Athrav – Online News Portal
दिल्ली राजनीतिक राष्ट्रीय

उज्जैन जमीन घोटाले को लेकर कांग्रेस मध्य प्रदेश में भाजपा के खिलाफ शुरू करेगी बड़ा अभियान।

अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
नई दिल्ली: महादेव की नगरी उज्जैन में हुए जमीन घोटाले को लेकर कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ मध्य प्रदेश में बड़ा अभियान शुरू करने का ऐलान किया है।कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य और पूर्व विधायक प्रवीण पाठक ने मांग की कि भाजपा सरकार उज्जैन में हुए घोटाले पर श्वेत पत्र जारी करे। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा नहीं किया जाता है, तो इस भूमि घोटाले की जांच सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी में की जाए, न्यायिक समिति का गठन हो। जांच पूरी होने तक मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव अपने पद से इस्तीफा दें।
प्रवीण पाठक ने बताया कि उज्जैन से अयोध्या तक हुई लूट को उजागर करने के लिए कांग्रेस के शीर्ष नेता पूरे प्रदेश में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। मध्य प्रदेश में एक ऑनलाइन पोर्टल भी लॉन्च किया जाएगा, जहां आम जनता विभिन्न विभागों और अधिकारियों के भ्रष्टाचार की शिकायतें सीधे दर्ज करा सकेगी। उन्होंने कहा कि 15 जुलाई को कांग्रेस कार्यकर्ता भोपाल में मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे; 20 जुलाई से शुरू हो रहे विधानसभा सत्र में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में सरकार और मुख्यमंत्री से इन मुद्दों पर सीधे जवाब मांगा जाएगा। कांग्रेस नेता ने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव जब भी किसी जिले के दौरे पर जाएंगे, वहां जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष उनसे उज्जैन भूमि खरीद घोटाले पर सीधे और स्पष्ट प्रश्न पूछेंगे। उन्होंने कहा कि इसके बाद भी सरकार नहीं जागेगी तो उज्जैन में ऐतिहासिक आंदोलन किया जाएगा।प्रवीण पाठक ने तंज कसते हुए कहा कि कहावत है कि नेता को जमीन से जुड़ा होना चाहिए, लेकिन मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री जमीन से तो नहीं जुड़े, बल्कि जमीनों से जुड़ गए हैं।कांग्रेस नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री पर एकड़ों में संपत्ति बढ़ाने, ट्रस्ट को जमीनें देने और विभिन्न कंपनियों में शेयर होल्डिंग से जुड़े गंभीर आरोप लगे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और उमंग सिंघार द्वारा कई बार सबूत पेश किए जाने के बाद भी मुख्यमंत्री एवं भाजपा का शीर्ष नेतृत्व पूरी तरह मौन है।भाजपा के दो दशक के शासन पर हमला बोलते हुए पाठक ने कहा कि जिस मध्य प्रदेश को कभी समृद्ध और गौरवशाली राज्य माना जाता था, उसे भाजपा के मुख्यमंत्रियों ने कलंकित कर दिया है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश सिर्फ आरएसएस की कार्यशाला नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार की भी कार्यशाला बन गया है।
व्यापम घोटाले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि देश का युवा आज जिस पेपर लीक और घोटालों का दंश झेल रहा है, उसकी शुरुआत मध्य प्रदेश के व्यापम से ही हुई थी, जिसने राज्य की एक पूरी पीढ़ी का भविष्य निगल लिया। श्रीराम मंदिर में चंदा और चढ़ावा चोरी का मुद्दा उठाते हुए पाठक ने भाजपा को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल चंदे से चलते हैं, लेकिन पहली बार ऐसा देखा जा रहा है कि कोई पार्टी चंदा ही खा गई। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे हर बात का श्रेय तो लेते हैं, लेकिन आज इस चोरी पर पूरी तरह खामोश हैं।

Related posts

कन्याकुमारी में बोले राहुल गांधी- मोदी सरकार द्वारा महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन का प्रयास देश-विरोधी कदम था।

Ajit Sinha

दिल्ली के सात खिलाड़ियों ने कॉमनवेल्थ गेम्स में मेडल जीत कर देश का बढ़ाया मान,प्रोत्साहन राशि का चेक देकर किया सम्मान

Ajit Sinha

फेसलेस सर्विसेज और ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक के मामले में दिल्ली पूरे देश को दिखा रही रास्ता – अरविंद केजरीवाल

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x