अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
चंडीगढ़: धर्मनगरी कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुरक्षा, सुविधा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए हरियाणा सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ब्रह्म सरोवर के निकट लगभग 3 एकड़ भूमि पर आधुनिक पर्यटक पुलिस थाना स्थापित करने की घोषणा की है। इसका उद्देश्य प्रत्येक श्रद्धालु और पर्यटक को सुरक्षित वातावरण, त्वरित पुलिस सहायता तथा बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराकर उनकी यात्रा को सुखद, सुरक्षित और यादगार बनाना है।

हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि हरियाणा पुलिस का प्रयास केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु एवं पर्यटक को सुरक्षित, सम्मान जनक और सुखद अनुभव प्रदान करना भी हमारी प्राथमिकता है। कुरुक्षेत्र जैसे विश्वविख्यात धार्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र में आधुनिक पर्यटक पुलिस थाने की स्थापना इस सोच को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि पर्यटक पुलिस कर्मियों को विशेष प्रशिक्षण, बहुभाषी संवाद कौशल और आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित किया जाएगा, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को त्वरित सहायता और बेहतर मार्गदर्शन मिल सके। सिंघल ने कहा कि माता मनसा देवी मंदिर, पंचकूला में प्रदेश की पहली स्थायी टूरिस्ट पुलिस पोस्ट की शुरुआत के बाद कुरुक्षेत्र में यह नई पहल हरियाणा पुलिस की पर्यटक-अनुकूल पुलिसिंग को और मजबूत करेगी। हमारा संकल्प है कि हरियाणा आने वाला प्रत्येक पर्यटक सुरक्षा, विश्वास और आतिथ्य का अनुभव लेकर लौटे।

पुलिस अधीक्षक चन्द्र मोहन ने बताया कि प्रस्तावित पर्यटक पुलिस थाने में लगभग 100 पुलिसकर्मियों एवं सहायक स्टाफ की तैनाती की जाएगी। यहां तैनात पुलिसकर्मियों को विशेष व्यवहार-कौशल, सांस्कृतिक संवेदनशीलता तथा विभिन्न भाषाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि देश के अलग-अलग राज्यों और विदेशों से आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के साथ प्रभावी संवाद स्थापित किया जा सके। यह थाना सातों दिन, 24 घंटे संचालित होगा। यहां आधुनिक सहायता केंद्र, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली और खोया-पाया केंद्र सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि पर्यटक पुलिस थाने की स्थापना पुलिस महा निदेशक/महानिरीक्षक सम्मेलन-2025 की अनुशंसाओं तथा केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो (BPR&D) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप की जा रही है। हरियाणा पुलिस मुख्यालय द्वारा इस परियोजना के प्रभावी क्रियान्वयन और समन्वय के लिए पुलिस अधीक्षक, कुरुक्षेत्र को पर्यटक पुलिस का नोडल अधिकारी नामित किया गया है।कुरुक्षेत्र में वर्षभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक पहुंचते हैं, जबकि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव, धार्मिक पर्वों और मेलों के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होती है। ऐसे अवसरों पर यह थाना सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और त्वरित सहायता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। साथ ही, अन्य राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए संबंधित राज्यों की पुलिस के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने में भी मदद मिलेगी।पुलिस महानिदेशक/महानिरीक्षक सम्मेलन-2025 में देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए एक समान मानक विकसित करने पर जोर दिया गया था। इसके तहत समर्पित पर्यटक पुलिस थाना अथवा चौकी, प्रशिक्षित पुलिसकर्मी, प्रभावी निगरानी व्यवस्था, नियंत्रण कक्ष, खोए हुए व्यक्तियों की तलाश तथा पर्यटकों से फीडबैक प्राप्त करने जैसी व्यवस्थाओं को महत्वपूर्ण माना गया है। कुरुक्षेत्र में प्रस्तावित थाना इन्हीं राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि हरियाणा पुलिस द्वारा पर्यटक पुलिसिंग को मजबूत करने की दिशा में इससे पहले 11 अक्टूबर 2026 को पंचकूला स्थित माता मनसा देवी मंदिर परिसर में प्रदेश की पहली स्थायी टूरिस्ट पुलिस पोस्ट का शुभारंभ किया जा चुका है। अब कुरुक्षेत्र में आधुनिक पर्यटक पुलिस थाने की स्थापना की घोषणा इस दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है। हरियाणा पुलिस श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुरक्षा, सम्मान और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पुलिस प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की सहायता, जानकारी अथवा आपात स्थिति में पुलिस से निःसंकोच संपर्क करें तथा सुरक्षित एवं व्यवस्थित धार्मिक यात्रा सुनिश्चित करने में पुलिस का सहयोग करें।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

