Athrav – Online News Portal
अपराध पंचकूला

पुलिस कमिश्नर पंकज नैन की निगरानी में 105 मामलों में जब्त 6.03 करोड़ से अधिक कीमत की हेरोइन, चरस, गांजा,अफीम नष्ट।


अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
पंचकूला: हरियाणा सरकार के नशा मुक्त अभियान को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारते हुए पंचकूला पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ एक और बड़ी एवं निर्णायक कार्रवाई की है। पुलिस कमिश्नर पंकज नैन की निगरानी एवं अध्यक्षता में गठित नशीले पदार्थों के निपटान समिति के निर्देशानुसार करीब 6 करोड़ 3 लाख 36 हजार 930 रुपये की अनुमानित बाजार कीमत वाले विभिन्न प्रकार के नशीले पदार्थों को सभी कानूनी औपचारिकताओं का पालन करते हुए वैज्ञानिक एवं सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया गया। जब्त किए गए नशीले पदार्थों को पुलिस कमिश्नर पंकज नैन की निगरानी में, सभी कानूनी शर्तों का पूर्ण पालन करते हुए बागवाला स्थित हाईजीन फैक्ट्री में उच्च तापमान वाली विशेष भट्टी में नष्ट किया गया, ताकि मादक पदार्थ पूरी तरह समाप्त हो जाएं और उनके दोबारा किसी भी प्रकार के दुरुपयोग या पुनः उपयोग की कोई संभावना न रहे। पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाए रखने के लिए डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता, एसीपी अजीत सिंह सहित कई पुलिस अधिकारी, कर्मचारी तथा संबंधित तकनीकी स्टाफ मौके पर मौजूद रहा और नष्टकरण की प्रत्येक प्रक्रिया की बारीकी से निगरानी की।
पुलिस कमिश्नर की अध्यक्षता वाली नशीले पदार्थों के निपटान समिति ने केवल उन्हीं केस प्रॉपर्टीज को नष्ट करने की अनुमति प्रदान की, जिनके संबंध में संबंधित न्यायालयों से विधिवत स्वीकृति प्राप्त हो चुकी थी। इससे पूरी प्रक्रिया न केवल कानूनी रूप से मजबूत रही बल्कि पारदर्शिता और जवाबदेही भी सुनिश्चित हुई। नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 60 मामलों की 2 किलोग्राम 296 ग्राम 947 मिलीग्राम हेरोइन, 11 मामलों की 24 किलोग्राम 97 ग्राम 19 मिलीग्राम चरस, 12 मामलों की 31 किलोग्राम 752 ग्राम गांजा, 1 मामले के 5 किलोग्राम 352 ग्राम अफीम के पौधे, 19 मामलों की 6 किलोग्राम 989 ग्राम 350 मिलीग्राम अफीम, 1 मामले की 6 किलोग्राम 422 ग्राम चूरा पोस्त (पॉपी हस्क) तथा 1 मामले की 750 नशीली गोलियां (टैबलेट) शामिल थीं। यह सभी मादक पदार्थ पंचकूला पुलिस द्वारा 105 अलग-अलग मामलों में कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए थे। इनकी कुल अनुमानित बाजार कीमत करीब 6 करोड़ 3 लाख 36 हजार 930 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे अभियान निरंतर जारी रहेंगे।पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने कहा कि नशीले पदार्थों का वैज्ञानिक तरीके से नष्टकरण केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में एक सशक्त कदम है। उन्होंने कहा कि पंचकूला पुलिस समाज को नशे के खतरे से सुरक्षित रखने के लिए आगे भी सख्त, पारदर्शी और लगातार कार्रवाई करती रहेगी तथा नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर पूरी दृढ़ता से काम करेगी। वहीं डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं भी नशा तस्करी, अवैध बिक्री, पेडलर नेटवर्क अथवा किसी व्यक्ति द्वारा मादक पदार्थों के दुरुपयोग की जानकारी मिले तो तुरंत मानस हेल्पलाइन 1933 अथवा पंचकूला पुलिस के ड्रग इंफो हेल्पलाइन नंबर 7087081100 एवं 7087081047 पर सूचना दें। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि यदि उनके परिवार या आसपास का कोई व्यक्ति नशे की लत से जूझ रहा है तो शर्म या भय के कारण समस्या को छिपाने के बजाय आगे आकर सहायता लें। पंचकूला पुलिस नशा मुक्ति अभियान के तहत उपचार, परामर्श, पुनर्वास तथा सामाजिक सहयोग की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि नशे की गिरफ्त में आए लोगों को एक नई और बेहतर जिंदगी की ओर लौटने का अवसर मिल सके।

Related posts

जर्मनी भेजने के नाम पर व्यक्ति से 17 लाख रुपए की ठगी, कबूतरबाजों ने सर्बिया में छोड़ा, अनिल विज से की शिकायत

Ajit Sinha

देश छोड़ कर भाग रहे करोड़ों के घपलेबाज मयंक अग्रवाल को दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने एयरपोर्ट से धर दबोचा।

Ajit Sinha

अदालत में एक शख्स ने लिखा हुआ पत्र रीडर को सौप, और बाहर आकर जहरीला पदार्थ खा लिया -अस्पताल में भर्ती

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x