
अरविन्द उत्तम की रिपोर्ट
नोएडा से एक सनसनीखेज और रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। 12 अगस्त को सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन पर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या करने वाले युवक अमृत शर्मा के पिता का शव अब उनके कमरे से बरामद हुआ है। पिता राजू शर्मा की धारदार हथियार से वार कर बेरहमी से हत्या की गई थी। शुरुआती जांच में जो कहानी सामने आई है, वह बेहद चौंकाने वाली और दर्दनाक है। डिप्रेशन और पिता द्वारा स्कूल में एडमिशन न कराने को लेकर उपजे विवाद की कड़ी अब इस दोहरे हत्याकांड-आत्महत्या से जुड़ती दिख रही है।

बीते 12 अगस्त 2026 को सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन पर उस वक्त हड़कंप मच गया था जब अमृत शर्मा नाम के युवक ने मेट्रो ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी थी। इस घटना के बाद मृतक अमृत के चाचा ने थाना फेस-3 पुलिस को सूचना दी कि अमृत के पिता राजू शर्मा का भी कोई सुराग नहीं मिल रहा है और उनका फोन भी बंद आ रहा है। अनहोनी की आशंका के चलते पुलिस ने तुरंत राजू शर्मा की तलाश शुरू की।

तलाश के दौरान जब पुलिस तिकोना पार्क, अजनारा समिति की गली नंबर-2 स्थित राजू शर्मा के कमरे पर पहुँची, तो अंदर का मंजर देखकर सबके होश उड़ गए। कमरे के अंदर राजू शर्मा का शव लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। उनके शरीर पर धारदार हथियार से किए गए गहरे वार के कई निशान मौजूद थे। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुँची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।पुलिस की प्राथमिक जांच और परिजनों से पूछताछ में पता चला है कि पिता राजू शर्मा अपने बेटे अमृत को घर से बाहर जाने से रोकते थे और उसका स्कूल में एडमिशन भी नहीं कराया था। इसी बात को लेकर अमृत गंभीर डिप्रेशन में चल रहा था।इस मामले में पुलिस को बेहद अहम सबूत मिले हैं, घटनास्थल से अमृत शर्मा के खून से सने कपड़े बरामद हुए हैं। आत्म हत्या करने वाले अमृत शर्मा के पास से ही उसके मृतक पिता का मोबाइल फोन और कमरे की चाबी बरामद हुई थी।इन सभी साक्ष्यों को फोरेंसिक टीम ने कब्जे में ले लिया है। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि बेटे ने पहले अपने पिता की धारदार हथियार से हत्या की और उसके बाद मेट्रो स्टेशन जाकर खुदकुशी कर ली।थाना फेस-3 पुलिस ने मृतक के भाई अमृत की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की हर पहलू से गहनता से विधिक जांच की जा रही है।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

