
अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
चंडीगढ़:आगामी स्वतंत्रता दिवस, कांवड़ यात्रा, रक्षाबंधन और जन्माष्टमी के मद्देनज़र हरियाणा पुलिस ने पूरे प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पुलिस मुख्यालय की ओर से सभी पुलिस आयुक्तों, जिला पुलिस अधीक्षकों तथा संबंधित अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, किसी भी संभावित खतरे से प्रभावी ढंग से निपटने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।निर्देशों के अनुसार सभी जिलों में पर्याप्त पुलिस बल को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पहले से तैयार रखा जाएगा। जरूरत पड़ने पर अन्य ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को भी तुरंत कानून-व्यवस्था की ड्यूटी में लगाया जाएगा। सभी जिलों में पुलिस बल नियमित रूप से दंगा नियंत्रण (एंटी-रायट) अभ्यास करेगा, ताकि किसी भी चुनौतीपूर्ण स्थिति का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके। पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को वाटर कैनन, वज्र वाहन, ड्रोन, एम्बुलेंस, जेसीबी, क्रेन और अन्य जरूरी पुलिस संसाधनों की पहले से जांच कर उन्हें पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा अन्य जरुरी उपकरणों और गश्ती वाहनों की भी अच्छी तरह जांच कर उन्हें हर समय इस्तेमाल के लिए तैयार रखने को कहा गया है।
प्रदेश के सभी जिलों को खुफिया तंत्र को और अधिक सक्रिय करने तथा आईबी, सीआईडी और अन्य केंद्रीय एवं राज्य एजेंसियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। संभावित संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाएंगे। साथ ही संभावित आंदोलन, सांप्रदायिक तनाव अथवा अन्य कानून-व्यवस्था संबंधी चुनौतियों पर लगातार निगरानी रखने के लिए स्थानीय स्तर पर सूचनाएं एकत्र करने के निर्देश भी दिए गए हैं। पुलिस मुख्यालय ने कहा है कि दिल्ली और पंजाब से सटे होने के कारण हरियाणा सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील राज्य है। इसलिए सभी जिलों को पर्याप्त सुरक्षा बल की अग्रिम तैनाती करने तथा किसी भी आतंकी या असामाजिक गतिविधि को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।सभी जिलों को अपने क्षेत्र में रहने वाले बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन अभियान तेज करने, संवेदनशील स्थानों पर चेकिंग प्वाइंट की संख्या बढ़ाने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा गया है। इसके अलावा महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिष्ठानों, शैक्षणिक संस्थानों, धार्मिक स्थलों तथा संवेदनशील व्यक्तियों के आवासों की सुरक्षा व्यवस्था का अग्रिम आकलन कर आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएंगे। स्वतंत्रता दिवस समारोहों के दौरान सभी उपमंडलों में आयोजित कार्यक्रमों में वीआईपी और आमजन की सुरक्षा के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी। वहीं जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिरों तथा धार्मिक आयोजनों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। रक्षाबंधन के दौरान बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और टैक्सी स्टैंडों पर महिलाओं की अधिक आवाजाही को देखते हुए विशेष सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों तथा रेलवे यातायात को किसी भी स्थिति में बाधित न होने देने के लिए प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन करने को कहा गया है।पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को शांति समितियों की बैठकें पहले से आयोजित करने, जिला प्रशासन, रेलवे, सेना, वायु सेना, एनएचएआई, राजस्व, स्वास्थ्य, अग्निशमन, परिवहन, नगर निकाय तथा अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर संयुक्त कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। आवश्यकता पड़ने पर ड्यूटी मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति और निषेधाज्ञा लागू करवाने के लिए जिला प्रशासन के साथ भी समन्वय रखने को कहा गया है। स्थानीय पुलिस अधिकारियों को परिस्थितियों और कानून के अनुरूप त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted

