Athrav – Online News Portal
खेल चंडीगढ़ हरियाणा

क्षेत्रीय कौशल प्रतियोगिता में हरियाणा के युवाओं का शानदार प्रदर्शन, 33 पदक जीतकर बढ़ाया प्रदेश का मान।


अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
चंडीगढ़: हरियाणा के प्रतिभाशाली युवाओं ने एक बार फिर अपनी दक्षता और कौशल का शानदार प्रदर्शन करते हुए आगरा के बीएसएनएल ग्राउंड में गत दिवस आयोजित क्षेत्रीय कौशल प्रतियोगिता में 33 पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें 8 स्वर्ण, 13 रजत और 12 कांस्य पदक शामिल हैं। समापन समारोह के अवसर पर केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी ने हरियाणा के प्रतिभागियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए सभी विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने प्रतिभागियों को भविष्य की प्रतियोगिताओं में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने के लिए प्रेरित किया। युवाओं द्वारा बेहतरीन प्रदर्शन करने पर हरियाणा के युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता मंत्री गौरव गौतम ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि हरियाणा के युवाओं ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए केंद्र सरकार निरंतर ठोस कदम उठा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देशभर में कौशल विकास को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवाओं को नई तकनीकों से जोड़ने के लिए अनेक पहलें की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार भी युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में प्रदेश में कौशल विश्वविद्यालय की स्थापना और विभिन्न तकनीकी संस्थानों में युवाओं के लिए आधुनिक व रोजगारपरक तकनीकी पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, ताकि वे बदलते समय की आवश्यकताओं के अनुरूप अपने कौशल को निखारकर बेहतर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकें। 

उन्होंने प्रतिभागियों को आगामी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं भी दीं। इस प्रतियोगिता में राज्य के युवाओं ने कुल 63 कौशलों में से 49 कौशलों में भागीदारी की और 33 कौशलों में पदक जीतकर अपनी तकनीकी दक्षता, समर्पण और मेहनत का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। इस उपलब्धि ने यह साबित किया है कि हरियाणा के युवा आधुनिक और उभरते कौशल क्षेत्रों में भी तेजी से अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न राज्यों के प्रतिभागियों ने अलग-अलग ट्रेडों और उभरते कौशल क्षेत्रों में अपनी विशेषज्ञता का प्रदर्शन किया। हरियाणा के प्रतिभागियों का यह उत्कृष्ट प्रदर्शन राज्य के मजबूत कौशल विकास तंत्र और युवाओं को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय कौशल प्रतियोगिता के विजेता अब प्रतिष्ठित इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता में भाग लेंगे, जहां देशभर के सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागी अपने—अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे। राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी आगे चलकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर आयोजित वर्ल्ड स्किल्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे, जिससे वे वैश्विक स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से हरियाणा सरकार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों के लिए प्रोत्साहन राशि भी घोषित की हैं। इसके तहत राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले प्रतिभागियों को 5 लाख रुपये तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले प्रतिभागियों को 10 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इससे कौशल प्रतियोगिताओं में युवाओं की भागीदारी को और बढ़ावा मिलेगा।

Related posts

खटटर और केजरीवाल सरकार के बीच पानी को लेकर टकराव जारी, हरियाणा दिल्ली को लगातार 950 क्यूसेक पानी दे रहा हैं।

Ajit Sinha

इण्डिया व इंग्लैंड के बीच खेले गए टी 20 क्रिकेट मैच पर सट्टा लगाते हुए पुलिस दो सट्टेबाजों को किया अरेस्ट

Ajit Sinha

विफलताओं के अंबार पर सवार है बीजेपी-जेजेपी, दिखाने के लिए नहीं है एक भी उपलब्धि- हुड्डा

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x