
अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
नई दिल्ली:कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को केरलम में विधानसभा चुनाव प्रचार का शंखनाद करते हुए राज्य में एलडीएफ व भाजपा के बीच अंदरूनी मिलीभगत पर जमकर हमला बोला। पार्टी नेताओं ने राज्य की आर्थिक तंगहाली, स्वास्थ्य बदहाली, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, नशे के बढ़ते मामलों को लेकर भी एलडीएफ सरकार को पुरजोर तरीके से घेरा।मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी बुधवार को केरलम के कोझिकोड में यूडीएफ (यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट) गठबंधन की विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

विशाल भीड़ के बीच अपने संबोधन में खरगे ने कहा कि केरलम में सत्तारूढ़ सीपीआई (एम) और भाजपा के बीच एक गुप्त समझौता है, जिसका नाम ‘कम्युनिस्ट-जनता पार्टी’ है। उन्होंने कहा कि भाजपा विधानसभा चुनाव में जानबूझकर कमजोर उम्मीदवार उतार रही है, ताकि एलडीएफ गठबंधन की मदद की जा सके। उन्होंने जोर देकर कहा कि एलडीएफ धर्मनिरपेक्ष होने का दावा करती है, लेकिन वह भाजपा की मदद कर रही है। भाजपा को दिया गया हर वोट सीधे तौर पर एलडीएफ को उपहार है।

खरगे ने एलडीएफ सरकार की नाकामियां गिनाते हुए कहा कि उसे दो पूर्ण कार्यकाल मिले, लेकिन उसने कुछ नहीं किया। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि दूध के बूथों की जगह शराब की दुकानें बढ़ गईं। साथ ही कहा कि आज राज्य ड्रग्स का बड़ा केंद्र बन गया है।आर्थिक तंगहाली का उल्लेख करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि केरलम पर कर्ज का बोझ बढ़कर छह लाख करोड़ रु तक पहुंचने वाला है। आज हर व्यक्ति पर लगभग 1.7 लाख रु का कर्ज है। उन्होंने एलडीएफ सरकार पर मालाबार क्षेत्र को नजरअंदाज करने का भी आरोप लगाया। विदेश में रह रहे केरलम के लोगों का उल्लेख करते हुए उऩ्होंने कहा कि युद्ध के समय वे वापस आ रहे हैं, लेकिन सरकार उनके लिए कोई व्यवस्था नहीं कर रही।सबरीमाला मंदिर से सोना चोरी होने का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि एलडीएफ सरकार ने भगवान को भी नहीं बख्शा। जिस सरकार ने मंदिर के सोने पर हाथ साफ किया, उससे क्या उम्मीद की जा सकती है?वहीं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि कल उनकी माता सोनिया गांधी अस्पताल में भर्ती हुईं थीं, इसलिए उन्हें उनके पास ही रुकना पड़ा।

एलडीएफ-भाजपा के बीच मिलीभगत पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा कि देशभर में विपक्षी नेताओं के खिलाफ केस दर्ज किए जाते हैं। उनके (राहुल) खिलाफ भी लगभग 40 केस हैं। ईडी ने उनसे लगातार पांच दिनों तक पूछताछ की। लेकिन भाजपा केरलम के मुख्यमंत्री पर हमला क्यों नहीं करती? मुख्यमंत्री के खिलाफ भ्रष्टाचार के केस आगे क्यों नहीं बढ़ रहे हैं? उन्होंने इसे भाजपा और एलडीएफ के बीच मिलीभगत का सबसे बड़ा सबूत बताया।राहुल गांधी ने बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय स्तर पर हर वर्ष दो करोड़ नौकरियों का वादा किया था। उसी तर्ज पर केरलम के मुख्यमंत्री ने राज्य में 40 लाख नौकरियों का वादा किया था। लेकिन उन्होंने एक दशक में नौकरियां नहीं दी; बल्कि नौकरियां ही खत्म कर दीं। उन्होंने कहा कि राज्य में हर तीन में से एक युवा बेरोजगार है और ऐसे हालात में एलडीएफ शासन में पिछले दरवाजे से नियुक्तियां हो रही हैं। उन्होंने राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली और बढ़ती नशाखोरी का मुद्दा भी उठाया।राहुल गांधी ने मंगलवार रात का जिक्र करते हुए बताया कि वह अस्पताल में अपनी माँ के कमरे में सोफ़े पर सो रहे थे और उनकी सेहत को लेकर बहुत परेशान थे। उन्हें केरलम की एक नर्स से सुकून मिला जो हर घंटे उनकी माँ को देखने आती थी। उन्होंने (राहुल) खुद को यह सोचते हुए पाया कि केरलम की नर्सों ने कितने बेटों, बेटियों, भाइयों और बहनों को उनके सबसे मुश्किल पलों में सुकून दिया है। कांग्रेस नेताओं ने जनता से अपील की कि वे यूडीएफ उम्मीदवारों को वोट दें। उन्होंने कहा कि यूडीएफ की सरकार आने पर केएसआरटीसी की बसों में सभी महिलाओं को मुफ्त बस सफर की सुविधा मिलेगी। कॉलेज की छात्राओं को हर महीने एक हजार रुपये की वित्तीय मदद दी जाएगी। वेलफेयर पेंशन बढ़ाकर तीन हजार रुपये की जाएगी। 25 लाख रुपये के बीमा कवर वाली नई हेल्थ इंश्योरेंस स्कीम लागू की जाएगी। युवाओं को अपना व्यापार शुरू करने के लिए पांच लाख रुपये तक का बिना ब्याज का ऋण मिलेगा। इसके अतिरिक्त वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक समर्पित मंत्रालय का गठन किया जाएगा। इस दौरान खरगे ने यह भी याद दिलाया कि राहुल गांधी ने केरल से वादा किया है कि यूडीएफ के सत्ता में आने पर एक फीफा-एक्रेडिटेड स्टेडियम बनाया जाएगा, जो महान फुटबॉल खिलाड़ियों की मेजबानी कर सके।इस दौरान कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, दीपा दासमुंशी, सन्नी जोसेफ, वी.डी. सतीशन, सैयद सादिक अली शिहाब थंगल, के. सुधाकरन, रमेश चेन्निथला, पी.के. कुन्हालिकुट्टी, एम.के. राघवन, सचिन पायलट, इमरान प्रतापगढ़ी समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

