Athrav – Online News Portal
अपराध चंडीगढ़ फरीदाबाद हरियाणा

हरियाणा पुलिस के स्निफर डॉग्स बने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी ताकत, छह माह में 48 मामलों का सफल खुलासा.


अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
चंडीगढ़: हरियाणा सरकार के नशा मुक्त हरियाणा अभियान में हरियाणा पुलिस के प्रशिक्षित स्निफर डॉग्स नशा तस्करों के खिलाफ सबसे प्रभावी हथियार बनकर उभरे हैं। वर्ष 2026 की पहली छमाही (1 जनवरी से 30 जून) के दौरान हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (HSNCB) एवं जिला पुलिस की संयुक्त टीमों ने  रेड एवं सर्च ऑपरेशन चलाकर स्निफर डॉग्स की सहायता से 48 एनडीपीएस मामलों में बड़ी मात्रा में चिट्टा (हेरोइन), स्मैक, गांजा, चरस, अफीम, डोडा पोस्त, चूरा पोस्त तथा अन्य मादक पदार्थों की बरामदगी की। इन अभियानों में बोल्ट (HK 132) ने सर्वाधिक 15, रैम्बो (HK 133) ने 14 तथा रोमियो (HK 131) ने 12 मामलों में भाग लेकर सबसे प्रभावशाली प्रदर्शन किया। विशेष रूप से रैम्बो की सहायता से 5 क्विंटल 50 किलोग्राम 300 ग्राम डोडा पोस्त की सबसे बड़ी बरामदगी की गई। इन तीनों स्निफर डॉग्स की असाधारण सूंघने की क्षमता और डॉग हैंडलर्स के साथ उनके बेहतरीन तालमेल ने नशा तस्करों के खिलाफ हरियाणा पुलिस की कार्रवाई को नई धार प्रदान की है।
हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि नशा तस्करी समाज और विशेषकर युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है। हरियाणा के मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार हरियाणा पुलिस नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस के प्रशिक्षित स्निफर डॉग्स और उनके डॉग हैंडलर्स इस अभियान की मजबूत कड़ी हैं। स्निफर डॉग्स की असाधारण सूंघने की क्षमता, आधुनिक प्रशिक्षण और पुलिस टीमों के साथ उनका बेहतर समन्वय मादक पदार्थों की बरामदगी तथा नशा तस्करों तक पहुंचने में अत्यंत प्रभावी साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक, खुफिया सूचनाओं और विशेषज्ञ संसाधनों के प्रभावी उपयोग से हरियाणा पुलिस नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में निरंतर कार्रवाई कर रही है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी सूचना को तुरंत पुलिस के साथ हेल्पलाइन नंबर-905089 1508  साझा करें, ताकि “नशा मुक्त हरियाणा” के संकल्प को जनसहभागिता के माध्यम से साकार किया जा सके।अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, हरियाणा राज्य नारकोटिक्स नियंत्रण ब्यूरो संजय कुमार ने बताया कि हरियाणा पुलिस के डॉग स्क्वॉड की प्रभावशीलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्रशिक्षित स्निफर डॉग्स की सहायता से हर वर्ष बहुत सारे एनडीपीएस मामलों में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की जाती रही है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम डॉग स्क्वॉड के साथ मौके पर पहुंचती है, जहां स्निफर डॉग्स वाहन, मकान, गोदाम, खेत अथवा अन्य स्थानों पर बेहद चतुराई से छिपाकर रखे गए मादक पदार्थों का सटीक पता लगाकर पुलिस कार्रवाई को सफल बनाते हैं। कई मामलों में इनकी सहायता से नशा तस्करों के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने में भी सफलता मिली है।