
अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
नई दिल्ली:कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि उत्तराखंड की जनता बदलाव का मन बना चुकी है और आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने यह ऐलान भी किया कि कांग्रेस की सरकार बनने पर रिक्त पदों पर अग्निवीरों की भर्ती की जाएगी और साथ ही प्रदेश में पुरानी पेंशन योजना को भी लागू किया जाएगा।शनिवार को उत्तराखंड के हल्द्वानी में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बढ़ती बेरोजगारी पर भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि देश का पूरा शिक्षा और रोजगार तंत्र तबाह हो चुका है। युवाओं को डिग्रियां तो मिल रही हैं, लेकिन उनके पास रोजगार नहीं है।
भारी भीड़ के बीच खरगे ने दिल्ली में पेपर लीक के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर दमनपूर्वक कार्रवाई का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आदेश पर छात्रों पर पैलेट गन चलाई गई, कीलों और करंट वाली लाठियों तक का इस्तेमाल किया गया। संसद में विपक्ष लगातार 15 दिन से सवाल पूछ रहा है, लेकिन न प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जवाब दे रहे हैं, न गृह मंत्री। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार संसद में जवाब देने से बच रही है, क्योंकि चोर की दाढ़ी में तिनका है।उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की भर्ती परीक्षाओं समेत अन्य भर्तियों का जिक्र करते हुए खरगे ने आरोप लगाया कि पेपर लीक एक उद्योग बन चुका है। भाजपा शासन में सरकारी नौकरियां खुलेआम बिक रही हैं और भर्ती माफिया फल-फूल रहा है। बिना पैसे या भाजपा में मजबूत संबंधों के युवाओं को रोजगार नहीं मिल पा रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष ने अग्निवीर योजना को देश के युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बताया। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत चार साल बाद जवानों को वापस भेज दिया जाता है, जिससे उनका भविष्य अनिश्चित हो जाता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार सेना में पर्याप्त भर्ती नहीं कर रही है, क्योंकि भाजपा-आरएसएस के लोग तो फ़ौज में जाते नहीं हैं। उन्होंने वादा किया कि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने पर सैनिकों के सम्मान और सुरक्षित भविष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सरकारी विभागों में जहां भी रिक्तियां होंगी, वहां अग्निवीरों का समायोजन किया जाएगा। साथ ही हिमाचल प्रदेश की तर्ज पर उत्तराखंड में पुरानी पेंशन योजना को भी लागू किया जाएगा। उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड का उल्लेख करते हुए प्रदेश की चरमराई हुई कानून व्यवस्था को लेकर भी भाजपा सरकार को घेरा। कांग्रेस अध्यक्ष ने मंदिरों में चढ़ावा चोरी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भाजपा-आरएसएस के लोग धर्म के नाम पर लूट मचा रहे हैं। केदारनाथ धाम हो, बद्रीनाथ धाम हो या श्रीराम मंदिर, हर जगह लूट की जा रही है। उन्होंने कहा कि मंदिरों से चढ़ावा चोरी करने वाले भाजपा-आरएसएस के लोग दूसरों को भगवान का विरोधी कहते हैं। भाजपा-आरएसएस पर निशाना साधते हुए खरगे ने आगे कहा कि देश की आजादी में जिनका कोई योगदान नहीं रहा, वे आज कांग्रेस को देशभक्ति का पाठ पढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा-आरएसएस के लोग अंग्रेजों की शरण में जाकर उनके चरणों में बैठ गए थे। असली देशभक्त कांग्रेस के लोग हैं, जिन्होंने हमेशा देशहित में काम किया और लोकतंत्र व संविधान की रक्षा की है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की सराहना करते हुए खरगे ने कहा कि देश के संविधान को बचाने के लिए वे कन्याकुमारी से कश्मीर तक पैदल चले और हमेशा जनता के बीच जाते हैं। उन्होंने पूछा कि क्या भाजपा में कोई ऐसा नेता है, जो जनता के बीच जाता है? कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्र और उत्तराखंड की सरकार पर कटाक्ष करते हुए यह भी कहा कि भाजपा का डबल इंजन खुद फेल है, अब वो ई-20 से लोगों की गाड़ियों का इंजन भी खराब कर रहा है। अंत में खरगे ने कहा कि कमल का फूल अब मुरझाने लगा है और जनता से उत्तराखंड की प्रगति के लिए कांग्रेस की सरकार बनाने का आह्वान किया। इस दौरान उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, हरक सिंह रावत, करण माहरा, गुरदीप सप्पल, काजी निजामुद्दीन, प्रकाश जोशी, कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश, भुवन कापड़ी, संजीव आर्य आदि वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

