Athrav – Online News Portal
दिल्ली राजनीतिक राष्ट्रीय वीडियो

प्रियंका बोलीं- नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री पद का स्तर गिराया

अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
नई दिल्ली:कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री पद के स्तर को गिराने का काम किया है। प्रधानमंत्री मोदी में इतनी भी हिम्मत नहीं है कि वे जनता को अपने दस साल के कामों के बारे में बता पाएं। यह बातें प्रियंका गांधी ने शनिवार को महाराष्ट्र के नंदुरबार में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहीं। जनसभा में उमड़े विशाल जनसैलाब के बीच कांग्रेस महासचिव ने कहा कि नरेंद्र मोदी मंच पर आकर रोने लगते हैं और कहते हैं कि मुझे गाली दी। मोदी जी, इंदिरा गांधी जी से कुछ सीखें, जिन्होंने पाकिस्तान के दो टुकड़े कर दिए। लेकिन मोदी इंदिरा जी से नहीं सीख सकते हैं। क्योंकि मोदी जी उन जैसी महान महिला को देशद्रोही कहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता संविधान बदलने की बात कर रहे हैं। इन्हीं भाजपा नेताओं के साथ मोदी गाड़ी में बैठकर रोड शो करते हैं और मंच से भाषण देते हैं।

महिलाओं और आदिवासियों पर हो रहे अत्याचार का मुद्दा उठाते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि मणिपुर में एक महिला के साथ बहुत अत्याचार हुआ, उसे निर्वस्त्र करके घुमाया गया, कई लोगों की मौत हो गई, घर जलाए गए। मध्य प्रदेश में भाजपा के नेता ने एक आदिवासी युवा पर पेशाब कर उसका वीडियो बनाया और पूरे हिंदुस्तान में दिखाया। जब भी देश में आदिवासी समाज पर अत्याचार हुआ है, प्रधानमंत्री मोदी से लेकर भाजपा का हर बड़ा नेता चुप रहा है। झारखंड में हेमंत सोरेन देश के इकलौते आदिवासी मुख्यमंत्री थे। चुनाव के बीच में उन्हें जेल में डाल दिया गया है। आदिवासियों पर भाजपा लगातार हमला कर रही है। देश की राष्ट्रपति आदिवासी हैं। नरेंद्र मोदी हजारों करोड़ रुपये खर्च कर एक नया संसद भवन बनाते हैं और उसका उद्घाटन खुद करते हैं। लेकिन राष्ट्रपति को उद्घाटन के लिए नहीं बुलाते हैं। राम मंदिर का उद्घाटन भी मोदी खुद करते हैं, मगर राष्ट्रपति को नहीं बुलाया जाता। उन्होंने कहा कि आज आदिवासी समाज को सम्मान नहीं दिया जा रहा है। कांग्रेस महासचिव ने नरेंद्र मोदी द्वारा खुद को शबरी का पुजारी कहने पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब हाथरस की एक बेटी के साथ अन्याय हुआ, उन्नाव की बहन के साथ अत्याचार हुआ, जब महिला पहलवान न्याय की गुहार लगा रही थी, तब प्रधानमंत्री मोदी के मुंह से एक शब्द नहीं निकला। यहां तक कि प्रधानमंत्री मोदी ने उन अपराधियों को संरक्षण दे दिया। इस चुनाव में अत्याचारी के बेटे को टिकट दिया। नरेंद्र मोदी की सभी बातें खोखली हैं। कांग्रेस द्वारा आदिवासी समाज के लिए किए गए कार्यों को गिनाए हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि मेरी दादी इंदिरा गांधी जी हमेशा चुनाव का प्रचार यहीं से शुरू करती थीं। इंदिरा गांधी जी का आदिवासी समाज से काफी गहरा रिश्ता था। वह कहती थीं कि आपकी संस्कृति, दुनिया की सबसे अच्छी और मजबूत संस्कृति है। इंदिरा जी ने आदिवासियों को जल-जंगल-जमीन पर अधिकार दिया। संविधान को मजबूत रखा और हमेशा जनता के अधिकारों के लिए लड़ीं। कांग्रेस सरकार के समय एससी-एसटी सब प्लान, एससी-एसटी अत्याचार निवारण कानून, पेसा कानून, पंचायती राज कानून, फॉरेस्ट राइट एक्ट, मनरेगा कानून बने। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि पिछले दस वर्ष में जनता के जीवन में कोई तरक्की नहीं हुई है। मोदी देश की जनता से पूरी तरह से दूर हो गए हैं। आज महंगाई चरम पर है। बेरोजगारी से युवा परेशान हैं। मोदी सरकार ने देश की संपत्ति अपने बड़े-बड़े खरबपति मित्रों को दे दी, इनका 16 लाख करोड़ रूपये का कर्ज माफ़ कर दिया गया। मगर उत्तर प्रदेश में किसानों का 15 हजार करोड़ रूपये का गन्ने का भुगतान नहीं किया। कांग्रेस ने किसानों का कर्ज माफ किया था, मगर मोदी जी कहते हैं कि इससे अर्थव्यवस्था ठप हो जाएगी, पैसे नहीं हैं। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर मोदी को घेरते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि जनता वोट देकर सरकार चुनती है, महाराष्ट्र में जनता ने अपनी सरकार बनाई। लेकिन मोदी जी ने जनादेश का आदर नहीं किया। उन्होंने पैसे और ताकत के बल पर जनता की चुनी हुई सरकार गिराई और अपनी सरकार बना ली। मोदी इलेक्टोरल बॉन्ड योजना लेकर आए। इस योजना में जांच एजेंसियों ने कंपनियों पर छापा मारा, फिर उन कंपनियों ने भाजपा को चंदा दिया। इसके बाद कंपनियों की जांच ठंडे बस्ते में चली गई। यह हफ्ता वसूली योजना थी। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस घोषणा पत्र में दी गई गारंटियां गिनाते हुए जनता से इंडिया गठबंधन के उम्मीदवारों को भारी मतों से जिताने का आह्वान किया।

Related posts

ऑफिस में इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग को बढ़ावा देने के लिए गाइड बुक लॉन्च करने वाली पहली राज्य सरकार बनी

Ajit Sinha

केंद्रीय जल मंत्री व डब्ल्यूएचओ के मानक पर खरा उतर चुका है दिल्ली का पानी,राजनीति ठीक नहीं है: अरविंद केजरीवाल

Ajit Sinha

7 मंजिला इमारत में लगी भीषण आग, घरों में सो रहे 7 लोगों की मौत, 40 लोग झुलसे,6 कार और 30 बाइक जलकर हुई खाक

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x