Athrav – Online News Portal
दिल्ली राजनीतिक राष्ट्रीय हाइलाइट्स

पंजाब की किसान महा चौपाल में खरगे-राहुल ने मोदी सरकार और पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार को जमकर घेरा।


अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
नई दिल्ली:कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने पंजाब के बरनाला में किसान महा चौपाल को संबोधित करते हुए केंद्र की मोदी सरकार और पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर जमकर निशाना साधा। महाचौपाल को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार को भाजपा की बी टीम करार देते हुए कहा कि ये लोग कभी किसानों या मजदूरों की लड़ाई में शामिल नहीं हुए। उन्होंने केजरीवाल को निशाने पर लेते हुए कहा कि रोने-धोने से काम नहीं चलेगा। अगर अन्याय के खिलाफ लड़ना है, तो राहुल गांधी की तरह लड़िए।  उन्होंने केजरीवाल और मोदी की कार्यशैली को एक जैसा बताते हुए उन्हें ढोंगी करार दिया।

पंजाब की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए खरगे ने कहा कि आज गुरुओं की इस धरती पर गोलियां चल रही हैं और लोग असुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को सरेआम धमकियां मिल रही हैं और अमित शाह व राज्य सरकार दोनों हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं।  उन्होंने सवाल किया कि अगर पंजाब सरकार मजबूत है, तो नशे का जाल क्यों खत्म नहीं हो रहा?

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पंडित नेहरू से लेकर डॉ. मनमोहन सिंह तक कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल में बड़े बांध और पावर प्लांट बने, जबकि मोदी सरकार सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों को बेच रही है। उन्होंने कहा कि ये नरेंद्र मोदी नहीं बल्कि सरेंडर मोदी हैं, जो ट्रंप के इशारों पर चलते हैं और देश के संसाधनों को बेचकर लोगों को गुलाम बनाने की साजिश रच रहे हैं।तालियों की गड़गड़ाहट के बीच खरगे ने कहा कि मोदी सरकार ने अमेरिका के साथ ऐसा समझौता किया है जिसके तहत विदेशी उत्पाद भारत में डंप किए जाएंगे। इससे पंजाब के किसानों को फसलों के खरीदार नहीं मिलेंगे, जिससे खेती के साथ-साथ छोटे उद्योग पूरी तरह बर्बाद हो जाएंगे।

पंजाब के कोने-कोने से लाखों की संख्या में जुटे किसानों को संबोधित करते हुए लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने अमेरिका के साथ हुए व्यापार समझौते को भारतीय किसानों के लिए ‘डेथ वारंट’ बताया। उन्होंने कहा कि इस फैसले के बाद अमेरिका का सामान भारत आएगा और हमारे किसान तबाह हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि अमेरिका के बड़े मशीनीकृत खेतों वाले किसानों का मुकाबला भारत के छोटे किसान नहीं कर पाएंगे।

भारत हर साल अमेरिका से नौ लाख करोड़ रुपये का माल खरीदेगा, जिससे भारत का लघु और मध्यम उद्योग तबाह हो जाएगा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने भारत का पूरा डेटा भी अमेरिका के हवाले कर दिया है। उन्होंने मोदी सरकार को अमेरिका द्वारा रूस और ईरान से तेल की खरीद बंद करने की दी गई धमकी को लेकर भी निशाना साधा।

अपने आक्रामक तेवर में मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि यह नुकसानदेह समझौता एपस्टीन फाइल्स और अमेरिका में चल रहे अडानी मामले के दबाव में किया गया। उन्होंने कहा कि अडानी कोई सामान्य कंपनी नहीं, बल्कि भाजपा का वित्तीय तंत्र है। जो भी धन एकत्रित होता है, वह अडानी के पास जाता है और फिर हजारों शेल कंपनियों के जरिए राजनीतिक गतिविधियों में इस्तेमाल किया जाता है।राहुल गांधी ने आगे कहा कि अमेरिका के पास प्रधानमंत्री से जुड़ी ऐसी जानकारियां हैं, जिनका उपयोग कर उन्हें धमकाया जा रहा है। प्रधानमंत्री का गला एक तरफ एपस्टीन फाइल्स और दूसरी तरफ अडानी पर अमेरिका में चल रहे आपराधिक केस के बीच फंसा हुआ है। फाइलों में मोदी की सच्चाई बंद पड़ी है और ट्रंप कह रहे हैं कि अगर समझौता नहीं किया तो फाइलें खोल देंगे।राहुल गांधी ने ट्रंप के भारत-पाकिस्तान के बीच युद्ध रुकवाने के बयानों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ट्रंप कह रहे हैं कि वह जब चाहें नरेंद्र मोदी का करियर खत्म कर सकते हैं, लेकिन मोदी चुप्पी साधे हुए हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि उनका गला फंसा हुआ है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने समझौते की टाइमलाइन पर सवाल उठाते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी ने जो काम चार महीने तक नहीं किया, उसे उन्होंने 15 मिनट में क्यों कर दिया? पूर्व सेना अध्यक्ष जनरल एमएम नरवणे की पुस्तक का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि जब चीनी टैंक भारतीय सीमा में घुस रहे थे, तब प्रधानमंत्री ने सेना को स्पष्ट आदेश देने के बजाय उन्हें उनके हाल पर छोड़ दिया था। उन्होंने कहा कि जब वह (राहुल) लोकसभा में भाषण दे रहे थे, उन्हें बोलने से रोक दिया गया, क्योंकि सरकार डरी हुई है। उसी शाम मोदी जी ने डोनाल्ड ट्रंप को फोन किया और अमेरिका की शर्तों को मानते हुए समझौते पर हामी भर दी। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी को रात में नींद नहीं आ रही है, क्योंकि एक दिन अडानी का केस जरूर खुलेगा और एपस्टीन फाइल्स की सच्चाई बाहर आएगी।राहुल गांधी ने पंजाब के किसानों को सीधा संबोधित करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी ने पहले काले कृषि कानून लाकर उन्हें बेचने की कोशिश की थी। अब यहां के मजदूरों के हाथ से मनरेगा को छीन लिया है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि कांग्रेस पार्टी देश के किसानों, मजदूरों और छोटे व्यापारियों के साथ मजबूती से खड़ी है।

Related posts

पंजाब के मुख्यमंत्री आपदा के समय जिम्मेदारी से बचते नजर आए: सीएम

Ajit Sinha

दिल्ली बाॅर्डर सील पर जनता का जबरदस्त रिस्पांस, 7.5 लाख लोगों ने दिया सुझाव: अरविंद केजरीवाल

Ajit Sinha

हरियाणा में अल्पमत की सरकार, जो चल नहीं रेंग रही है – दीपेंद्र हुड्डा

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x