट क्राइम ब्रांच, हरियाणा को सौंपी गई है। उल्लेखनीय है कि हरियाणा पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण के लिए ‘RJSF पैटर्न’ पर आधारित इंटेलिजेंस मॉडल विकसित किया गया है। रोहतक से पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू की गई इस पहल को झज्जर, सोनीपत और फरीदाबाद के बाद अब प्रदेश के लगभग सभी जिलों में लागू किया जा चुका है।
बैठक में बताया गया कि मोबाइल लोकेशन प्लॉटिंग के माध्यम से प्रतिदिन साइबर अपराध के हॉटस्पॉट्स की पहचान की जा रही है। इसके अलावा, दूरदराज के क्षेत्रों में स्थित एटीएम को तकनीकी प्रणाली से जोड़कर डेली अलर्ट सिस्टम विकसित किया गया है, जिससे एटीएम से छेड़छाड़ या किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंच सके। डीजीपी ने शेष बैंकों और कंपनियों के एटीएम को भी जल्द इस प्रणाली से जोड़ने के निर्देश दिए। बैठक में हिसार और रोहतक के पुलिस अधीक्षकों ने अपने जिलों में इस्तेमाल किए जा रहे तकनीकी टूल्स की जानकारी दी। रोहतक पुलिस द्वारा विकसित ‘अचूक’ प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग पर भी चर्चा हुई। डीजीपी ने अपराध नियंत्रण के लिए सात प्रमुख पैरामीटर पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इनमें सीसीटीवी निगरानी, वाहन संबंधी जानकारी, रात्रि नाकाबंदी, आर्थिक अनुसंधान, फेशियल रिकॉग्निशन सिस्टम (एफआरएस), मोबाइल एवं सीडीआर विश्लेषण तथा आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रभावी कार्रवाई शामिल हैं। स्टेट क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो की ओर से सीसीटीएनएस, नेफिस (NAFIS) और आईसीजेएस (ICJS) की प्रगति की जानकारी दी गई। बैठक में सीसीटीएनएस 2.0 के उन्नत फीचर्स, डेटा एकीकरण और आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। डीजीपी ने निर्देश दिए कि पुलिस के पास उपलब्ध विभिन्न प्रकार के डेटा को एकीकृत कर जांच अधिकारियों के लिए उपयोगी बनाया जाए, ताकि अपराधों की जांच और अपराधियों की पहचान में तकनीक का अधिक प्रभावी इस्तेमाल हो सके।
ये रहे उपस्थित
बैठक में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (आधुनिकीकरण एवं कल्याण) अमिताभ सिंह ढिल्लों, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) संजय कुमार, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (सीआईडी) सौरभ सिंह, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (प्रशासन, साइबर एवं आईटी) विकास कुमार अरोड़ा, पुलिस महानिरीक्षक राकेश कुमार आर्य, एआईजी एडमिन शशांक कुमार सावन, एआईजी प्रोविजनिंग हिमांशु गर्ग, करनाल व रोहतक के पुलिस अधीक्षक सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

