

अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने आज गुरुग्राम में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए हरियाणा पुलिस के नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस विशेष कार्य क्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने हरियाणा पुलिस बेड़े में शामिल की गई 310 नई मोटरसाइकिलों और 2 कारों को हरी झंडी दिखाई। इन सभी वाहनों का उपयोग ‘आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहन’ (ERV) के रूप में किया जाएगा। यह सभी वाहन कॉर्पोरेट सामाजिक जिम्मेदारी (CSR) के तहत होंडा मोटर फाउंडेशन द्वारा हरियाणा पुलिस को प्रदान किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने इस दौरान कहा कि जहां देश भर में ERV का औसत समय लगभग 18 मिनट है वही हरियाणा पुलिस ने इस समय को 7 मिनट 3 सेकंड तक लाकर लगभग ढाई गुना तक की कमी औसत समय में की है । यही सुशासन का वास्तविक स्वरूप है ।

मुख्यमंत्री ने कहा हमने पुलिस विभाग में आधुनिक उपकरणों की व्यवस्था की आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को मजबूत किया है। यह ERV उसी श्रृंखला का एक महत्वपूर्ण कदम है।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील भी की।आज का यह कार्यक्रम हमें यह संदेश देता है कि जब सरकार, प्रशासन, उद्योग जगत और समाज एक साथ मिलकर कार्य करते हैं, तब विकास की गति कई गुना बढ़ जाती है। यही टीम हरियाणा की ताकत है।आपातकालीन वाहनों को गुरुग्राम सहित पूरे हरियाणा राज्य के विभिन्न संवेदनशील और प्रमुख क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा ताकि संकट के समय आम नागरिकों को तुरंत पुलिस सहायता मिल सके। इस कदम से पुलिस की गश्त क्षमता बढ़ेगी और अपराधों पर अंकुश लगाने में बड़ी मदद मिलेगी। इन वाहनों में से गुरुग्राम को 60 मोटरसाइकिलें और एक Honda Elevate वाहन मिला है। फरीदाबाद को 40 मोटरसाइकिलें और एक Honda Elevate वाहन दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त, हरियाणा के अन्य जिलों को भी 210 मोटरसाइकिलें उपलब्ध कराई गई हैं। डीजीपी अजय सिंघल IPS ने मुख्यमंत्री द्वारा हरियाणा पुलिस की सराहना के लिए उनका धन्यवाद करते हुए कहा कि इन नए अत्याधुनिक वाहनों के शामिल होने से राज्य में कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी । डीजीपी ने कहा कि ERV के रूप में कार्य करने वाले ये वाहन किसी भी आपातकालीन स्थिति या सूचना पर बेहद कम समय में संकरे इलाकों में मौके पर पहुंचेंगे, जिससे जनता की सुरक्षा को और पुख्ता किया जा सकेगा

