अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
चंडीगढ़:हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने वर्ष 2026 के शुरुआती दो महीनों में संगठित अपराध के विरुद्ध बड़ी सफलता हासिल करते हुए राज्य में सक्रिय आपराधिक गिरोहों पर प्रभावी शिकंजा कसा है। खुफिया सूचनाओं पर आधारित सटीक एवं लक्षित कार्रवाई के माध्यम से एसटीएफ ने गैंगस्टरों, इनामी अपराधियों और संगठित अपराध में शामिल तत्वों के नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धियां दर्ज की हैं । जनवरी और फरवरी 2026 के दौरान एसटीएफ हरियाणा ने कुल 145 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें 71 गैंग सदस्य और 22 इनामी अपराधी शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों में कई कुख्यात गिरोहों से जुड़े अपराधी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त अन्य संगठित अपराधों में शामिल 20 अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया।
एसटीएफ द्वारा की गई प्रमुख कार्रवाइयों में अंबाला विस्फोटक प्रकरण का सफल खुलासा विशेष रूप से उल्लेखनीय है। जनवरी 2026 में थाना बलदेव नगर, अंबाला परिसर में खड़ी एक मारुति 800 कार में पाकिस्तान से जुड़ा गैंगस्टर-आतंकी एवं आतंकी संगठन के इशारे पर विस्फोट की साजिश रची गई थी। एसटीएफ ने समय रहते इस साजिश को विफल कर दिया तथा अब तक 07 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसी प्रकार फिल्म निर्माता के आवास पर फायरिंग मामले में एसटीएफ हरियाणा ने मुंबई पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए फायरिंग करने वाले 04 आरोपियों को गिरफ्तार कर मुंबई पुलिस की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल को सौंपा। जनवरी 2026 में एसटीएफ करनाल द्वारा एक गैंग के 04 सदस्यों को विदेशी पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया गया । जांच में सामने आया कि ये आरोपी भारत और अमेरिका में हत्या तथा रंगदारी की साजिशों से जुड़े हुए थे। आरोपियों के कब्जे से एक बुलेटप्रूफ फोर्ड एंडेवर वाहन भी बरामद किया गया। फरवरी 2026 में जम्मू की आरएस पुरा किशोर जेल से फरार दो पाकिस्तानी नागरिकों को एसटीएफ अंबाला ने अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर जम्मू पुलिस के हवाले किया। इन दोनों ने फरार होते समय सुरक्षाकर्मियों पर फायरिंग भी की थी। इसके अलावा गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड स्थित शोरूम फायरिंग मामले में एसटीएफ गुरुग्राम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से दो देशी पिस्तौल, मैगजीन तथा 07 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
कार्रवाइयों के दौरान एसटीएफ ने जनवरी–फरवरी 2026 के बीच 22 ब्रांडेड पिस्तौल, 09 देशी पिस्तौल, 02 मैगजीन तथा 65 जिंदा कारतूस बरामद किए। इसी अवधि में 04 मुठभेड़ की घटनाओं में 05 अपराधी घायल हुए। एसटीएफ के निरन्तर प्रयासों के चलते वर्ष 2026 में विदेशों से सक्रिय गैंगस्टरों को भी कानून के शिकंजे में लाया गया है। अंकित शोकीन (थाईलैंड), अमन भैंसवाल (अमेरिका), सोमवीर उर्फ मोटा (अमेरिका) और शीलू डाहर (मॉस्को) को प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया है।हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने एसटीएफ की इस उपलब्धि पर सराहना करते हुए कहा कि माननीय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में हरियाणा पुलिस संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि एसटीएफ की निरंतर कार्रवाई से राज्य में सक्रिय अपराधियों के नेटवर्क को प्रभावी ढंग से ध्वस्त किया जा रहा है। डीजीपी ने कहा कि हरियाणा पुलिस अत्याधुनिक तकनीक, खुफिया तंत्र और अंतर-राज्यीय एवं अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय के माध्यम से अपराधियों पर लगातार नकेल कस रही है और प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सतत अभियान, मजबूत खुफिया तंत्र और अंतर-एजेंसी समन्वय के माध्यम से एसटीएफ हरियाणा ने न केवल राज्य में सक्रिय गैंग नेटवर्क को कमजोर किया है, बल्कि देश और विदेश में सक्रिय अपराधियों से उत्पन्न खतरे को भी प्रभावी रूप से निष्प्रभावी किया है। यह उपलब्धि हरियाणा पुलिस की कानून के शासन और जनसुरक्षा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

