Athrav – Online News Portal
गुडगाँव स्वास्थ्य

संत निरंकारी सत्संग भवन में रक्तदान शिविर आयोजित,292 यूनिट रक्त एकत्रित, 61 बहनों ने भी किया रक्तदान।


अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
गुरुग्राम:सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित जी के दिव्य मार्गदर्शन में मानव मात्र के कल्याण एवं सेवा भावना को समर्पित संत निरंकारी मिशन की सामाजिक शाखा संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा गुरुग्राम के सेक्टर-31 स्थित संत निरंकारी सत्संग भवन में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में श्रद्धालु भक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए निःस्वार्थ भाव से रक्तदान कर मानव सेवा में अपना योगदान दिया।शिविर में 403 श्रद्धालु भक्तों ने रक्तदान के लिए पंजीकरण कराया, जिनमें से 292 रक्तदाताओं से रक्त एकत्रित किया गया। इनमें 61 बहनों ने भी उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।

शिविर में संत निरंकारी मिशन की प्रेसिडेंट बहन राजकुमारी ‘मामी’ एवं नरेंद्र ‘मामा’ विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने रक्तदाताओं एवं सेवादारों के बीच पहुंचकर उनका उत्साहवर्धन किया तथा श्रद्धालु भक्तों की निःस्वार्थ सेवा भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि मानवता की सेवा ही सच्चे अर्थों में परमात्मा की सेवा है। संत निरंकारी मिशन लोक कल्याण की भावना को साकार करते हुए समाज में निःस्वार्थ सेवा, परोपकार, सहयोग एवं भाईचारे का संदेश निरंतर प्रसारित कर रहा है। रक्तदान जैसे सेवा कार्य जरूरतमंद मरीजों के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और समाज के अन्य लोगों को भी मानवता की सेवा के लिए प्रेरित करते हैं।रक्तदान शिविर के दौरान नरेंद्र ‘मामा’ की उपस्थिति में विशेष सत्संग का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित जी के प्रेरणादायी विचारों का प्रसारण किया गया। श्रद्धालु भक्तों ने सत्संग में सम्मिलित होकर आध्यात्मिक विचारों एवं मानव सेवा के संदेश को आत्मसात किया।रक्तदान को जनसेवा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए प्रत्येक रक्तदाता को स्मृति-चिन्ह के रूप में गमले में पौधा भेंट किया गया। इस पहल के माध्यम से मानव सेवा के साथ प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया गया। श्रद्धालुओं ने इस पहल की सराहना करते हुए पौधों की देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया।गुरुग्राम संयोजक बहन निर्मल मनचंदा ने शिविर में उपस्थित गणमान्य अतिथियों, रक्तदाताओं, चिकित्सकों एवं चिकित्सा टीमों तथा आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी सेवादारों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संत निरंकारी मिशन मानवता की सेवा को सदैव सर्वोच्च प्राथमिकता देता आया है। मिशन द्वारा देशभर में समय-समय पर रक्तदान शिविर आयोजित कर जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि संत निरंकारी मिशन द्वारा अब तक देशभर में 9,325 रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जा चुका है, जिनमें लगभग 15,03,220 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया है। यह सेवा अभियान मानवता के प्रति मिशन की प्रतिबद्धता एवं समर्पण का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि रक्तदान के साथ-साथ संत निरंकारी मिशन समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण एवं उत्थान के लिए अनेक सामाजिक एवं मानवतावादी परियोजनाएं संचालित कर रहा है। पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं जनसेवा से जुड़े विभिन्न अभियानों के माध्यम से मिशन द्वारा निरंतर निष्काम सेवा की जा रही है।
रक्तदान शिविर में रक्त संग्रहण के लिए इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी, नई दिल्ली तथा सिविल अस्पताल, गुरुग्राम के ब्लड बैंक की टीमें डॉक्टरों एवं चिकित्सा स्टाफ सहित उपस्थित रहीं। चिकित्सा विशेषज्ञों की देखरेख में रक्तदाताओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच के उपरांत रक्त एकत्रित किया गया। सेवादारों द्वारा रक्तदाताओं के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। रक्तदान के बाद विश्राम, जलपान एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था की गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तों एवं सेवादारों ने सेवा में योगदान देकर शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Related posts

डॉ. सारिका वर्मा ने कहा, पीड़ित परिवार के दर्द को समझे भाजपा सरकार, जल्द से जल्द दे आर्थिक सहायता।

Ajit Sinha

इंडिया हॉस्पिटैलिटी एक्सपो का केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने किया उद्घाटन- वीडियो देखें

Ajit Sinha

जी-20 शिखर सम्मेलन की चौथी शेरपा बैठक 3 से 7 सितंबर तक हरियाणा में होगी आयोजित

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x