अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
फरीदाबाद:हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि नागरिक उनके लिए केवल मतदाता नहीं है, बल्कि उनके परिवार का हिस्सा है। वे जनता द्वारा दिए गए आशीर्वाद और विश्वास का सम्मान करते हुए क्षेत्र के विकास तथा नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने आज इंदिरा कॉलोनी में कम्युनिटी सेंटर का उदघाटन और विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि इंदिरा कॉलोनी, मिलाड कॉलोनी, संजय कॉलोनी तथा आसपास के क्षेत्रों का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विकसित कॉलोनी में बेहतर सड़क, नाली, बिजली, पानी, पार्क, सामुदायिक केंद्र और शिक्षा जैसी सुविधाएं आवश्यक हैं। इसी दिशा में इंदिरा कॉलोनी में लगभग 95 लाख रुपये की लागत से कम्युनिटी सेंटर तैयार किया गया है।

शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि इसके निर्माण सभी का सहयोग रहा है। कम्युनिटी सेंटर के संचालन एवं रखरखाव के लिए ट्रस्ट पंजीकृत करवाया जाएगा तथा कार्यक्रमों के लिए मात्र 5,100 रुपये शुल्क निर्धारित किया जाएगा। गंदगी वाले स्थान पर चारदीवारी का निर्माण कर दिया गया है और आगामी दो माह में इसे सुंदर पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां बेंच, बच्चों के लिए झूले और ओपन जिम की सुविधा होगी।

विपुल गोयल ने मिलाड कॉलोनी के विकास में सहयोग के लिए एम.एल. शर्मा का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि श्री शर्मा ने कॉलोनी के विकास के लिए कुल 2.5 करोड़ रुपये खर्च करने का आश्वासन दिया है, जिसमें 1.25 करोड़ रुपये की पहली और 1.25 करोड़ रुपये की दूसरी किश्त शामिल है। उनके सहयोग से सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त स्कूल भवन के स्थान पर नए स्कूल के लिए स्थान चिन्हित किया गया है, जिसका निर्माण करवाया जाएगा। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए ओमेक्स कंपनी से बातचीत की गई है। कंपनी द्वारा 14 कमरों का अस्थायी स्कूल भवन और डिस्पेंसरी अगले तीन माह में तैयार करने का निर्णय लिया गया है, जिससे बच्चों को दूर स्कूल जाने की परेशानी से राहत मिलेगी और स्थानीय नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध होंगी।राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि इंदिरा कॉलोनी की शेष सड़कों और नालियों सहित विभिन्न विकास कार्यों के लिए लगभग 160 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास किया जा रहा है। महेंद्र कॉलोनी, मिलाड कॉलोनी और संजय कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी और आगामी छह माह में मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास रहेगा। विपुल गोयल ने युवाओं के रोजगार और शिक्षा को प्राथमिकता बताते हुए प्रत्येक परिवार से दो लोगों को रोजगार उपलब्ध करवाने की दिशा में प्रयास करने का संकल्प लिया। साथ ही, बेटियों के विवाह के लिए हरियाणा सरकार की योजना का उल्लेख करते हुए पात्र परिवारों से शादी तय होने पर एडीसी कार्यालय में आवेदन करने की अपील की, ताकि 71 हजार रुपये की सहायता राशि का लाभ मिल सके।कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने महिलाओं के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली हरियाणा सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। सरकार द्वारा महिलाओं को 2,100 रुपये मासिक सहायता देने के वादे को पूरा करने की दिशा में कार्य शुरू किया गया है। विपुल गोयल ने नागरिकों से आयुष्मान भारत सहित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए डिस्पेंसरी की व्यवस्था की जा रही है, ताकि महिलाओं, बुजुर्गों और जरूरतमंदों को उपचार के लिए दूर न जाना पड़े। उन्होंने विकास कार्यों में सहयोग देने वाले उद्योगपतियों, समाजसेवियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए जनसहयोग व सामूहिक प्रयासों से फरीदाबाद को बेहतर और सुविधायुक्त शहर बनाने का संकल्प दोहराया।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

