अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
नई दिल्ली:उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं का कांग्रेस पार्टी में शामिल होने का सिलसिला लगातार जारी है। बुधवार को भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कद्दावर नेता व पूर्व सांसद अमीर आलम खान, पूर्व विधायक नवाज़िश आलम खान समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के दर्जनों प्रमुख नेताओं, पूर्व जनप्रतिनिधियों और समाजसेवी हस्तियों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान इंडियन मेडिकल काउंसिल, उत्तर प्रदेश के पूर्व चेयरमैन डॉ. मोहम्मद अकरम, एआईएमआईएम के एससी सेल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. टी.पी. सिंह सहित बड़ी संख्या में बसपा, आरएलडी, एआईएमआईएम और आम आदमी पार्टी के नेता कांग्रेस में शामिल हुए।

कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और सहारनपुर लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने पार्टी में शामिल होने वाले सभी नेताओं को पटका पहनाकर औपचारिक रूप से स्वागत किया।पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि देश की वर्तमान राजनीतिक और सामाजिक परिस्थितियों के मद्देनजर आज लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा करना सबसे बड़ी प्राथमिकता बन गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जिस मजबूती के साथ देश के लोकतंत्र एवं संवैधानिक संस्थाओं को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं, उससे प्रभावित होकर विभिन्न दलों के वरिष्ठ नेता और प्रबुद्ध वर्ग के लोग कांग्रेस के साथ आ रहे हैं।कांग्रेस में शामिल होने के बाद पूर्व सांसद और उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके अमीर आलम खान ने कहा कि वर्तमान दौर में देश में नफरत और विभाजनकारी शक्तियों के खिलाफ कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व ही सबसे मजबूती से खड़ा है। अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि वह 1985 में पहली बार विधायक बने थे। उसके बाद वह कई बार विधायक, उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री, लोकसभा सांसद और राज्यसभा सदस्य रहे। उन्होंने कहा कि वह राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के संघर्ष से प्रेरित होकर अपने साथियों के साथ कांग्रेस में शामिल हुए हैं।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

