अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
फरीदाबाद:उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला प्रशासन फरीदाबाद द्वारा रविवार, 27 सितंबर को सूरजकुंड मेला ग्राउंड से ‘ड्रग-फ्री हरियाणा’ फरीदाबाद नमो हाफ मैराथन-2026’ आयोजित की जाएगी। डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि फरीदाबाद हाफ मैराथन में 21 किलोमीटर दौड़ का प्रारंभ प्रातः 6:15 बजे, 10 किलोमीटर दौड़ का प्रारंभ प्रातः 06:30 बजे तथा 5 किलोमीटर फन रन का प्रारंभ प्रातः 7:00 बजे होगा। सभी प्रतिभागियों को अपनी निर्धारित दौड़ के प्रारंभ समय से कम से कम 60 मिनट पहले आयोजन स्थल पर पहुंचना होगा, जबकि आयोजन स्थल के गेट प्रातः 5 बजे खोल दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रतिभागियों के लिए प्रवेश के समय अपना बिब (BIB) और वैध पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।

उन्होंने कहा कि मैराथन में 5 किलोमीटर फन रन,10 किलोमीटर तथा 21 किलोमीटर की श्रेणियां रखी गई हैं तथा 21 और 10 किलोमीटर की श्रेणियों में दिव्यांग प्रतिभागियों के लिए भी विशेष श्रेणी निर्धारित की गई है। विभिन्न श्रेणियों में प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए कुल करीब 10 लाख रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है।फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 में समावेशी खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 21 किलोमीटर और 10 किलोमीटर की दौड़ में दिव्यांग प्रतिभागियों के लिए विशेष श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। व्हीलचेयर और एम्प्यूटी प्रतिभागियों के लिए समर्पित इन श्रेणियों के माध्यम से दिव्यांग एथलीटों को भी अपनी प्रतिभा, उत्साह और खेल भावना का प्रदर्शन करने का समान अवसर मिलेगा। इन विशेष श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों के लिए विशेष पुरस्कारों का भी प्रावधान किया गया है। आयोजन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शारीरिक चुनौतियां किसी भी एथलीट के उत्साह और प्रतिभा के मार्ग में बाधा न बनें तथा प्रत्येक प्रतिभागी को स्टार्ट लाइन से लेकर पोडियम तक पहुंचने का समान अवसर प्राप्त हो। इस पहल के माध्यम से फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 समावेशी खेल भावना और समान अवसर के संदेश को भी मजबूती प्रदान करेगी। डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि 21.1 किलोमीटर की हाफ मैराथन में देश-विदेश से धावक भाग लेंगे। निर्धारित रूट के अनुसार 21.1 किलोमीटर की हाफ मैराथन सूरजकुंड मेला ग्राउंड से शुरू होकर एनएचपीसी कॉलोनी, ग्रीनफील्ड, श्री सिद्धदाता आश्रम, जिमखाना क्लब, एशियन अस्पताल, सेक्टर-20 मार्केट तथा धौज चौक सहित निर्धारित मार्गों से होकर गुजरेगी। वहीं, 5 किलोमीटर फन रन के प्रतिभागियों के लिए एनएचपीसी कॉलोनी के पास 5 किलोमीटर यू-टर्न, जबकि 10 किलोमीटर दौड़ के प्रतिभागियों के लिए मानव रचना इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट के समीप 10 किलोमीटर यू-टर्न निर्धारित किया गया है। निर्धारित यू-टर्न से वापस लौटते हुए सभी प्रतिभागी निर्धारित मार्ग से होकर सूरजकुंड मेला ग्राउंड पहुंचेंगे, जहां दौड़ का समापन होगा। डीसी आयुष सिन्हा ने कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मैराथन को फ्लैग ऑफ करेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर, हरियाणा सरकार में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, शहरी स्थानीय निकाय एवं नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले तथा मुद्रण एवं स्टेशनरी राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राजेश नागर, बल्लभगढ़ विधायक मूलचंद शर्मा, बड़खल विधायक धनेश अदलखा तथा एनआईटी फरीदबाद विधायक सतीश फागना की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में युवाओं का उत्साह बढ़ाने के लिए भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी क्रिकेटर शिखर धवन और हरियाणवी रैपर एमडी की भी उपस्थिति रहेगी। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद नमो मैराथन में बड़ी संख्या में नागरिकों की भागीदारी स्वस्थ एवं नशा-मुक्त समाज के संकल्प को और मजबूती प्रदान करेगी। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे इस अभियान का हिस्सा बनें और नशा-मुक्त हरियाणा के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

