
अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
पंचकूला: धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और दूसरे राज्यों व विदेशों से आने वाले पर्यटकों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से पंचकूला में स्थापित हरियाणा की पहली टूरिस्ट पुलिस पोस्ट पर्यटकों के लिए मददगार साबित हो रही है। इसी कड़ी में यूरोप महाद्वीप के देश ऑस्ट्रिया से पर्यटकों का एक दल पंचकूला स्थित प्रसिद्ध माता मनसा देवी मंदिर में दर्शन करने पहुंचा। इस दौरान पंचकूला पुलिस की टूरिस्ट पुलिस पोस्ट की टीम ने विदेशी मेहमानों का सहयोग करते हुए उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाई और मंदिर परिसर का भ्रमण करवाया।

डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह के अनुसार, टूरिस्ट पुलिस पोस्ट पर तैनात प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों ने ऑस्ट्रिया से आए पर्यटक दल के सदस्यों के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें मंदिर परिसर से संबंधित आवश्यक जानकारी दी और उनके भ्रमण को सुविधाजनक बनाने में सहयोग किया। पुलिस टीम के सहयोग, व्यवहार और बेहतर व्यवस्थाओं से प्रभावित होकर पर्यटक दल के सदस्यों ने पंचकूला पुलिस का आभार व्यक्त किया। दल के सदस्यों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यहां आकर उन्हें बेहद शानदार अनुभव प्राप्त हुआ।

यहां की धार्मिक परंपराएं, रीति-रिवाज, वातावरण, स्थानीय लोगों का व्यवहार और पुलिस टीम का सहयोग उन्हें काफी अच्छा लगा। उन्होंने कहा कि वे भविष्य में दोबारा यहां आना पसंद करेंगे और उन्होने विडियों के माध्यम से अपने व अन्य देशों के लोगों को भी यहां आने तथा इस खूबसूरत अनुभव का हिस्सा बनने के लिए प्रेरित किया। मंदिर परिसर से विदा लेते समय दल के सदस्यों ने हिंदी में ‘नमस्कार’ और ‘जय माता दी’ कहकर अपनी खुशी जाहिर की और पंचकूला की सुखद यादों के साथ परिसर को अलविदा कहा।

इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर पंचकूला आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि जब टूरिस्ट पुलिस पोस्ट की शुरुआत की गई थी, तब इसका मुख्य उद्देश्य यही था कि दूसरे राज्यों और विदेशों से पंचकूला आने वाले पर्यटकों को ऐसा सहयोगी पुलिस वातावरण मिले, जहां वे बिना किसी परेशानी के अपनी यात्रा और धार्मिक स्थलों का भ्रमण कर सकें।

इसके लिए पुलिसकर्मियों को विशेष रूप से प्रशिक्षित किया गया है, ताकि वे देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के साथ बेहतर संवाद स्थापित कर सकें तथा उन्हें आवश्यक सुरक्षा, मार्गदर्शन और परिसर भ्रमण में सहायता प्रदान कर सकें। उन्होंने कहा कि पंचकूला पुलिस का प्रयास है कि यहां आने वाला प्रत्येक पर्यटक सुरक्षित महसूस करे और अपने साथ शहर की अच्छी यादें लेकर लौटे। ऑस्ट्रिया से आए पर्यटक दल द्वारा साझा किया गया सकारात्मक अनुभव पंचकूला पुलिस के इसी प्रयास की सार्थकता को दर्शाता है।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

