अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
पलवल:पुलिस अधीक्षक पलवल दीप्ति गर्ग,आईपीएस ने जिले के युवाओं एवं आमजन से अपील करते हुए कहा है कि प्रायः देखा गया है कि आजकल अधिकतर नौजवान सेना व पुलिस भर्ती में जाने के लिए फिजिकल रेस की तैयारी राष्ट्रीय राजमार्ग, एक्सप्रेस वे या मुख्य सड़कों पर करते हैं। इसके अतिरिक्त अनेक लोग अपने शरीर को फिट रखने के लिए भी दौड़ व शारीरिक अभ्यास सड़कों पर ही करते हैं। ऐसा करके वे अपनी जान को गंभीर जोखिम में डालते हैं, क्योंकि आजकल मृत्यु के अधिकतर मामले सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े हुए हैं।

अक्सर यह समाचार सुनने और पढ़ने को मिलता है कि सड़क पर दौड़ लगाते समय कोई युवा तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आ गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि युवा अपने परिवार की नींव और देश का भविष्य होते हैं, ऐसे में उनकी थोड़ी सी लापरवाही उनके और उनके परिवार की पूरी हंसती-खेलती जिंदगी को बर्बाद कर सकती है।पुलिस अधीक्षक ने युवा वर्ग को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि वे फिजिकल रेस की तैयारी व फिटनेस अभ्यास के लिए केवल सुरक्षित एवं उपयुक्त खेल मैदान या ट्रैक का ही चयन करें, न कि केएमपी एक्सप्रेस वे, राष्ट्रीय राजमार्ग अथवा अन्य व्यस्त मुख्य सड़कों का।

पलवल पुलिस द्वारा जारी इस एडवाइजरी की पालना कर युवा अपने व अपने परिवार की भविष्य को सुरक्षित बनाएं। इसके अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने भारी वाहन चालकों को भी सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि वे अपने वाहन निर्धारित लेन में ही चलाएं, अन्यथा यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ पलवल पुलिस द्वारा सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने समस्त आमजन से भी यातायात नियमों की पूरी तरह से पालना करने, अपने जीवन को सुरक्षित रखने तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पलवल पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

