
अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
नई दिल्ली:कांग्रेस ने केंद्र और राजस्थान की भाजपा सरकार पर लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी की कोटा की ‘छात्रों की गूंज महारैली’ को बाधित करने का गंभीर आरोप लगाया है। नई दिल्ली स्थित कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता करते हुए पार्टी प्रवक्ता डॉ. रागिनी नायक ने आरोप लगाया कि राजस्थान की भाजपा सरकार कोटा में रैली के बैनर और होर्डिंग हटा रही है। साथ ही कोचिंग सेंटरों और गेस्ट हाउस में छात्रों को धमका भी रही है, ताकि उन्हें इस महारैली में शामिल होने से रोका जा सके। उन्होंने भाजपा-आरएसएस पर झूठ बोलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इसी कड़ी में आज भी इस महारैली को लेकर भाजपा द्वारा एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की गई, जिसमें सिर्फ झूठ परोसा गया।
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की पूर्व अध्यक्ष डॉ. रागिनी नायक ने कहा कि एनएसयूआई और युवा कांग्रेस ने पेपर लीक व सीबीएसई के ओएसएम की गड़बड़ी के खिलाफ आवाज उठाई तथा देशभर में 50 से ज्यादा प्रदर्शन किए तो भाजपा सरकार ने अपनी पुलिस से लाठी चलवाई। वहीं भाजपा की छात्र और युवा इकाई एबीवीपी एवं युवा मोर्चा इस मुद्दे पर पूरी तरह शांत हैं। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि भाजपा कितनी भी कोशिश कर ले, वह राहुल गांधी और छात्रों को रोक नहीं पाएगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश के ‘कोचिंग हब’ माने जाने वाले कोटा से छात्रों की गूंज महारैली के माध्यम से एक राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत कर रहे हैं। यह अभियान छात्रों के सामने आने वाली प्रमुख चिंताओं पर केंद्रित होगा, जिनमें कोचिंग की बढ़ती फीस, प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक, शिक्षा की बढ़ती लागत, बेरोजगारी, मानसिक स्वास्थ्य और तनाव की चुनौतियां शामिल हैं।उन्होंने बताया कि कोटा के बाद यह अभियान देश के विभिन्न हिस्सों में पहुंचेगा, जिसका नेतृत्व कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई और युवा इकाई भारतीय युवा कांग्रेस करेगी। राहुल गांधी आने वाले समय में इलाहाबाद (प्रयागराज), पटना और दिल्ली में छात्र सम्मेलनों को संबोधित करेंगे।कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार द्वारा निजीकरण, केंद्रीयकरण और वैचारिक हस्तक्षेप के माध्यम से देश की शिक्षा व्यवस्था को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में शिक्षा पर सरकारी खर्च में गिरावट आई है, जिससे परिवारों को निजी शिक्षण संस्थानों पर निर्भर होना पड़ रहा है और उनका खर्च बढ़ गया है।कांग्रेस नेता ने परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं और शिक्षा क्षेत्र के अन्य मुद्दों पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई। उन्होंने आंकड़ा देते हुए कहा कि पिछले 10 वर्षों में देश में 89 पेपर लीक हुए हैं।रोजगार की बिगड़ती स्थिति पर चिंता जताते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि देश में बड़ी संख्या में स्नातक बेरोजगार हैं। उन्होंने पिछले एक दशक में छात्र आत्महत्याओं के बढ़ते मामलों पर भी चिंता जताई।कांग्रेस नेता ने नीट पेपर लीक के लिए जिम्मेदार नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के इशारे पर मैसेजिंग ऐप ‘टेलीग्राम’ को बैन किए जाने को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष तरीके से परीक्षाएं कराने में बार-बार विफल रहने के लिए सरकार को असल में एनटीए को ही भंग कर देना चाहिए।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

