Athrav – Online News Portal
दिल्ली राष्ट्रीय हरियाणा हाइलाइट्स

हरियाणा के सभी मंत्रियों और विधायकों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुलाकात ऐतिहासिक और प्रेरणादायकः मुख्यमंत्री नायब सैनी

अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि देश के  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ प्रदेश के मंत्रियों और विधायकों की मुलाकात ऐतिहासिक और प्रेरणादायक रही। प्रधानमंत्री ने हरियाणा के विकास, जनसेवा और संगठन को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मार्गदर्शन हमारा संकल्प है, जिसे हम सभी धरातल पर उतारने का कार्य करेंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद नई दिल्ली के हरियाणा भवन में प्रेसवार्ता के दौरान बोल रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने इस मुलाकात के लिए लंबा समय दिया, जिसके लिए हम आभारी हैं। उन्होंने कहा कि यह साधारण बैठक नहीं, बहुत महत्वपूर्ण बैठक थी।

बैठक में प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी ने हरियाणा को विकसित भारत के संकल्प से और मजबूती से जोड़ने का स्पष्ट मार्गदर्शन दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी मंत्रीगण और विधायकगण प्रधानमंत्री की बातों को अपने-अपने क्षेत्र में, प्रदेश के लोगों के हित में धरातल पर उतारने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि मोदी  का मार्गदर्शन हरियाणा का संकल्प है। प्रधानमंत्री ने जो मंत्र दिया है, वह हमारा संकल्प है। आज प्रधानमंत्री से जो दिशा मिली है, उसे केवल बैठक तक सीमित नहीं रखा जाएगा। अब हर मंत्री अपने विभाग में, हर विधायक अपने विधानसभा क्षेत्र में और हर कार्यकर्ता अपने गांव में इस सोच को जमीन पर उतारने का काम करेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्पष्ट कहा है कि सरकार जनता के बीच जाए, मंत्रीगण जनता के बीच जाएं, विधायक जनता के बीच जाएं और कार्यकर्ता जनता के बीच जाएं। समस्या जमीन पर जाकर सुनी जाए और समाधान जमीन पर दिखाई दे। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि विकसित भारत का संकल्प हरियाणा के हर गांव और हर परिवार का संकल्प बनेगा। प्रधानमंत्री के दिशा-निर्देशों और मार्गदर्शन को पूरी निष्ठा, शक्ति और जन भागीदारी के साथ पूरा किया जाएगा।  मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि विकसित भारत केवल सरकारों के प्रयासों से नहीं बनेगा। यह तब बनेगा, जब देश का हर गांव, हर किसान, हर युवा, हर महिला और हर परिवार इस संकल्प के साथ जुड़ेगा। जब हर परिवार इस संकल्प से जुड़ेगा, तभी विकसित भारत के साथ विकसित हरियाणा भी बनेगा। उन्होंने कहा कि इस राष्ट्रीय संकल्प में हरियाणा की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रधानमंत्री के दिशा-निर्देशों के अनुसार सरकार का प्रयास रहेगा कि सरकार और जनता के बीच कोई दूरी न रहे। हर सरकारी योजना केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जन भागीदारी से जन अभियान बने। प्रधानमंत्री ने लोगों को अधिक से अधिक जोड़ने पर विशेष जोर दिया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इसी के तहत विधानसभा क्षेत्रों में नियमित रूप से 30 से 35 गांवों में बैठकें आयोजित की जाएंगी। प्रधानमंत्री ने मार्गदर्शन दिया है कि 200 से 300 लोगों की टोली महीने में एक बार गांव में जाए। वहां स्वच्छता अभियान चले और टिफिन बैठक हो। गांव के लोगों के साथ बैठकर संवाद हो, स्थानीय समस्याओं पर चर्चा हो और उनके समाधान का रास्ता निकले। