
अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
पंचकूला: अपराध नियंत्रण को और अधिक प्रभावी, तकनीकी रूप से सक्षम तथा जनसहभागिता आधारित बनाने के उद्देश्य से पंचकूला पुलिस ने अपनी रणनीति को और मजबूत करते हुए फील्ड पुलिसिंग, तकनीकी निगरानी और लंबित मामलों के निपटारे पर विशेष फोकस किया है। इसी क्रम में आज सेक्टर-4 एमडीसी , पंचकूला में डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह तथा डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह की अध्यक्षता में जिले के सभी एसीपी, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी, क्राइम यूनिट प्रभारी तथा विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों के साथ क्राइम मीटिंग आयोजित की गई।

मीटिंग में अपराध की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अपराधों की रोकथाम और आरोपियों की धरपकड़ के लिए प्रभावी रणनीति अपनाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष के पहले 8 महीनों में पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में कुल दर्ज मामलों में 26 प्रतिशत की कमी आई है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अपराध के इन आंकड़ों को और बेहतर बनाने के लिए फील्ड स्तर पर लगातार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।बैठक में भगोड़े अपराधियों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। पंचकूला पुलिस द्वारा इस वर्ष अब तक 245 भगोड़े अपराधियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। शेष भगोड़े अपराधियों को भी जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पुराने एवं लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करने तथा जांच में अनावश्यक देरी न करने के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने को कहा गया।फील्ड में तैनात राइडर, ईआरवी, पीसीआर और क्यूआरटी टीमों को हर परिस्थिति में सतर्क रहने तथा सभी नाकों पर पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। शरारती तत्वों और संदिग्ध गति विधियों पर विशेष निगरानी रखने के साथ-साथ संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने पर जोर दिया गया। तकनीकी पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने, पुलिस कर्मचारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित करने तथा आधुनिक टूल्स और सॉफ्टवेयर के माध्यम से उन्हें तकनीकी रूप से अधिक दक्ष बनाने का निर्णय लिया गया।इसके अलावा फुटपाथों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए। फर्जी सरकारी स्टीकर, रेड-ब्लू लाइट और अवैध सायरन लगाकर घूमने वाले वाहनों पर विशेष निगरानी रखते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। मीटिंग में गन कल्चर, रंगदारी और डिजिटल अरेस्ट जैसे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभेद्य ऐप का अधिक से अधिक उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को स्पष्ट किया गया कि प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी पूरी गंभीरता से निभाए और अपराध नियंत्रण के लिए निर्धारित लक्ष्यों की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करे।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

