अजीत सिन्हा / नई दिल्ली
घर खरीदारों के बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी से संबंधित जारी जांच में एक अन्य महत्वपूर्ण विकास के तहत,केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने एम/एस अजनारा इंडिया लिमिटेड तथा उसके प्रवर्तकों/निदेशकों और आईसीआईसीआई बैंक लिमिटेड,एचडीएफसी बैंक लिमिटेड,पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड तथा सम्मान कैपिटल लिमिटेड से संबंधित 15 लोक सेवकों के विरुद्ध आरोपपत्र दाखिल किया है। यह आरोप पत्र कथित धोखाधड़ीपूर्ण गतिविधियों के संबंध में दाखिल किया गया है, जो नोएडा, उत्तर प्रदेश के सेक्टर -118 स्थित प्लॉट संख्या जीएच-01 पर अवस्थित आवासीय परियोजना “अजनारा एम्ब्रोसिया” से संबंधित हैं। आरोपपत्र विशेष न्यायाधीश (सीबीआई), राउस एवेन्यू जिला न्यायालय, नई दिल्ली के समक्ष दाखिल किए गए हैं।

जांच में पर्याप्त साक्ष्य सामने आए हैं, और भारतीय दंड संहिता तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के प्रासंगिक प्रावधानों के अंतर्गत, आपराधिक षड्यंत्र, छल और आपराधिक विश्वासघात से संबंधित आरोप-पत्र सक्षम न्यायालय के समक्ष दाखिल कर दिया गया है।सीबीआई वर्तमान में सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसरण में दर्ज अन्य 34 मामलों की जांच कर रही है, जो देश भर में विभिन्न बिल्डर कंपनियों तथा वित्तीय संस्थानों के अज्ञात अधिकारियों के विरुद्ध, गृह खरीदारों से संबंधित कथित छल और धन के दुरुपयोग के मामलों से संबंधित हैं। सीबीआई ने पहले ही एम/एस रुद्रा बिल्डवेल कंस्ट्रक्शंस प्राइवेट लिमिटेड, एम/एस ड्रीम प्रोकॉन प्राइवेट लिमिटेड, एम/एस जेपी इंफ्राटेक लिमिटेड, एम/एस एवीजे डेवलपर्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड, एम/एस सीएचडी डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड, एम/एस सीक्वल बिल्डकॉन प्राइवेट लिमिटेड, एम/एस लॉजिक्स सिटी डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड, एम/एस मंजू जे होम्स इंडिया लिमिटेड, एम/एस शुभकामना बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड, एम/एस निनेक्स डेवलपर्स लिमिटेड, एम/एस डीसेंट बिल्डवेल प्राइवेट लिमिटेड,एम/एस रुद्रा बिल्डवेल प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड,एम/एस इथाका एस्टेट प्राइवेट लिमिटेड, एम/एस एलजीसीएल अर्बन होम्स (इंडिया) एलएलपी,एम/एस साहा इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड, एम/एस एमकेएचएस हाउसिंग एलएलपी, एम/एस ओज़ोन अर्बाना इन्फ्रा डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड तथा एम/एस अर्थकॉन यूनिवर्सल इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड के विरुद्ध और कुछ बैंकों तथा वित्तीय संस्थानों के अधिकारियों के विरुद्ध भी 19 आरोपपत्र दाखिल किए थे। सीबीआई आर्थिक अपराधों, भ्रष्टाचार और सार्वजनिक धोखाधड़ी से जुड़े मामलों, विशेषकर उन मामलों में, जो आम नागरिकों और घर खरीदारों के हितों पर प्रतिकूल प्रभाव डालते हैं, जवाबदेही सुनिश्चित करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराती है।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

