
अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
फरीदाबाद:मुख्यमंत्री के शहरी विकास के प्रधान सलाहकार डी.एस ढेसी की अध्यक्षता में आज लघु सचिवालय स्थित सभागार में जिला फरीदाबाद में चल रही विभिन्न परियोजनाओं पर सीईओ एफएमडीए दुष्मंत कुमार बेहेरा, नगर निगम कमिश्नर यशेंद्र सिंह, उपायुक्त आयुष सिन्हा और अन्य संबंधित विभागों व एजेंसी के अधिकारियों के साथ 16वीं अंतर-एजेंसी समन्वय बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिला में वायु प्रदूषण नियंत्रण, निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट प्रबंधन, सड़क किनारे जमा मिट्टी की सफाई, इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, डेवलपमेंट प्लान, माइक्रो एसटीपी, जलापूर्ति एवं सीवरेज सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की।

वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए सीएक्यूएम द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की अनुपालना की समीक्षा करते हुए प्रधान सलाहकार डी.एस. ढेसी ने संबंधित विभागों को रोड डस्ट मिटिगेशन, खुले में कचरा जलाने पर रोक, सीएंडडी वेस्ट के उचित प्रबंधन, निर्माण गतिविधियों की निगरानी तथा हॉटस्पॉट की पहचान एवं सुधार के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। नगर निगम द्वारा बताया गया कि इन कार्यों के लिए वार्ड स्तर पर नियमित टीमें तैनात की गई हैं तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर चालान किए जा रहे हैं।

शहर में सीएंडडी वेस्ट के लिए 12 कलेक्शन सेंटर चिन्हित किए गए हैं, जबकि नगर निगम की 18 तथा एनएचएआई की तीन सहित कुल 21 एमआरएस मशीनें सड़क की धूल नियंत्रण के लिए कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि सीएंडडी वेस्ट के निस्तारण के लिए प्रस्तावित 300 टीपीडी क्षमता के प्रोसेसिंग प्लांट को स्थापित करने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। साथ ही, जब तक प्लांट पूरी तरह कार्यशील नहीं हो जाता,तब तक चिन्हित कलेक्शन सेंटरों पर सीएंडडी वेस्ट के व्यवस्थित संग्रहण एवं प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने एफएमडीए, एचएसवीपी तथा अन्य संबंधित एजेंसियों को भी अपने अधिकार क्षेत्र की सड़कों पर धूल नियंत्रण के लिए आवश्यक मशीनरी एवं संसाधन तैनात करने के निर्देश दिए।प्रधान सलाहकार डी.एस. ढेसी ने 500 वर्ग मीटर या उससे अधिक क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों के पंजीकरण एवं पर्यावरणीय निगरानी की भी समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि जिले में 164 निर्माण परियोजनाएं पंजीकृत हैं तथा इन पर पीएम-2.5 एवं पीएम-10 सेंसर सहित आवश्यक निगरानी व्यवस्था की जा रही है।
ढेसी ने संबंधित विभागों को बिल्डिंग प्लान स्वीकृत करने वाली एजेंसियों तथा पंजीकृत निर्माण परियोजनाओं की सूची का आपस में मिलान करने के निर्देश दिए, ताकि बिना पंजीकरण निर्माण करने वाले मामलों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की जा सके। उन्होंने सड़क किनारे जमा मिट्टी एवं धूल की सफाई के संबंध में स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी एजेंसियां अपने-अपने अधिकार क्षेत्र की सड़कों की जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से तय करें और सीएक्यूएम अवधि के दौरान विशेष अभियान चलाकर सड़क किनारे जमा मिट्टी को हटाने का कार्य सुनिश्चित करें।
नगर निगम द्वारा बताया गया कि इसके लिए चार विशेष टीमें ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं श्रमिकों के साथ तैनात की गई हैं। इसके अतिरिक्त पानी के टैंकर, स्प्रिंकलर एवं फॉगिंग मशीनों का भी उपयोग किया जा रहा है। इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की समीक्षा करते हुए प्रधान सलाहकार डी.एस ढेसी ने पुराने सिस्टम की वर्तमान स्थिति,कैमरों की कार्यक्षमता,नेटवर्क, सॉफ्टवेयर एवं हार्डवेयर तथा प्रस्तावित नए आईसीसीसी भवन की प्रगति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि सेक्टर-20 में प्रस्तावित चार मंजिला भवन का स्ट्रक्चर पूरा हो चुका है तथा इंटीरियर का कार्य संबंधित एजेंसियों द्वारा किया जाना है। ढेसी ने निर्देश दिए कि भवन निर्माण और आईसीसीसी के आवश्यक हार्डवेयर-सॉफ्टवेयर से संबंधित कार्यों को समानांतर रूप से आगे बढ़ाया जाए, ताकि परियोजना में अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने पुलिस विभाग को उपलब्ध कैमरा फीड के प्रभावी उपयोग तथा कानून व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन में तकनीक का अधिकतम लाभ लेने के लिए आवश्यक मानव संसाधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

