अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
पंचकूला: पंचकूला पुलिस ने “ऑपरेशन ट्रैकडाउन” के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी और अवैध हथियार सप्लाई करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में कुल तीन चोरी के आरोपित किशोर समेत तीन हथियार सप्लायर को पकड़ा है। पुलिस ने इनके कब्जे से वारदात में प्रयोग स्विफ्ट कार, एक देसी पिस्टल, दो देसी कट्टे और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि गत 4 नवंबर को रामगढ़ चौकी में पंचकूला निवासी एक शिकायतकर्ता ने दुकान का ताला तोड़कर की गई चोरी की शिकायत दर्ज करवाई थी। इस पर थाना चंडीमंदिर पुलिस में मामला दर्ज किया गया। मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए इंचार्ज दलीप सिंह की अगुवाई में एएसआई नीरज व सिपाही साहिल ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और गुप्त सूचना के आधार पर सलीम उर्फ सोनू उम्र 34 साल निवासी राजपुरा, अनवर उर्फ गुरी उम्र 34 साल व अविनाश उर्फ मक्खी उम्र 19 साल दोनों निवासी शिवालिक कॉलोनी, डेराबस्सी को रामगढ़ से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सामने आया कि ये तीनों आरोपित पंचकूला क्षेत्र में पांच और पंजाब के ढकौली क्षेत्र में तीन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। तीनों आरोपितों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है ताकि चोरी का सामान बरामद किया जा सके, पुलिस ने वारदात में प्रयोग कार बरामद कर ली है। इसी क्रम में 5 नवंबर को क्राइम ब्रांच-26 की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सूरज पुत्र सतबीर सिंह निवासी पौड़ी गढ़वाल (उत्तराखंड), हाल किरायेदार पंजाब कॉलोनी डफरपुर जिला मोहाली को गिरफ्तार किया। सूरज रैपीडो टैक्सी चालक का कार्य करता था और अवैध हथियार सप्लाई करता था। उसके पास से एक देसी पिस्टल बरामद हुई।आरोपित के खिलाफ थाना चंडीमंदिर में आर्म्स एक्ट की धारा 25(1)(B)(a) के तहत मामला दर्ज किया गया। अदालत में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इसके बाद 7 नवंबर को क्राइम ब्रांच-26 की टीम ने गुप्त सूचना पर अजय उर्फ बिट्टू, उम्र 26 साल निवासी शांति विहार, जिला मोहाली को बरवाला-डेराबस्सी रोड से एक अवैध देसी कट्टा और चार जिंदा कारतूस के साथ काबू किया। अदालत ने आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है ताकि मुख्य सप्लायर तक पहुंचा जा सके। जांच अधिकारी एएसआई राजेश की टीम जिसमें मुख्य सिपाही सुरेश, मुख्य सिपाही प्रवेश, सिपाही साहिल और सिपाही मोहन शामिल थे, ने बेहतरीन टीमवर्क का प्रदर्शन करते हुए आरोपित को दबोचा।

इसके अतिरिक्त 6 नवंबर को क्राइम ब्रांच-26 की टीम ने एक नाबालिग को सेक्टर-14 से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस के साथ पकड़ा था। उसे जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश कर बाल सुधार गृह अंबाला भेज दिया गया। एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने बताया कि पंचकूला पुलिस लगातार ऐसे अपराधियों के खिलाफ सक्रिय है जो चोरी, लूटपाट या अवैध हथियारों के धंधे में शामिल हैं। “ऑपरेशन ट्रैकडाउन” के तहत पुलिस की कई टीमें लगातार क्षेत्र में सक्रिय हैं और ऐसे अपराधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि यह सफलता पंचकूला पुलिस की सतर्कता, त्वरित कार्रवाई और टीमवर्क का परिणाम है।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

