
अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
नई दिल्ली, कांग्रेस ने सोने-चांदी पर आयात शुल्क और पेट्रोल-डीजल व गैस के दामों में वृद्धि को जनविरोधी बताते हुए मोदी सरकार को पुरजोर तरीके से घेरा है। नई दिल्ली स्थित कांग्रेस कार्यालय में पार्टी महासचिव और राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि सरकार द्वारा सोने-चांदी पर आयात शुल्क को छह प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत करने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक साल तक सोना न खरीदने की अपील से देश का आभूषण उद्योग गंभीर संकट में आ जाएगा। सरकारी आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि जुलाई 2020 से अगस्त 2025 के बीच 75,082 एमएसएमई बंद हो चुके हैं। 2015-16 से 2022-23 के बीच असंगठित विनिर्माण क्षेत्र में 18 लाख एमएसएमई बंद हो गए। उन्होंने आगे कहा कि अब प्रधानमंत्री छोटे सुनार, कारीगर, व्यापारियों की आजीविका को खत्म करने और देश में तबाही मचाने का रास्ता खोल रहे हैं। उन्होंने इसे भाजपा निर्मित त्रासदी और क्रूर अमानवीय अत्याचार बताया।
स्वर्णकार संघ के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की मौजूदगी में पत्रकार वार्ता करते हुए सुरजेवाला ने बताया कि आभूषण क्षेत्र भारत की जीडीपी में लगभग सात प्रतिशत योगदान देता है और देश के कुल व्यापारिक निर्यात में इसकी हिस्सेदारी 12 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र सीधे तौर पर 50 लाख से अधिक कारीगरों को रोजगार देता है और इससे लगभग साढे तीन करोड़ लोग सीधे या परोक्ष रूप से जुड़े हुए हैं। उन्होंने यह चेतावनी दी कि गहनों की मांग में एक साल की गिरावट इस उद्योग को तबाह कर सकती है।सुरजेवाला ने आशंका जताई कि आयात शुल्क 15 प्रतिशत होने से सोने की तस्करी को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि जब शुल्क छह प्रतिशत था, तब भी सालाना 10 से 15 मीट्रिक टन सोने की तस्करी हो रही थी।
मोदी सरकार के समक्ष पांच सवाल रखते हुए सुरजेवाला ने पूछा कि क्या नोटबंदी की तरह उद्यम बंदी भी भाजपा का ‘न्यू नॉर्मल’ है? सोना न खरीदने की अपील से प्रभावित साढ़े तीन करोड़ लोगों के लिए क्या सरकार के पास कोई राहत पैकेज है? सरकार देश में पहले से मौजूद सोने का इस्तेमाल कर बुलियन बैंकिंग फ्रेमवर्क क्यों नहीं बना रही? क्या आभूषण की छोटी दुकानों को बंद करके इस सेक्टर को दो-तीन बड़े उद्योगपतियों को सौंपने की तैयारी है? उन्होंने तंज करते हुए यह भी पूछा कि जब मोदी सरकार खुद पिछले सात महीनों में 85.88 मीट्रिक टन सोना खरीद चुकी है, तो आम लोगों को सोना न खरीदने की सलाह क्यों दी जा रही है?कांग्रेस महासचिव ने याद दिलाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहले 22 अप्रैल 2024 को राजस्थान में महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा था कि विपक्ष मंगलसूत्र छीन लेगा, जबकि अब हैदराबाद में लोगों से एक साल तक सोना न खरीदने की अपील कर दी। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि अब पता चला है कि मोदी सरकार की हिंदुस्तान की माताओं-बहनों के आभूषण छीनने की असली योजना क्या थी। उन्होंने कहा कि सोने के आभूषण हमारी सांस्कृतिक विरासत की पहचान हैं, सामाजिक रीति-रिवाजों का हिस्सा हैं; ये न केवल सुरक्षा कवच हैं, बल्कि वैभव की पहचान भी हैं।
पेट्रोल-डीजल और गैस की कीमतों पर बोला हमला
सुरजेवाला ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2014 से 2025 के बीच मोदी सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर भारी एक्साइज ड्यूटी लगाकर जनता से 43 लाख करोड़ रुपये वसूले हैं, जो लगभग 1,000 करोड़ रुपये प्रतिदिन बैठते हैं। उन्होंने बताया कि 2014 में कांग्रेस की सरकार के समय पेट्रोल का दाम 71.41 रुपये प्रति लीटर था, जो अब दिल्ली में 97.77 रुपये तक पहुंच गया है, डीजल 56.71 रुपये से बढ़कर 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गया है। उन्होंने कहा कि 2014 में कच्चे तेल की कीमत औसतन 100-108 डॉलर प्रति बैरल थी और पश्चिम एशिया युद्ध के समय को छोड़कर मोदी सरकार के कार्यकाल में कच्चे तेल के दाम औसतन 70 डॉलर प्रति बैरल रहे हैं; इस हिसाब से देश में पेट्रोल 61.60 रुपये और डीजल 56.99 रुपये प्रति लीटर मिलना चाहिए था। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा एक्साइज ड्यूटी घटाने का भी जनता को कोई फायदा नहीं मिला, इसका पूरा फायदा सिर्फ तेल कंपनियों की जेब में गया। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान सरकार पेट्रोल-डीजल की कीमतें न बढ़ाने का झूठा दावा करती है और चुनाव खत्म होते ही दाम बढ़ा दिए जाते हैं। कांग्रेस महासचिव ने गैस कीमतों की वृद्धि का मुद्दा उठाते हुए आगे कहा कि 12 साल में घरेलू सिलेंडर की कीमतों में 121 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 3,071 रुपये से अधिक हो गई है। पांच किलो वाले छोटू सिलेंडर की कीमत भी 261 रुपये बढ़ा दी गई है। उन्होंने कहा कि सीएनजी की कीमत भी दो रुपये बढ़ाकर 79 रुपये प्रति किलो कर दी गई है। उन्होंने नागरिकों पर ईंधन और रसोई गैस की ऊंची कीमतों का बोझ डाले जाने को भाजपा सरकार का लूट का लगातार चलने वाला चक्र बताया।

