Athrav – Online News Portal
दिल्ली राजस्थान राष्ट्रीय हाइलाइट्स

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने 17 जिलों के लिए ₹6,453 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया


अजीत सिन्हा/नई दिल्ली 
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज राजस्थान के अलवर में राज्य सरकार के ₹6,453 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इस अवसर पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और केन्द्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। अपने संबोधन में केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि अगर हमें 2047 में भारत को पूर्ण विकसित बनाना है तो युवा, गरीब, अन्नदाता और महिला को सशक्त करना होगा। आज यहां किसानों को किसान सम्मान निधि, पशुपालकों के लिए 500 करोड़ रुपए की डेयरी व्यवस्थाएं, युवाओं को नौकरी और माताओं – बहनों के लिए सरस डेयरी के एक्सटेंशन का काम हो रहा है।

अमित शाह ने कहा कि आज अलवर में 3 लाख लीटर दूध प्रोसेसिंग प्लांट का भूमिपूजन हुआ है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इसकी क्षमता बढ़ाकर 5 लाख लीटर कर दी जाएगी। जब 5 लाख लीटर दूध रोजाना गरीब पशुपालक से डेयरी में जाता है और उनके बैंक अकाउंट में पैसा आता है, उससे पूरे परिवार का भाग्य बदलता है।केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि सहकारिता और डेयरी क्षेत्र में ग्रामीण अर्थव्यवस्था, गरीब पशुपालक के जीवन को बदलने और उनकी आने वाली पीढ़ियों के लिए अनेक संभावनाओं के द्वार खोलने की भरपूर क्षमता हैं। हम ज्यादा दूध देने वाली गाय और भैंस की नस्ल को अलवर सहित पूरे राजस्थान के हर घर में पहुंचाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल ने पशुओं का बीमा करने का काम किया है।

शाह ने कहा कि आने वाले दिनों में दूध के उत्पाद के निर्यात की भी संभावनाएं पैदा होंगी।अमित शाह ने कहा कि आज अलवर के अलावा 274 करोड़ रूपए की लागत से भीलवाड़ा, जयपुर, पाली और राजसमंद में सरस डेयरी के चार प्लांट शुरू हो रहे हैं। इसके साथ-साथ, फलोदी, बालोतरा, डीडवाना-कुचामन और प्रतापगढ़ में चार जिला बैंक की भी शुरुआत आज हो रही है। इन सभी बैंकों से शून्य प्रतिशत ब्याज वाला ऋण किसानों को मिलेगा। आज डीबीटी के माध्यम से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का 152 करोड़ रुपए ट्रांसफर हुए हैं और मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत 67 लाख किसानों को ₹1,000 प्रति किसान की दर से ₹667 करोड़ से अधिक दिए गए।

इसके साथ-साथ, आज कुल 6453 करोड़ रूपए की लागत वाले 954 कामों का भी शिलान्यास और भूमिपूजन हुआ है। उन्होंने कहा कि आज सुबह ही चित्तौड़गढ़ में 5500 करोड़ रूपए के कामों की शुरूआत हुई है और अब यहां 6453 करोड़ रूपए के काम शुरू हुए हैं। इस प्रकार, आज एक ही दिन में 11953 करोड़ रूपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन हुआ है।केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि वर्तमान में राजस्थान में 44000 सहकारी समितियां हैं। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि राज्य में एक भी गांव ऐसा न रहे जहां कोऑपरेटिव न हो। शाह ने बताया कि 50 नए गोदाम 2026-27 में बनने हैं, साथ ही 100 MT के 62 और 500 MT के 100 गोदाम पूर्ण हो चुके हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने किसानों और पशुपालकों के लिए हर साल एक योजना घोषित की है। 2014 में गोकुल मिशन, 2015 में कृषि सिंचाई योजना और सोइल हेल्थ कार्ड, 2016 में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और ई-नाम, 2017 में किसान संपदा योजना, 2018 में डेढ़ गुना एमएसपी, 2019 में पीएम किसान सम्मान, 2020 में एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड और मत्स्य संपदा योजना, 2021 में सहकारिता मंत्रालय की स्थापना, 2022 में किसान समृद्धि केंद्र, 2023 में अंतरराष्ट्रीय मिलेट्स वर्ष, 2024 में राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन और 2025 में पीएम धन धान्य कृषि योजना की शुरुआत।

उन्होंने कहा कि 2014 से लेकर 2026 तक एक भी साल ऐसा नहीं गया है जब प्रधानमंत्री मोदी ने किसानों के लिए कोई बड़ी योजना शुरू न की हो।अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी  के नेतृत्व में भारत सरकार ने सबसे अधिक अनाज न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदा है। बाजरे के एमएसपी के मूल्य में 130% वृद्धि, सरसों में 103 प्रतिशत, गेहूं में 84%, कपास में 120 प्रतिशत और ज्वार में 168% की वृद्धि करने का काम प्रधानमंत्री मोदी ने किया है।केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी  का लक्ष्य सहकारिता मंत्रालय के माध्यम से देश के हर गांव को समृद्ध करने का है। सहकार से समृद्धि का सहकारिता का जो मंत्र प्रधानमंत्री मोदी जी ने दिया है, उसे चरितार्थ करते हुए हम हर गांव को समृद्ध बनाएंगे।

Related posts

गुरुग्राम: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज द्वारका एक्सप्रेस -वे का किया उद्घाटन, संबोधन,सीधा लाइव वीडियो देखें

Ajit Sinha

20 लोगों से अब तक 20 लाख रूपए की ठगी करने वाले तीन ठगों को दिल्ली के पीएस बवाना पुलिस ने अरेस्ट किया हैं।

Ajit Sinha

ब्रेकिंग न्यूज़: कांग्रेस पार्टी ने आज यूपी में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए 4 उम्मीदवारों के नाम की लिस्ट जारी किए हैं।

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x