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हरियाणा के साथ उनका लंबे समय तक जुड़ाव रहा है। वे हरियाणा को परिवार की तरह मानते हैं। पारिवारिक वातावरण में उन्होंने सभी विधायकों से बातचीत की। प्रधानमंत्री ने बताया कि पार्टी के काम के लिए वे हरियाणा के हर क्षेत्र में लोगों के घरों में रुकते थे और वहां से सबके बीच जाते थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री हरियाणा के लोगों से बहुत स्नेह और प्यार करते हैं। उनके दिशा-निर्देशों के अनुसार मंत्रीगण, विधायकगण और कार्यकर्ता जनता के बीच जाएंगे, उनकी बातें सुनेंगे और जनता के साथ मिलकर उनका समाधान निकालेंगे।  मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट किया है कि राजनीति सत्ता नहीं, सेवा का माध्यम है। प्रधानमंत्री ने सेवा के माध्यम से राजनीति का मार्ग दिखाया है। राजनीति केवल चुनाव जीतने का माध्यम नहीं है। राजनीति का अर्थ है जनता के सुख-दुख में शामिल होना और उनके साथ खड़े होना। उन्होंने कहा कि हमारा कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय जनता के बीच जाने वाला कार्यकर्ता नहीं है। वह सेवा के समय, संकट के समय और समाज के हर अच्छे काम में जनता के साथ खड़ा दिखाई देता है। यही सेवा भाव है। कोरोना के वैश्विक संकट का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि उस समय कोई दल दिखाई नहीं दे रहा था। अगर कोई दिखाई दिया तो हमारा कार्यकर्ता दिखाई दिया। हमारे विधायक और मंत्रीगण जनता के बीच उनके साथ खड़े दिखाई दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के दिशा-निर्देशों के अनुसार मंत्रीगण, विधायक और संगठन के कार्यकर्ता सेवा के माध्यम से जनता और संगठन के संबंधों को और मजबूत करेंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सेवा, स्वच्छता और पर्यावरण पर भी जोर दिया है। उनके निर्देशानुसार गरीब और जरूरतमंद परिवारों के घर पर्व और त्योहार के समय जाया जाएगा, स्वच्छता अभियान चलाए जाएंगे और बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया जाएगा। इन सभी कार्यक्रमों को जन भागीदारी से आगे बढ़ाया जाएगा। बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री ने कहा है कि इसके लिए विशेष कार्यक्रम चलने चाहिए, खासकर उन क्षेत्रों में जहां बालिका शिक्षा का स्तर कम दिखाई देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल विकास के आंकड़े बढ़ाना नहीं है। हम ऐसा हरियाणा बनाना चाहते हैं, जहां बेटी पढ़े, युवा आगे बढ़े, किसान समृद्ध हो और गरीब सम्मान के साथ अपना जीवन व्यतीत करे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि प्रधानमंत्री ने कहा है कि अन्नदाता को ऊर्जादाता बनाने की दिशा में काम करना चाहिए। इसी के अनुसार किसानों को अन्नदाता के साथ-साथ ऊर्जा दाता बनाने की दिशा में भी काम किया जाएगा। प्रधानमंत्री ने पीएम कुसुम योजना की चर्चा करते हुए कहा कि इसके माध्यम से सौर ऊर्जा आधारित कृषि पंपों को बढ़ावा दिया जाए। किसानों को अपनी मेढ़ पर सामूहिक रूप से सोलर पैनल लगाने के लिए जागरूक किया जाए। इससे कृषि भूमि का कम से कम उपयोग होगा और किसान ऊर्जा उत्पादन में भी भागीदार बनेंगे। इसी तरह प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की गई पीएम सूर्य घर योजना के माध्यम से घरों को सौर ऊर्जा से जोड़ने के प्रयास और तेज किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा में अब तक डेढ़ लाख से ज्यादा घरों की छतों पर सोलर पैनल लग चुके हैं और इन घरों का बिजली बिल शून्य है। यह प्रधानमंत्री की हर घर मुफ्त बिजली की सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि ग्रीन ऊर्जा का उत्पादन केवल बिजली पैदा करने का अभियान नहीं है। यह हरियाणा को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने का अभियान है। यह विकसित भारत की ऊर्जा यात्रा में हरियाणा की भागीदारी को बढ़ाने का अभियान है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने धरती बचाने और किसान को नई दिशा देने की बात कही है। कृषि में नई सोच और नई दिशा के साथ आगे बढ़ने की आवश्यकता है। उनका प्रयास रहेगा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम