Athrav – Online News Portal
दिल्ली नई दिल्ली राजनीतिक राष्ट्रीय

नई दिल्ली: बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. संबित पात्रा ने आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में क्या कहा, जानने के लिए पढ़े

अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ संबित पात्रा ने आज भाजपा मुख्यालय में एक प्रेस वार्ता को संबोधित किया और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने बयानों से समय-समय पर जिस प्रकार राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करती रही है, वह बेहद चिंतनीय है। साथ ही, डॉ पात्रा ने केंद्रीय मंत्री नारायण राणे की गिरफ्तारी पर महाराष्ट्र की महाअघाड़ी सरकार को घेरते हुए इसे लोकतंत्र की हत्या बताया। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने अपने संबोधन की शुरुआत में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के ट्वीट का जिक्र किया जिसमें उन्होंने कांग्रेस पार्टी को आड़े हाथों लेते हुए कहा है कि पंजाब कांग्रेस के नेताओं की हालिया टिप्पणियां, जिन्हें राज्य के शीर्ष नेतृत्व के साथ साथ दिल्ली में उनके हाईकमान का संरक्षण प्राप्त है, निंदनीय है। उनका बार-बार का गैर-जिम्मेदाराना बयान राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बेहद गंभीर खतरा है। माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष ने यह भी कहा कि मैं कांग्रेस के शीर्ष राष्ट्रीय नेतृत्व से स्पष्ट रुप से यह बताने का आग्रह करूँगा कि क्या वे पंजाब कांग्रेस नेताओं द्वारा कश्मीर और पाकिस्तान पर की गयी टिप्पणियों का समर्थन करते हैं? इस मामले पर चुप्पी को ऐसी आपत्तिजनक टिप्पणियों के निहित समर्थन के रूप में ही देखा जाएगा।

डॉ पात्रा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष की ही बातों को आगे बढ़ाते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के दोनों सलाहकारों मलविंदर सिंह माली और प्यारे लाल गर्ग की कश्मीर और पाकिस्तान पर की गई टिप्पणियों से भारत बदनाम हुआ है। दोनों के बयान बहुत ही दुखद हैं और भारत की छवि खराब करने वाले हैं। सिद्धू के एक सलाहकार ने कहा कि पंजाब में अगर चुनाव जीतना है तो हमें पाकिस्तान के खिलाफ नहीं बोलना चाहिए, क्योंकि यह पंजाब के हित में नहीं है जबकि दूसरे सलाहकार कहते हैं कि जम्मू-कश्मीर एक स्वतंत्र देश है और वास्तव में भारत ने कश्मीर पर अवैध कब्जा कर रखा है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले सवाल पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष के सलाहकार कर रहे हैं। ये दोनों बयान कांग्रेस पार्टी की मानसिकता को दर्शाते हैं।  डॉ पात्रा ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस और इनके सलाहकार खाते हिंदुस्तान का हैं, और गाते पाकिस्तान का हैं। जैसा नेता, वैसा सलाहकार। ये बातें सिद्धू जी के सलाहकार ने उनके इशारे पर ही कही है। उन्होंने कहा कि यह वही नवजोत सिंह सिद्धू हैं, जो पाकिस्तान गए थे और वहां के सेना प्रमुख कमर बाजवा को गले लगाया था, लेकिन जब इसपर सवाल पूछा गया तो सिद्धू ने जवाब दिया था कि मेरे कैप्टन अमरिंदर सिंह नहीं बल्कि राहुल गांधी हैं और उन्होंने मुझे पाकिस्तान भेजा, राहुल गाँधी जो कहेंगे वही मैं करूँगा। श्री पात्रा ने राहुल गांधी से सवाल पूछते हुए कहा कि राहुल गांधी इस मामले में अपना पक्ष साफ करें। क्या राहुल गांधी जम्मू-कश्मीर को भारत का हिस्सा मानते हैं, क्या पाकिस्तान से बात करनी चाहिए? 
डॉ पात्रा ने महाराष्ट्र सरकार द्वारा केंद्रीय मंत्री नारायण राणे की गिरफ़्तारी को संवैधानिक मूल्यों का हनन और इसे लोकतंत्र की हत्या बताया। उन्होंने महाराष्ट्र की महाअघाड़ी सरकार को घेरते हुए कहा कि इस तरह की कार्यवाही से ना तो हम डरेंगे, ना दबेंगे। भाजपा को जन-आशीर्वाद यात्रा में मिल रहे अपार समर्थन से महाराष्ट्र की महावसूली अघाड़ी सरकार परेशान हैं लेकिन हम लोकतांत्रिक ढंग से लड़ते रहेंगे, यात्रा जारी रहेगी। डॉ पात्रा ने कहा कि केंद्रीय मंत्री ने कुछ शब्द ऐसे जरूर कहे होंगे, जिनसे बचा जा सकता था लेकिन क्या उद्धव सरकार की यही सहनशीलता है, क्या यही कानून है? महाराष्ट्र के कुछ मंत्री कह रहे हैं कि कानून का पालन करना होगा लेकिन क्या बीजेपी के दफ्तरों पर पत्थर बाजी करना कानून है? क्या लोगों की जान को जोखिम में डालना ही कानून है? एक मंत्री पर 30-40 एफआईआर करना क्या कानून है? शरजील इमाम जैसे टुकड़े-टुकड़े गैंग के लोग महाराष्ट्र में भारत माता के खिलाफ अनर्गल बयान देते रहे लेकिन उनके खिलाफ एक भी एफआईआर महाराष्ट्र में दर्ज नहीं हुई। डॉ पात्रा ने उद्धव सरकार के मंत्रियों पर केस दर्ज होने का हवाला देते हुए कहा कि महाराष्ट्र सरकार के करीब 42 में 27 मंत्रियों के खिलाफ केस दर्ज हैं। अनिल देशमुख पर 100 करोड़ रुपये महीना वसूली का आरोप है,
अनिल परब पर भी कई आरोप हैं। क्या उनलोगों की गिरफ्तारी हुई, क्या उनके घर तक पुलिस गई? शिवसेना के वरिष्ठ नेता संजय राउत हर दिन कैसे-कैसे बयान देते हैं, इससे पूरा देश वाकिफ है। महिलाओं पर उनके ऐसे बयान हैं कि उसे बयां तक नहीं किया जा सकता, क्या उनपर कोई कारर्वाई हुई? डॉ पात्रा ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार बदले की भावना से कार्रवाई कर रही है और भारत की जनता इसे देख रही है। समय आने पर महाराष्ट्र की जनता इस महावसूली सरकार को करारा जवाब देगी।

Related posts

पीएम मोदी लाइव: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राज्य सभा में देश की उपलब्धि के बाद,कांग्रेस पर जमकर हमला बोला।

Ajit Sinha

15 करोड़ रूपए की धोखे से जीएसटी चोरी करने वाला आरोपित शशिकांत गुप्ता पकड़ा गया।

Ajit Sinha

पत्नी की चरित्र पर शक के चलते कर दी थी हत्या, 44 साल बाद पकड़ा गया आरोपित पति चंद्रशेखर प्रसाद।

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x