वर्ष 2026 के पहले छह महीनों के दौरान स्निफर डॉग्स की सहायता से चिट्टा (हेरोइन), स्मैक, गांजा, चरस, डोडा पोस्त, चूरा पोस्त, अफीम तथा अन्य मादक पदार्थों की कई बड़ी खेप बरामद की गईं। प्रमुख बरामदगियों में आदमपुर से 5 क्विंटल 50 किलोग्राम 300 ग्राम डोडा पोस्त, फतेहाबाद से 10.160 किलोग्राम डोडा पोस्त, फरीदाबाद से 6.56 किलोग्राम गांजा, 4.735 किलोग्राम डोडा पोस्त, 3.790 किलोग्राम डोडा पोस्त, 3.50 किलोग्राम गांजा, 1.2 किलोग्राम गांजा, 105.08 ग्राम चरस सहित हेरोइन एवं अन्य मादक पदार्थों की कई महत्वपूर्ण बरामदगियां शामिल हैं। इन सफल अभियानों में हिसार, फतेहाबाद, सिरसा (डबवाली), गुरुग्राम, फरीदाबाद, भिवानी, कुरुक्षेत्र, हिसार जीआरपी सहित अनेक जिलों की पुलिस तथा HSNCB की टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। प्रशिक्षित स्निफर डॉग्स बोल्ट, रैम्बो, रोमियो, जग्गा, जैक, शेरू, टॉम, ब्रूनो, जिमी, राजा, जेसिफर, मैक्स, माही और चार्ली ने अपनी असाधारण सूंघने की क्षमता से वाहनों, मकानों, गोदामों और अन्य स्थानों पर छिपाकर रखे गए मादक पदार्थों का सटीक पता लगाकर पुलिस कार्रवाई को सफल बनाया।हिसार डॉग स्क्वॉड यूनिट ने वर्ष 2026 की पहली छमाही में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए सबसे अधिक मामलों में सफलता हासिल की। यूनिट के प्रशिक्षित स्निफर डॉग बोल्ट ने रेड एवं सर्च ऑपरेशन में भाग लेकर 15 एनडीपीएस मामलों में  सबसे अधिक सफलता दिलाई। रैम्बो ने 14 मामलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और उसकी सहायता से 5 क्विंटल 50 किलोग्राम 300 ग्राम डोडा पोस्त की सबसे बड़ी बरामदगी हुई। वहीं रोमियो ने 12 एनडीपीएस मामलों में सहायता करते हुए चिट्टा, गांजा तथा अन्य मादक पदार्थों की बरामदगी में अहम योगदान दिया। इन आंकड़ों के अनुसार बोल्ट, रैम्बो और रोमियो वर्ष 2026 की पहली छमाही में हरियाणा पुलिस के सबसे अधिक सक्रिय और सफल स्निफर डॉग्स रहे। इन अभियानों की सफलता के पीछे डॉग हैंडलर्स की मेहनत और समर्पण भी उतना ही महत्वपूर्ण रहा। सिपाही अनिल, सुनील, रीत, प्रदीप, विकास और रविंदर ने अपने प्रशिक्षित स्निफर डॉग्स के साथ उत्कृष्ट समन्वय स्थापित करते हुए अनेक महत्वपूर्ण ऑपरेशनों को सफल बनाया। डॉग हैंडलर्स और स्निफर डॉग्स के बीच मजबूत तालमेल के कारण नशा तस्करों द्वारा अत्यंत चतुराई से छिपाए गए मादक पदार्थों का भी सटीक पता लगाया जा सका।ब्रिगेडियर (सेवानिवृत) संदीप सिंह कश्यप ने बताया कि हरियाणा पुलिस के डॉग स्क्वॉड में शामिल प्रत्येक स्निफर डॉग और उसके हैंडलर को आधुनिक एवं वैज्ञानिक तकनीकों के आधार पर विशेष प्रशिक्षण दिया जाता है। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें विभिन्न प्रकार के मादक पदार्थों की पहचान, संदिग्ध स्थानों की तलाशी, साक्ष्यों की सुरक्षा तथा ऑपरेशन के दौरान अनुशासित ढंग से कार्य करने का अभ्यास कराया जाता है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद इन्हें आवश्यकता के अनुसार पूरे प्रदेश में विभिन्न अभियानों में तैनात किया जाता है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की नशा मुक्त हरियाणा मुहिम के तहत नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षित मानव संसाधन और स्निफर डॉग्स के समन्वित उपयोग से नशा तस्करी के नेटवर्क पर लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। हरियाणा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी नशा तस्करी या मादक पदार्थों की बिक्री की सूचना मिले तो तुरंत स्थानीय पुलिस, हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के हेल्पलाइन नंबर – 9050891508 अथवा डायल-112 पर इसकी सूचना दें। नागरिकों की सक्रिय भागीदारी और पुलिस की सतत कार्रवाई से ही “नशा मुक्त हरियाणा” का संकल्प साकार किया जा सकता है।

Related posts

फरीदाबाद ब्रेकिंग: फरीदाबाद के 11 और गुरुग्राम पुलिस के 5 पुलिसकर्मी हुए सेवानिवृत्त, विदाई पार्टी आयोजित की गई।

Ajit Sinha

क्राइम ब्रांच ने एक हथियार सप्लायर को 12 पिस्तौल और 24 जिन्दा कारतूस सहित गिरफ्तार किया हैं।  

Ajit Sinha

पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति राजन गुप्ता ने कहा कि युवा अधिवक्ता ही न्याय प्रणाली का भविष्य हैं।

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x