
अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
पंचकूला: प्रॉपर्टी खरीदने-बेचने के नाम पर लोगों के साथ धोखाधड़ी करने वाले आरोपियों के खिलाफ पंचकूला पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में आर्थिक अपराध शाखा की टीम ने फर्जी एग्रीमेंट टू सेल तैयार कर लोगों को करोड़ों रुपये का चूना लगाने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान अनमोल अरोड़ा निवासी सेक्टर-8, पंचकूला के रूप में हुई है। आरोपी को आर्थिक अपराध शाखा प्रभारी तजिन्द्र पाल सिंह की अगुवाई में गठित टीम ने 02 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया। आरोपी खुद को शहर के जाने-माने प्रॉपर्टी डीलर्स का करीबी बताकर लोगों का विश्वास जीतता था। उसके झांसे में आकर लोग निवेश करते थे, जिसके जरिए वह खुद मुनाफा कमाता था।

डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि यह मामला 15 मई 2026 को पंचकूला निवासी एक युवती की शिकायत पर थाना सेक्टर-7 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2) और 61(2) के तहत दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी ने फर्जी एग्रीमेंट टू सेल तैयार कर प्रॉपर्टी खरीदने के नाम पर उसके साथ करीब 81.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी।

डीसीपी ने बताया कि आरोपी अनमोल अरोड़ा के खिलाफ इसी प्रकार की धोखाधड़ी के तीन अन्य मुकदमे भी थाना सेक्टर-7 पंचकूला में दर्ज हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने पंचकूला जिले में करीब 15 लोगों के साथ लगभग 6 करोड़ 72 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। इसके अतिरिक्त आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी से संबंधित कई अन्य शिकायतें भी लंबित हैं, जिनकी जांच की जा रही है।मामले में एक और चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि आरोपी ने पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए खुद को लापता घोषित करवाते हुए थाना सेक्टर-7 पंचकूला में अपनी गुमशुदगी का मुकदमा तक दर्ज करवा रखा था। हालांकि, आर्थिक अपराध शाखा की टीम ने जांच और कार्रवाई के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को आज अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे आगे की पूछताछ और धोखाधड़ी से जुड़े अन्य मामलों की जांच के लिए 5 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पंचकूला पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने स्पष्ट किया है कि प्रॉपर्टी के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर आम नागरिकों की मेहनत की कमाई हड़पने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे आर्थिक अपराधों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आमजन से भी अपील करती है कि प्रॉपर्टी का सौदा करने से पहले सभी दस्तावेजों की अच्छी तरह जांच-पड़ताल करें और किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

