अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
फरीदाबाद:जिला बार एसोसिएशन के बार रूम में आज नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर नवनिर्वाचित प्रधान विवेक रावत, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट भीष्म मुदगिल , महासचिव संजीव अत्री सहित अन्य पदाधिकारियों ने शपथ ग्रहण की। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान अधिवक्ताओं ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर नवनिर्वाचित प्रधान विवेक रावत ने कहा कि वे अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि अधिवक्ताओं के साथ प्रशासन की ओर से किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं होने दिया जाएगा तथा अधिवक्ताओं के हितों के लिए हर स्तर पर मजबूती से आवाज उठाई जाएगी। समारोह में बार काउंसिल ऑफ पंजाब एंड हरियाणा के सदस्य प्रदीप परमार ने अधिवक्ताओं की लाइब्रेरी के लिए बार काउंसिल के फंड से 2 लाख रुपये का चेक प्रदान किया। इस पहल की उपस्थित अधिवक्ताओं ने सराहना की। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता शिवदत्त वशिष्ठ ने कहा कि बार काउंसिल द्वारा उपलब्ध कराए गए इस फंड से लाइब्रेरी में कानून से संबंधित महत्वपूर्ण पुस्तकों की खरीद की जाएगी। इससे विशेष रूप से युवा अधिवक्ताओं को हाईकोर्ट एवं सुप्रीम कोर्ट के महत्वपूर्ण निर्णय और कानूनी सामग्री आसानी से उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि प्रदीप परमार द्वारा उठाया गया यह कदम अधिवक्ताओं के लिए उपयोगी एवं सराहनीय है। प्रदीप परमार ने भी आश्वासन दिया कि भविष्य में समय-समय पर बार काउंसिल की ओर से फरीदाबाद बार एसोसिएशन को आवश्यक सुविधाएं एवं सहयोग उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाते रहेंगे। समारोह में जोगिन्दर चौहान, सतेंद्र भड़ाना, प्रदीप शांडिल्य, नकुल छपराना, के.पी. तेवतिया, ओ.पी. यादव, सतवीर शर्मा, कुमार बालू सिंह, डॉ. शरद गौतम, ओमवीर धनखड़, समुद्र रावत, संजय गौर, देवेंद्र त्यागी, मनोज पंडित, महेश नागर, भारत पुजारी, महेंद्र कौशिक, कमल भाटी, डी.एस. रावत, महेंद्र चौधरी, सतपाल नागर, विजय यादव, मनमीत कौर, उमा चौहान सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