एक हजार किसानों को प्राकृतिक खेती से जोड़ा जाए। उन्होंने बताया कि उन्होंने सभी मंत्रियों और विधायकों से कहा है कि हर गांव में, हर परिवार कम से कम एक एकड़ भूमि पर प्राकृतिक खेती करे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने पिछले दिनों निर्णय किया था कि जो किसान प्राकृतिक खेती के माध्यम से बिना खाद और कीटनाशक के अन्न उत्पादन करेगा, उसकी उपज खाद्य विभाग खरीदेगा। प्रधानमंत्री ने “खेती बचाओ, प्राकृतिक खेती अपनाओ” को जन अभियान बनाने का मार्गदर्शन दिया है। नहरों की सफाई और रखरखाव पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा,ताकि टेल एंड तक पानी पहुंचे और पानी का पूरा उपयोग हो। प्रधानमंत्री ने किसान उत्पादक संगठनों (एफपी ओ) की भी चर्चा की। एफपीओ को मजबूत किया जाएगा और डिजिटल मंडियों के माध्यम से किसानों को बाजार और कृषि संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। जहां आवश्यकता और संभावना होगी, वहां बड़े कृषि क्लस्टर विकसित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान मजबूत होगा तो हरियाणा मजबूत होगा और हरियाणा मजबूत होगा तो विकसित भारत की नींव और मजबूत होगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि प्रधानमंत्री ने कहा है कि हरियाणा का युवा विकसित भारत की ताकत और शक्ति है। उन्होंने युवाओं के कौशल विकास पर विशेष जोर दिया है। आज पूरी दुनिया में कुशल युवाओं की बहुत बड़ी मांग है। इसलिए प्रधानमंत्री के निर्देशानुसार हरियाणा के युवाओं को बड़े पैमाने पर स्किल इंडिया से जोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम ऐसे युवा तैयार करना चाहते हैं जो केवल नौकरी तलाशने वाले न हों, बल्कि दुनिया के अलग-अलग देशों में हरियाणा और भारत की प्रतिभा का प्रतिनिधित्व करें। इसके लिए स्किल इंडिया स्किल सेंटरों को और मजबूत किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुग्राम को और बेहतर बनाने की दिशा में काम किया जाएगा, क्योंकि प्रधानमंत्री का मानना है कि यह केवल हरियाणा का एक शहर नहीं, बल्कि ग्लोबल सिटी है। उन्होंने बताया कि कल भी उन्होंने इस संबंध में बैठक ली है और अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्वच्छता सहित जिस भी प्रकार के इंफ्रास्ट्रक्चर की वहां आवश्यकता है, उसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। प्रधानमंत्री के दिशा-निर्देशों के अनुसार हरियाणा की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डॉलर की दिशा में आगे ले जाने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जाएंगे। हरियाणा की प्रगति विकसित भारत की प्रगति है। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट दिशा दी है कि भारत को विकसित बनाने के लिए राज्य को अपनी पूरी क्षमता के साथ योगदान देना होगा। उन्होंने कहा कि जब हरियाणा का किसान आधुनिक और समृद्ध होगा, तो वह विकसित भारत में अपना योगदान देगा। जब हरियाणा का युवा कुशल होगा, तो वह विकसित भारत की कार्यशक्ति बनेगा। जब हरियाणा के गांव स्वच्छ होंगे, तो वे विकसित भारत की तस्वीर बदलने का काम करेंगे। जब हरियाणा ऊर्जा के क्षेत्र में आत्म निर्भर होगा, तो भारत की ऊर्जा सुरक्षा और मजबूत होगी। जब हरियाणा की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, तो विकसित भारत की अर्थव्यवस्था भी और मजबूत होगी।

Related posts

अपराध शाखा ने अंतरराज्यीय पिस्तौल बेचने वाले रैकेट का भंडाफोड़, एक आरोपी  से 10 पिस्तौल व 40 कारतूस बरामद.

Ajit Sinha

पलवल: लडक़ी का अपहरण कर, नशीला पदार्थ पिलाकर बलात्कार करने वाले आरोपित को महिला थाना पुलिस ने किया अरेस्ट

Ajit Sinha

हरियाणा सरकार ने तुरंत प्रभाव से 24 आईएएस अधिकारियों के तबादले एवं नियुक्ति आदेश जारी किए हैं-जरूर पढ़े

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x