Athrav – Online News Portal
गुडगाँव

मानेसर नगर निगम के वरिष्ठ उप महापौर, उप महापौर के चुनाव निर्विरोध रूप से संपन्न।


अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
मानेसर, गुरुग्राम: नगर निगम मानेसर के वरिष्ठ उप महापौर और उपमहापौर के चुनाव मंगलवार को संपन्न हुए। चुनाव की खास बात यह रही कि यह दोनों की पद निर्विरोध चुने गए। इस चुनाव में कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह समर्थक वार्ड 12 के पार्षद प्रवीन यादव वरिष्ठ उप महापौर और वार्ड 2 की पार्षद रीमा चौहान को उप महापौर चुना गया। बैठक में कुल 15 पार्षद शामिल रहे, जिनमें 3 नामित पार्षद भी मौजूद रहे। इस दौरान हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह भी उपस्थित रहे।चुनाव उपरांत उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि नगर निगम मानेसर के दो पदों के चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए है। दोनों ही पदों के चुनाव पर पार्षदों ने एकजुटता दिखाते हुए भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को निर्विरोध वरिष्ठ उप महापौर और उपमहापौर बनाया है। राव ने कहा कि यह चुनाव पारदर्शी और सौहार्दपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुए हैं, जिसमें पार्षदों ने अनुशासन और एक जुटता का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि निर्विरोध निर्वाचन लोकतांत्रिक मूल्यों की दृढ़ता और संगठनात्मक एकता का प्रतीक है।

कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने नव-निर्वाचित वरिष्ठ उपमहापौर एवं उपमहापौर को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इसे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा भारतीय जनता पार्टी द्वारा विकास के क्षेत्र में स्थापित उन मानकों की जीत बताया, जिनमें अंत्योदय – समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले पांच वर्षों में नगर निगम मानेसर की यह नई टीम क्षेत्र में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू करने के लिए निगम की भूमिका अहम होगी,सरकार की ओर से हर संभव सहयोग दिया जाएगा।नगर निगम आयुक्त आयुष सिन्हा ने नवनिर्वाचित वरिष्ठ उप महापौर और उपमहापौर को बधाई व शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अब निगम के सदन की संख्या पूरी हो गई है। मानेसर नगर निगम क्षेत्र को सदन के साथ मिलकर बेहतर निगम बनाने का काम करेंगे। मानेसर की मेयर डॉ इंद्रजीत कौर यादव स्वास्थ्य कारणों से बैठक में उपस्थित नहीं हो सकी। उनकी अनुपस्थिति में पार्षदों ने वार्ड 6 के पार्षद बाल किशन को अपना अध्यक्ष चुना और बाल किशन की अध्यक्षता में चुनाव संपन्न हुए।

चुनाव के लिए मंगलवार को सुबह 10 बजकर 45 मिनट से साढ़े 11 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल करने का समय निर्धारित था। इस दौरान 12 पार्षदों में से दोनों पदों के लिए एक-एक पार्षद ने ही रिटर्निंग अधिकारी और निगम के अतिरिक्त आयुक्त जितेंद्र कुमार के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किया। वार्ड 12 के पार्षद प्रवीन यादव ने वरिष्ठ उप महापौर और वार्ड 2 की पार्षद रीमा चौहान ने उप महापौर के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया। प्रवीन यादव का नाम पार्षद मनोज ने प्रस्तावित किया और पार्षद दयाराम ने नाम का अनुमोदन किया। इसी प्रकार रीमा चौहान का नाम पार्षद रीपू शर्मा ने प्रस्तावित किया और पार्षद कंवरपाल ने अनुमोदन किया। किसी अन्य पार्षद ने इन पदों के लिए आवेदन नहीं किया। सभी पार्षदों ने इन दोनों नामों को निर्विरोध चुन लिया।इस दौरान नगर निगम के संयुक्त आयुक्त हितेंद्र कुमार, संयुक्त आयुक्त लोकेश यादव, वार्ड 3 की पार्षद रूचि कौशिक, वार्ड 4 के पार्षद रीपू शर्मा, वार्ड 5 के पार्षद दिनेश यादव, वार्ड 6 के पार्षद बाल किशन, वार्ड 7 के पार्षद कंवर पाल, वार्ड 9 की पार्षद ज्योति वर्मा, वार्ड 11 के पार्षद मनोज, वार्ड 14 की पार्षद संगीता, वार्ड 16 के पार्षद दयाराम, वार्ड 17 की पार्षद सुमन कुमारी, नामित पार्षद सत्यदेव शर्मा, शेर सिंह चौहान , किरोड़ी तंवर सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related posts

गुरूग्राम में प्रदूषण का स्तर कम करने को लेकर समीक्षा बैठक में लिए गए अहम निर्णय,एक अप्रैल से होगी सख्ती

Ajit Sinha

छह विदेशी लड़कियों को नए साल 2020 के जश्न्न मनाने से पहले ही हुड़दंग मचाते हुए पुलिस ने धर दबोचा। 

Ajit Sinha

कुख्यात गैंगेस्टर सूबे गुर्जर के घर पर चला जिला प्रशासन का बुल्डोजर, अब पूरे मकान को तोडा जाएगा।

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x